मनोरंजन

2 साल से नहीं नहाए, भाई ने भी किया किनारा, हेमा चौधरी ने बताई शरद कपूर की हालत

बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर की दोस्त और खुद को उनका अभिभावक बताने वाली हेमा चौधरी ने हाल ही में एक्टर की हालत को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने ‘बॉलीवुड कट अनकट’ पॉडकास्ट में बताया कि उन्होंने शरद को किस हालत में देखा था. हेमा मुंबई की एक बिल्डिंग में कुत्तों को बचाने के लिए पहुंची थीं. वह ‘बेजुबान ट्रस्ट’ नाम से एक डॉग रेस्क्यू ऑर्गनाइजेशन चलाती हैं. इसी दौरान उनकी मुलाकात शरद कपूर से हुई. उन्होंने शरद के कमरे का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उनके रहने की बेहद खराब हालत दिखाई दे रही थी. इसके साथ ही उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से एक्टर की मदद करने की अपील की.

हेमा ने बताया कि उस समय तक शायद शरद को काम मिलना बंद हो गया था. उन्होंने कहा, “जब मैंने उनके भाई से बात की, तो उन्होंने बताया कि शरद अपने छोटे भाई को लेने के लिए उनके पास आए थे. जब मैंने दोबारा उनके भाई को फोन करने की कोशिश की, तो उन्होंने मेरी बात को कोई अहमियत नहीं दी. मैंने उनसे कहा कि शरद को उनकी जरूरत है, लेकिन उन्होंने मुझे वापस फोन तक नहीं किया. शायद उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं है. हो सकता है कि प्रॉपर्टी को लेकर कोई मामला हो या फिर कोई दूसरी वजह.”

2 साल से नहाए नहीं शरद

हेमा ने आगे कहा, “तीन से चार लोग ऐसे थे, जो उनके मरने का इंतजार कर रहे थे. उनकी हालत लगभग 99 फीसदी तक खराब हो चुकी थी, लेकिन कुत्तों की वजह से मैं उन तक पहुंच पाई. मैं हमेशा उन लोगों और जानवरों की आवाज सुनती हूं, जो अपनी बात खुद नहीं कह सकते. जब मैं कुत्तों को बचाने पहुंची, तब मेरी मुलाकात उनसे हुई. वह दो साल से नहाए नहीं थे और न ही बिस्तर से उठे थे. किसी ने उन्हें फोन करके यह तक नहीं पूछा था कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं. इस तरह वह धीरे-धीरे मौत की तरफ बढ़ रहे थे.”

कहां है शरद कपूर का परिवार?

हेमा ने बताया कि अगर शरद कुछ और समय तक उसी हालत में रहते, तो उनकी जान भी जा सकती थी. उन्होंने समय रहते उन्हें वहां से निकाला और अब उनके परिवार की गैरमौजूदगी में उनकी देखभाल कर रही हैं. हेमा ने यह भी बताया कि शरद की सगाई पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से हुई थी, लेकिन दोनों की शादी नहीं हुई.

हेमा ने यह भी पुष्टि की कि शरद की एक गर्लफ्रेंड है, लेकिन वह उनकी देखभाल करने की स्थिति में नहीं है. वहीं, शरद के बच्चे होने की अफवाहों पर उन्होंने कहा कि एक्टर ने उन्हें इस बारे में पुष्टि करने की इजाजत नहीं दी है. हालांकि, उन्होंने बताया कि शरद ने उनसे कहा है कि सही समय आने पर वह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी सभी बातें बता सकती हैं.

Related Articles

Back to top button