ITEP वाले भी दे सकेंगे CTET और STET, एलिजिबिलिटी शर्तों में होगा बदलाव, NCTE ने समीक्षा के लिए बनाई कमेटी

नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (NCTE) सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (CTET) और स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (STET) के एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया में बदलाव करेगा. NCTE ने मौजूदा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) के लिए जारी दिशा निर्देशों की समीक्षा करने और ITEP ग्रेजुएट्स को इसमें शामिल करने के लिए जरूरी बदलावों का सुझाव देने के उद्देश्य से एक एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया है. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ITEP स्टूडेंट्स का पहला बैच एकेडमिक सेशन 2027-28 में पास आउट होने जा रहा है. हालांकि NCTE ने चार वर्षीय ITEP को मान्यता दी हुई है, लेकिन मौजूदा TET दिशानिर्देशों में इसे स्पष्ट रूप से एलिजिबलिटी के रूप में शामिल नहीं किया गया है. असल में शिक्षण पदों पर नियुक्ति के लिए संबंधित TET पास करना एक अनिवार्य शर्त है.
आइए, विस्तार से पूरा मामला जानते हैं. ITEP के बारे में जानेंगे. इसके साथ NCTE की तरफ से गठित कमेटी के बारे में भी जानेंगे. इसके साथ ही प्रस्तावित बदलावों के बारे में भी जानेंगे.
12वीं के बाद किया जा सकता है ITEP, बीएड के समकक्ष
इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP) को नई शिक्षा नीति 2020 के तहत शुरू किया गया है. इस 4 साल के ग्रेजुएशन कोर्स 12वीं के पास किया जा सकता है, जो मौजूदा समय में ग्रेजुएशन के बाद किए जाने वाले दो वर्षीय बीएड के समकक्ष है. मौजूदा समय में 409 हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स को ITEP कराने की मान्यता दी गई है, जिनमें कुल 777 यूनिट्स के जरिए 38,850 स्टूडेंट्स को एडमिशन दिया जा सकता है. NCTE ने इस कोर्स को टीचिंग कोर्स के तौर पर तो मान्यता दी हुई है, लेकिन CTET और STET में शामिल होने के लिए इसे मान्यता नहीं मिली है. ऐसे में NCET अब CTET और STET एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया में बदलाव करने जा रहा है.
कमेटी में कौन-कौन है?
NCTE की तरफ से गठित कमेटी की अध्यक्षता डीयू सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (CIE) के पूर्व प्रमुख, प्रोफेसर चंद किरण सलूजा करेंगे. तो वहीं NCERT, KVS, शिक्षा मंत्रालय, NCTE और CBSE के प्रतिनिधियों को कमेटी में शामिल किया है.
कमेटी इन मुद्दों की करेगी समीक्षा
NCTE की तरफ से गठित कमेटी CTET और STET के मौजूदा एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया की समीक्षा करेगी. इसके साथ ही कमेटी ऐसे बदलावों का सुझाव देगी, जिससे ITEP ग्रेजुएट्स CTET और CTET एग्जाम में शामिल हो सकें. इसके लिए CTET और STET से जुड़े मौजूदा प्रावधानों की भी समीक्षा की जाएगी. साथ ही, जहां भी जरूरी होगा, वहां ITEP के अनुरूप बदलावों का सुझाव भी देगा.




