मनोरंजन

हर हिंदुस्तानी के खून में राम हैं…जावेद अख्तर के बयान पर विवाद, मौलाना साजिद रशीदी बोले- घर वापसी कर लो

गीतकार जावेद अख्तर ने मंगलवार को एक इवेंट में फिल्म ‘रामायण’ और भगवान राम पर बात की. उन्होंने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वो एक आइडिया हैं और जिंदगी को जीने का तरीका हैं. इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम हैं. अब जावेद अख्तर की इसी बात पर विवाद शुरू हो गया है. ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के प्रेजिडेंट मौलाना साजिद रशीदी ने जावेद अख्तर पर निशाना साधा और उन्हें घर वापसी करने तक की सलाह दे दी है. उन्होंने जावेद अख्तर को एक बिजनेसमैन कहा.

जावेद अख्तर मंगलवार को मुंबई में एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उनसे ‘रामायण’ समेत कई मुद्दों पर सवाल किए गए. इस दौरान जावेद अख्तर ने एक सवाल पर कहा, “राम सिर्फ एक व्यक्ति की बात नहीं है. राम एक आइडिया हैं, राम एक नैतिकता हैं, राम जीने का तरीका हैं…तो वो जो हैं, जब आप उस पैमाने पर देखें, समझें और तारीफ करें, तो कहीं दिल को छूएगा. राम जो हैं, बहुत से लोग शायद मेरी बात सुनकर नाराज भी होंगे, हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं. उसका कोई भी मजहब हो, उसके खून में राम हैं. वो सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, वो उससे बहुत बड़े हैं. वो जिंदगी जीने का तरीका हैं.”

जावेद अख्तर पर भड़के साजिद रशीदी

मौलाना साजिद रशीदी ने जावेद अख्तर पर निशाना साधते कहा, “जावेद अख्तर एक बिज़नेसमैन हैं. बॉलीवुड में उनके गाने बिकते हैं. जब तक वो इस तरह की बातें नहीं करेंगे, उनके गानों को खरीदेगा कौन? वो कई बार कह चुके हैं कि मैं नास्तिक हूं. मैं किसी धर्म को नहीं मानता. मुफ्ती शमाइल नदवी के साथ में उनकी एक डिबेट भी वायरल हुई थी. वहां भी उन्होंने यही कहा कि मैं अल्लाह को, राम को नहीं मानता. यानी गॉड है ही नहीं.”

साजिद रशीदी ने जावेद अख्तर को सलाह देते हुए कहा, “जो आदमी नास्तिक है और राम में इतनी आस्था दिखा रहा है तो मेरी उनको ये सलाह है कि आप घर वापसी कर लो, और अपना नाम जावेद अख्तर की जगह रामपाल कर लो. अच्छा लगेगा. ताकी 80 फीसदी हिंदू आपको पूरा सम्मान दें. अभी तो आप थाली के बैंगन हैं. कभी इधर कभी उधर. नाम आपका मुसलमान, बात आप करते हैं हिंदू की. इसलिए आपको स्ट्रेट फोरवर्ड एक जगह आ जाना चाहिए, ताकि उधर के लोग फिर पूरा आपका सम्मान करें.”

जावेद अख्तर की बेटी को पसंद आई ‘रामायण’

इस दौरान जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने अभी तक रामायण नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी (जोया अख्तर) ने देखी है और बहुत तारीफ की है. उन्होंने कहा कि वो बड़ी मुश्किल से तारीफ करती है. मैंने अपनी तारीफ उससे कभी नहीं सुनी. उन्होंने कहा कि मैं भी फिल्म जरूर देखूंगा.

Related Articles

Back to top button