रंगोली पर गलती से पड़ा पैर, फिर डिलीवरी एजेंट ने किया कुछ ऐसा, CCTV वीडियो देख खुश हो गई महिला

दिवाली हो या कोई दूसरा त्योहार, घर के दरवाजे पर रंगोली बनाने का अलग ही क्रेज होता है. लोग अपने हाथों से घंटों मेहनत करके रंगों से खूबसूरत डिजाइन तैयार करते हैं. ऐसे में अगर किसी का पैर गलती से रंगोली पर पड़ जाए और पूरी मेहनत खराब हो जाए, तो गुस्सा आना लाजमी है. लेकिन मुंबई में एक महिला के साथ हुई घटना ने इस सोच को थोड़ा बदल दिया. यहां फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी एजेंट से गलती से रंगोली खराब हो गई. हालांकि, अपनी गलती का एहसास होने पर उसने जो किया, उसे देखकर महिला भी हैरान रह गई. अब इस घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
यह पूरा मामला मुंबई की रहने वाली दृष्टि का है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घर के बाहर लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग शेयर की है. वीडियो में देखा जा सकता है कि फ्लिपकार्ट का एक डिलीवरी एजेंट पार्सल लेकर उनके घर पहुंचता है. वह दरवाजे की घंटी बजाता है और फिर अपने फोन में कुछ देखने लगता है. कुछ देर बाद घर से महिला बाहर आती हैं और उससे पार्सल लेकर वापस अंदर चली जाती हैं. इसके बाद डिलीवरी एजेंट भी वहां से लौटने लगता है. लेकिन इसी दौरान उसका पैर दरवाजे के पास बनी खूबसूरत रंगोली पर पड़ जाता है. इससे रंगोली का कुछ हिस्सा बिगड़ जाता है. शायद आगे बढ़ने के बाद उसे अपनी इस गलती का एहसास हुआ. इसके बाद उसने ऐसा काम किया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी.
CCTV फुटेज ने जीता लोगों का दिल
CCTV फुटेज में आगे दिखता है कि डिलीवरी एजेंट वापस रंगोली के पास आता है और वहीं बैठ जाता है. इसके बाद वह अपने हाथों से बिगड़े हुए डिजाइन को ठीक करने लगता है. वह काफी ध्यान से रंगोली के खराब हिस्से को दोबारा बनाने की कोशिश करता है. इतना ही नहीं, वह कुछ देर तक वहीं बैठकर डिजाइन को पहले जैसा करने में लगा रहता है. काफी मेहनत के बाद जब उसे लगता है कि रंगोली ठीक हो गई है, तब वह वहां से चला जाता है. इस पूरे मामले में सबसे अच्छी बात यह रही कि महिला ने उससे रंगोली ठीक करने के लिए कुछ भी नहीं कहा था. डिलीवरी एजेंट ने खुद अपनी गलती समझी और बिना किसी के कहे उसे सुधारने की कोशिश की. उसका यह छोटा-सा कदम अब लोगों को काफी पसंद आ रहा है.
दृष्टि ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि उन्होंने रंगोली बनाने में काफी समय लगाया था. उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि गलती से रंगोली खराब करने वाला डिलीवरी एजेंट खुद उसे ठीक करने के लिए रुक जाएगा. जब वह बाद में घर लौटीं और उन्हें रंगोली का डिजाइन थोड़ा बदला हुआ दिखाई दिया, तो उन्हें कुछ अजीब लगा. इसके बाद उन्होंने घर के बाहर लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी. फुटेज में डिलीवरी एजेंट को रंगोली ठीक करते देखकर वह काफी भावुक और खुश हो गईं. उन्होंने डिलीवरी एजेंट का आभार जताते हुए कहा कि उसने बिना किसी के कहे अपनी गलती सुधारने के लिए समय निकाला. उनके लिए यह छोटी-सी बात भी बहुत मायने रखती है. दृष्टि के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट की इस प्यारी कोशिश ने उनका पूरा दिन बना दिया.
यह भी पढ़ें: डिग्री, अनुभव और इंटरव्यू सब पास, फिर भी नौकरी नहीं! Reddit पर छलका बेरोजगार शख्स का दर्द
उन्होंने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @drashtiisthisyouu पर शेयर किया है. पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. खबर लिखे जाने तक वीडियो को करीब 38 लाख बार देखा जा चुका है, जबकि 2 लाख से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें
(@drashtiisthisyouu) द्वारा साझा की गई पोस्ट



