Ramayana: दशानन को रावण बनाने वाली मां… जानिए कौन हैं फिल्म में कैकेसी बनीं नेशनल अवॉर्ड विनर शोभना

Ramayana Actress Shobana: बड़े पर्दे पर रिलीज हुई रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी की महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ के सीन्स, निर्देशन और स्टारकास्ट की परफॉर्मेंस की खूब तारीफें हो रही हैं. लेकिन इन सबके बीच जिस एक किरदार ने फिल्म की शुरुआत में ही दर्शकों पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है, वो है रावण की मां कैकेसी का दमदार रोल. साउथ की दिग्गज एक्ट्रेस और प्रख्यात भरतनाट्यम नृत्यांगना शोभना ने इस पौराणिक पात्र को जिस शिद्दत के साथ पर्दे पर उतारा है, उसने पूरी कहानी का आधार तय कर दिया है.
फिल्म ‘रामायण‘ की शुरुआत ही शोभना यानी मां कैकेसी के उस शक्तिशाली ट्रैक से होती है, जो लंका और रावण के साम्राज्य की नींव रखता है. फिल्म में दिखाया गया है कि जब भगवान विष्णु के वरदान के कारण देवराज इंद्र युद्ध जीत जाते हैं, तो दानवों और असुरों को पराजित होकर पाताल लोक में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है. अपने वंश के इस अपमान और हार का बदला लेने के लिए कैकेसी एक दूरदर्शी योजना बनाती हैं. वो जानती थीं कि असुरों की शक्ति को अगर ब्रह्मज्ञान और आध्यात्मिक तपोबल का साथ मिल जाए, तो उन्हें कोई पराजित नहीं कर सकता. इसी सोच के साथ कैकेसी एक महान ब्राह्मण (महर्षि विश्रवा) से विवाह करती हैं, ताकि जन्म लेने वाली संतान में असुरों की असीम शक्ति और ब्राह्मणों का तेज व ज्ञान दोनों मौजूद हो.
कला प्रेमी दशानन से महाप्रतापी रावण तक का सफर
फिल्म में कैकेसी के चरित्र का सबसे महत्वपूर्ण और भावनात्मक पहलू उनका अपने पुत्र दशानन पर प्रभाव है. शुरुआत में दशानन एक बेहद कोमल हृदय, संगीत और कला प्रेमी युवक के रूप में दिखाई देता है. लेकिन कैकेसी अपने बेटे के अंदर सोई हुई असीम शक्तियों को पहचानती हैं. वो अपने पुत्र को केवल कला तक सीमित न रहकर देवों की कठिन तपस्या करने और अमर शक्ति अर्जित करने के लिए प्रेरित करती हैं.
एक्ट्रेस शोभना
कैकेसी की मार्गदर्शन का ही नतीजा होता है कि दशानन महाशिवभक्त और महाप्रतापी रावण के रूप में उभरता है. शोभना ने एक महत्वाकांक्षी, नीति कुशल और पुत्र को शक्ति का पर्याय बनाने वाली मां के इस किरदार को अपनी स्क्रीन प्रेजेंस से बेहद प्रभावशाली बना दिया है.
कौन हैं कैकेसी का किरदार निभाने वाली शोभना?
साउथ सिनेमा में ‘शोभना’ किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. अपनी दमदार एक्टिंग और क्लासिकल डांस के लिए जानी जाने वाली शोभना भारतीय सिनेमा का एक बेहद मशहूर नाम हैं. कला और सिनेमा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें साल 2006 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से नवाजा था. शोभना को दो बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है. उन्हें 1993 में कल्ट मलयालम फिल्म ‘मणिचित्राथजु’ और 2001 में ‘मित्र, माई फ्रेंड’ के लिए यह सम्मान मिला था.
ये भी पढ़ें-
रणबीर की रामायण से बेटी राहा का बॉलीवुड में डेब्यू, राम-सीता और लक्ष्मण संग की शूटिंग
हनुमान अंश सिंगर सुनील लोधी की जिंदगी में लौटेगा उजाला! आंखों का इलाज शुरू, हुए इमोशनल, नया पोस्ट वायरल
चार दशकों से अधिक लंबे करियर में शोभना ने मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं की 230 से अधिक फिल्मों में काम किया है. उन्हें रजनीकांत के साथ फिल्म ‘थलपति’ और ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी बड़ी फिल्मों के लिए भी जाना जाता है. अब उन्होंने ‘रामायण’ दमदार अभिनय का लोह मनवाया है.




