शिक्षा

FMGE 2025 क्वालीफाई करने वाले कैंडिडेट्स के नाम और नंबर होंगे सार्वजनिक! CIC ने NBEMS को दिये निर्देश

विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है. केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) ने जून 2025 की विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (FMGE) में सफल उम्मीदवारों के नाम और अंक सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है. आयोग ने राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) को एक आवेदक को तीन सप्ताह के भीतर यह जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है.

इसके साथ ही आयोग ने NBEMS को हर साल सफल उम्मीदवारों के नाम और अंक प्रकाशित करने की सलाह भी दी है. इससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी.

CIC ने क्यों दिया जानकारी सार्वजनिक करने का निर्देश?

यह मामला हेमंत बाजिया की RTI याचिका से जुड़ा है. उन्होंने जून 2025 में आयोजित FMGE परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के नाम और उनके अंक मांगे थे. हालांकि, NBEMS ने तीसरे पक्ष की निजी जानकारी का हवाला देते हुए यह जानकारी देने से इनकार कर दिया था.
NBEMS का कहना था कि परीक्षा के रिजल्ट उम्मीदवारों के रोल नंबर और आवेदन आईडी के आधार पर पहले ही जारी किए जा चुके हैं. लेकिन केंद्रीय सूचना आयुक्त जया वर्मा सिन्हा ने इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना. आयोग ने जानकारी देने से इनकार करने के फैसले को उचित नहीं बताया.

तीन सप्ताह के भीतर देनी होगी जानकारी

CIC ने NBEMS के केंद्रीय जन सूचना अधिकारी (CPIO) को निर्देश दिया है कि वो आवेदक को तीन सप्ताह के अंदर जून 2025 FMGE परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के नाम और अंक उपलब्ध कराएं. इसके अलावा, आयोग ने RTI अधिनियम की धारा 25(5) के तहत NBEMS को सलाह दी है कि वह हर साल सफल उम्मीदवारों के नाम और अंक अपनी ओर से सार्वजनिक करे. इससे लोगों को यह जानकारी हासिल करने के लिए बार-बार RTI आवेदन दाखिल नहीं करना पड़ेगा.

FMGE उम्मीदवारों के लिए क्यों जरूरी है यह फैसला?

FMGE एक स्क्रीनिंग परीक्षा है. यह उन भारतीय नागरिकों और प्रवासी भारतीय नागरिकों के लिए आयोजित की जाती है, जिन्होंने विदेश के मेडिकल संस्थानों से अपनी प्राथमिक मेडिकल डिग्री हासिल की है और भारत में डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करना चाहते हैं. इस परीक्षा को पास करना भारत में मेडिकल रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में जरूरी है. ऐसे में सफल उम्मीदवारों के नाम और अंक सार्वजनिक होने से परीक्षा रिजल्ट की जांच करना आसान होगा. इससे उम्मीदवारों को भी रिजलट और परीक्षा प्रक्रिया के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सकेगी.

मेडिकल लाइसेंसिंग प्रक्रिया में बढ़ेगी पारदर्शिता

CIC के अनुसार, विदेशी संस्थानों से मेडिकल डिग्री हासिल करने वाले योग्य उम्मीदवारों के लाइसेंसिंग की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है. नाम और अंक सार्वजनिक होने से परीक्षा के रिजल्ट पर नजर रखना आसान होगा और NBEMS की जवाबदेही भी बढ़ेगी.

Related Articles

Back to top button