प्रदूषण का कहर देख Astrotalk कंपनी ने खोला ‘खजाना’, कर्मचारियों को दिया ऐसा गिफ्ट कि सब रह गए हैरान

दिल्ली-NCR समेत देश के कई शहरों दीवाली में बढ़ता एयर पॉल्यूशनलोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. सुबह घर से निकलने से लेकर शाम को वापस लौटने तक लोगों को जहरीली हवा का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में सेहत को लेकर चिंता बढ़ना लाजिमी है. खासकर उन लोगों के लिए जो रोजाना कई घंटे घर से बाहर रहते हैं या ऑफिस में काम करते हैं. इसी बीच नोएडा की कंपनी Astrotalk ने अपने कर्मचारियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा कदम उठाया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है.
दरअसल, कंपनी ने अपने कर्मचारियों को एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 1,000 एयर प्यूरीफायर गिफ्ट किए हैं. कंपनी के इस फैसले का मकसद कर्मचारियों को बढ़ते एयर पॉल्यूशन के बीच राहत देना और उनकी सेहत का ख्याल रखना है. आज के समय में जब प्रदूषण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है, तब कंपनी की यह पहल काफी खास मानी जा रही है.
कर्मचारियों को दिया सेहत का तोहफा
आमतौर पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बोनस, गिफ्ट वाउचर या दूसरे तरह के तोहफे देती हैं. लेकिन Astrotalk ने इस बार कुछ अलग करने का फैसला किया. कंपनी ने अपने कर्मचारियों को एयर प्यूरीफायर देकर यह दिखाने की कोशिश की कि उनके लिए कर्मचारियों की सेहत भी उतनी ही जरूरी है जितना उनका काम.
कंपनी की इस पहल की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि एयर प्यूरीफायर आज के प्रदूषण भरे माहौल में एक उपयोगी चीज बन चुका है. खासकर दिल्ली-NCR जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए साफ हवा किसी बड़ी राहत से कम नहीं है. प्रदूषण का असर सिर्फ बाहर निकलने पर ही नहीं, बल्कि घर और ऑफिस के अंदर भी महसूस किया जा सकता है. ऐसे में एयर प्यूरीफायर लोगों को घर के अंदर हवा की गुणवत्ता बेहतर रखने में मदद कर सकता है.
यह भी पढ़ें: हाथ में धनिया, साथ में मूली और चेहरे पर कॉन्फिडेंस! वसई के फैशन शो ने मचाया धमाल
Astrotalk के इस फैसले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स कंपनी की इस पहल की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. लोगों का कहना है कि कर्मचारियों से सिर्फ काम करवाना ही किसी कंपनी की जिम्मेदारी नहीं होती, बल्कि उनकी सेहत और सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है. कई यूजर्स इस कदम को दूसरी कंपनियों के लिए भी एक अच्छा उदाहरण बता रहे हैं. उनका मानना है कि जब कोई कंपनी अपने कर्मचारियों की जरूरतों को समझते हुए इस तरह की पहल करती है, तो इससे कर्मचारियों का भरोसा और जुड़ाव भी बढ़ता है.




