अजब-गजब

कागज का रेजर! जापान ने बना दिया ऐसा Razor जो पानी में भी नहीं गलता, वीडियो देख हैरान हुए लोग

सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग यकीन नहीं कर पा रहे हैं. वीडियो में एक रेजर दिख रहा है, जो लगभग पूरा कागज का बना है. लोग पूछ रहे हैं- क्या सच में कागज से शेविंग हो सकती है?

जानिए जापान के Paper Razor की पूरी कहानी

ये रेजर जापान की मशहूर ब्लेड बनाने वाली कंपनी Kai ने बनाया है. इसका नाम Paper Razor है. कंपनी का दावा है कि ये दुनिया का पहला पेपर रेजर है. इसे कंपनी के 110 साल पूरे होने पर बनाया गया था. दुनिया में हर साल करीब 16 अरब डिस्पोजेबल रेजर फेंके जाते हैं, जो कचरे का बड़ा कारण बनते हैं. इसी प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए कंपनी ने ये रेजर बनाया है.

Paper Razor कैसे काम करता है?

इस रेजर को इस्तेमाल करने से पहले ओरिगामी की तरह मोड़कर बनाना पड़ता है. पैकेट से निकालने पर ये बिल्कुल एक कागज की तरह पतला दिखता है. इसको मोड़ने के बाद ही इसका हैंडल बनता है. ब्लेड पर लगी छोटी सी टेप ही इसको जोड़कर रखती है.

हालांकि, इसमें सिर्फ हैंडल कागज का है, ब्लेड मेटल का ही है. इसलिए ये बिल्कुल आम रेजर की तरह ही शेव करता है. कागज से शेविंग नहीं होती, शेविंग मेटल वाले ब्लेड से ही होती है.

Paper Razor की कीमत और वजन कितना है?

ये रेजर सिर्फ 3mm पतला और महज 4 ग्राम का है. मतलब एक सिक्के से भी हल्का. इसको बनाने में कंपनी को 2 साल लगे और 100 से ज्यादा डिजाइन ट्राई करने पड़े. जब 2021 में ये बाजार में आया था, तो 5 रेजर का सेट सिर्फ 3 दिन में ही बिक गया था. इसकी कीमत जापान में करीब 1100 येन (यानी करीब 658 रुपए) रखी गई थी.

क्या कागज का रेजर पानी में गल जाएगा? कंपनी ने दिया जवाब

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ये पानी में गल नहीं जाएगा? कंपनी का कहना है कि इसका कागज वाटर-प्रूफ है, बिल्कुल दूध के डिब्बे और पेपर स्पून की तरह. शेविंग के बाद पानी से धोने पर भी ये खराब नहीं होता.

इसमें 3 ब्लेड लगे होते हैं, जो स्टेनलेस स्टील के बने हैं. कंपनी ने बताया कि इसका हैंडल छोटा और मोटा है, इसलिए पकड़ने में भी आसान है.

Paper Razor क्यों है खास?

कंपनी ने बताया कि एक आम प्लास्टिक वाले रेजर के मुकाबले इसमें 98% कम प्लास्टिक लगता है. कंपनी का टारगेट है कि 2030 तक अपने सभी डिस्पोजेबल रेजर बनाने में होने वाले CO2 को आधा कर दिया जाए. इसका हल्का और पतला डिजाइन इसे ट्रैवल के लिए भी बेस्ट बनाता है. इसे आराम से बैग में रखकर कहीं भी ले जाया जा सकता है.

Viral Video पर लोगों ने क्या कहा?

इसका वीडियो फिर से X पर वायरल हो रहा है और लोग कमेंट कर रहे हैं कि ये जापान वाले कुछ भी बना सकते हैं. अब तो कागज का भी रेजर आ गया. कुछ लोग इसे मजाक समझ रहे थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि ये सच में काम करता है, तो वो हैरान रह गए.

यहां देखिए कागज के रेजर का वायरल वीडियो

Related Articles

Back to top button