‘तुम बहुत स्लो हो…’ कहकर मालिक ने पहली ही शिफ्ट में वेटर को निकाला, यूजर्स ने सुनाई अपनी-अपनी दर्दनाक कहानी

अक्सर नई नौकरी मिलने की खुशी इतनी ज्यादा होती है कि इंसान पहले दिन पूरे जोश के साथ काम पर जाता है. लेकिन सोचिए, अगर आपकी पहली ही शिफ्ट शुरू हुए महज दो घंटे हुए हों और बॉस आकर आपको बाहर का रास्ता दिखा दे, तो कैसा लगेगा? कुछ ऐसा ही अजीबोगरीब वाकया एक रेस्टोरेंट वर्कर के साथ हुआ है, जिसकी कहानी अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है.
इस शख्स ने मशहूर प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर ‘r/recruitinghell’ नाम के पेज पर अपना यह कड़वा एक्सपीरियंस शेयर किया है. ‘2 घंटे बाद नौकरी से निकाल दिया गया’ टाइटल के साथ उसने बताया कि उसने एक रेस्टोरेंट में वेटर की पोस्ट के लिए इंटरव्यू दिया था. इंटरव्यू के दौरान रेस्टोरेंट के मालिक ने उसकी खूब तारीफ की और कहा कि वह इस काम के लिए बिल्कुल परफेक्ट है, लेकिन असली झटका तब लगा जब वह अपनी पहली शिफ्ट पर पहुंचा. काम शुरू किए अभी सिर्फ 2 घंटे ही बीते थे कि मालिक ने उसे यह कहकर जाने को कह दिया कि वह काम सीखने में बहुत ज्यादा ‘स्लो’ है.
दोहरी नीति पर भड़के लोग
जैसे ही यह पोस्ट इंटरनेट पर आई, लोगों के रिएक्शंस की बाढ़ आ गई. ज्यादातर यूजर्स इस बात से हैरान थे कि आखिर कोई मालिक महज 120 मिनट में किसी नए कर्मचारी की काबिलियत का फैसला कैसे कर सकता है. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि जब 6 महीने बाद इनका रेस्टोरेंट बंद होगा, तो यही मालिक रोना रोएंगे कि आजकल कोई काम ही नहीं करना चाहता.
इस पोस्ट के बाद कई अन्य लोगों ने भी ट्रायल शिफ्ट के अपने बुरे अनुभव साझा किए. एक यूजर ने बताया कि उसे एक बड़े और महंगे रेस्टोरेंट में ट्रायल के लिए बुलाया गया था. वहां उसे साफ हिदायत दी गई कि वह न तो ऑर्डर ले और न ही किसी टेबल के पास जाए, क्योंकि उसे अभी मेन्यू की जानकारी नहीं थी. जब वह चुपचाप खड़ा रहा, तो महज 45 मिनट बाद ही मैनेजर ने यह कहकर उसे घर भेज दिया कि वह 5 मिनट से बस खाली खड़ा था. यूजर ने लिखा कि अच्छा ही हुआ जो पहले ही दिन इनका असली चेहरा सामने आ गया.
एक अन्य शख्स ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर दो घंटे में ऐसा क्या कर दिया था? क्या मालिक की डेस्क पर कुछ गड़बड़ कर दी थी? वहीं, एक यूजर को मशहूर टीवी शो ‘अंडरकवर बॉस’ का एक एपिसोड याद आ गया, जिसमें खुद कंपनी के सीईओ को धीमा काम करने की वजह से पहले ही दिन निकाल दिया गया था.
यह भी पढ़ें: पहले रोका ट्रैफिक, फिर कार के नीचे से निकाली बिल्ली, शख्स का अनोखा रेस्क्यू देखकर भावुक हुए लोग
कई लोगों का मानना था कि मालिक का यह रवैया बिल्कुल गलत था. एक यूजर ने लिखा कि किसी नए इंसान को निकालने के बजाय मालिक उसे साइड में ले जाकर समझा सकता था, काम की रफ्तार बढ़ाने को कह सकता था या पूछ सकता था कि उसे कहां दिक्कत आ रही है.
यहां देखिए पोस्ट
Fired after 2 hours
by
u/Playful-Care-243 in
recruitinghell




