बालाकोट से पहलगाम तक भारत के खिलाफ उगला जहर, अब Netflix की ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ से चमकाए जा रहे ये चेहरे!

Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ 4 दिसंबर 2026 को ग्लोबल मंच पर रिलीज होने जा रही है. फरहत इश्तियाक के उर्दू उपन्यास पर आधारित और मोमिना दुरैद व जाहिद इकबाल के निर्देशन में बनी इस सीरीज में पाकिस्तान की नामी स्टार कास्ट नजर आने वाली है, जिसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, अहद रजा मीर, सनम सईद, इकरा अजीज, माया अली, बिलाल अशरफ, अहमद अली अकबर, खुशहाल खान, नादिया जमील, उमैर राणा और समीना अहमद जैसे कलाकार शामिल हैं.
जैसे ही इस सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के पोस्टर और रिलीज डेट सामने आए, भारत में इसके खिलाफ तीखा गुस्सा फूट पड़ा है. सवाल ये उठता है कि आखिर भारतीय दर्शक और फिल्म संगठन इस शो की भारत में स्ट्रीमिंग का इतना कड़ा विरोध क्यों कर रहे हैं? इसका जवाब इस सीरीज के प्रमुख कलाकारों के उन पुराने और हालिया बयानों में छिपा है, जब भारत पर हुए आतंकी हमलों के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई से लेकर जम्मू-कश्मीर तक के मुद्दों पर इन सितारों ने खुलकर भारत के खिलाफ जहर उगला था. आइए जान लेते हैं कि इस सीरीज के किन-किन कलाकारों ने कब और क्या भारत विरोधी बयान दिए हैं.
1. फवाद खान
बॉलीवुड की ‘खूबसूरत’, ‘कपूर एंड संस’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ जैसी फिल्मों में काम कर भारतीय दर्शकों से खूब प्यार और पैसा कमाने वाले फवाद खान इस सीरीज में महमूद अख्तर का किरदार निभा रहे हैं. 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में 26 मासूम लोगों की जान जाने के बाद जब भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया, तो फवाद खान को यह कार्रवाई रास नहीं आई.
फवाद खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भारतीय सैन्य कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे “शर्मनाक हमला” करार दिया था. उन्होंने लिखा था, “इस शर्मनाक हमले में घायल हुए और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. भड़काऊ शब्दों से आग को और न भड़काएं. यह आम लोगों की जान से बढ़कर नहीं है… काश लोगों में थोड़ी सद्बुद्धि आए. इंशाअल्लाह, पाकिस्तान जिंदाबाद!” हालांकि उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी थी, लेकिन उनके इस बयान ने भारतीय फैंस को गहरा आहत किया था. गौरतलब है कि पहलगाम हमले के बाद ही भारत में उनकी बॉलीवुड फिल्म ‘अबीर गुलाल’ की रिलीज पर रोक लगा दी गई थी.
सीरीज की कास्ट
2. माहिरा खान
शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ में काम कर चुकीं माहिरा खान ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ में यंग राहत की भूमिका में नजर आने वाली हैं. माहिरा खान का भारत विरोधी बयानबाजी का इतिहास सिर्फ एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने बार-बार भारतीय सेना की कार्रवाइयों पर सवाल उठाए हैं
- ऑपरेशन सिंदूर पर बयान (मई 2025): 7 मई 2025 को जब भारत ने पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की, तो माहिरा खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लेखिका फातिमा भुट्टो की पोस्ट शेयर करते हुए भारतीय कार्रवाई को “बेहद कायरतापूर्ण” लिखा और कहा, “अल्लाह हमारे देश की रक्षा करे, सद्बुद्धि आए. आमीन.” इसके अलावा एक अन्य लंबे नोट में उन्होंने भारत पर आरोप लगाते हुए लिखा था, “इंडिया, तुम्हारी युद्ध और नफरत की बयानबाजी कई सालों से जारी है… तुम आधी रात को शहरों पर हमला करते हो और इसे जीत कहते हो? तुम्हें शर्म आनी चाहिए. मेरे पाकिस्तान, मैं तुमसे प्यार करती हूं… पाकिस्तान जिंदाबाद.”
- बालाकोट एयरस्ट्राइक पर बयान (फरवरी 2019): इससे पहले 14 फरवरी 2019 को पुलवामा आतंकी हमले में 40 भारतीय जवानों की शहादत के बाद जब भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी 2019 को बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी, तब भी माहिरा ने ट्वीट किया था, “युद्ध का जश्न मनाने से ज्यादा बदसूरत कुछ भी नहीं है. सद्बुद्धि आए… पाकिस्तान जिंदाबाद.”
3. हानिया आमिर
इस सीरीज में उम्मे मरियम उर्फ सैम का रोल निभा रहीं हानिया आमिर की भारत में सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग हुआ करती थी. पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी सेलेब्स के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक किए और फिर 7 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, तो हानिया आमिर ने भी भारत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भारतीय सेना की कार्रवाई को “क्रूरता और कायरता” बताते हुए लिखा था, “मेरे पास अभी कोई बढ़िया शब्द नहीं हैं. मेरे पास बस गुस्सा, दर्द और आहत हुआ दिल है… इस तरह से आप किसी की रक्षा नहीं करते. यह पूरी तरह क्रूरता है. आप निर्दोष लोगों पर बम गिराकर इसे रणनीति नहीं कह सकते. ये ताकत नहीं है, कायरता है. हम आपको देख रहे हैं.”
4. हमजा अली अब्बासी
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की स्टार कास्ट में शहरयार खान की अहम भूमिका निभा रहे हमजा अली अब्बासी के बयान इस पूरी कास्ट में सबसे ज्यादा चौंकाने वाले और भारत विरोधी रहे हैं. उनके पुराने ट्वीट्स और बयान सोशल मीडिया पर आज भी दर्ज हैं.
- 26/11 आतंकी हाफिज सईद को बताया ‘नेक इंसान’ (सितंबर 2017): सितंबर 2017 में हमजा अली अब्बासी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (तब ट्विटर) पर 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वैश्विक आतंकी हाफिज सईद के समर्थन में ट्वीट किया था. उन्होंने लिखा था, “अमेरिका और भारत कहते हैं कि वो आतंकी है, लेकिन मैं हाफिज सईद को एक नेक इंसान के रूप में जानता हूं.” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने हाफिज सईद का बचाव करते हुए लिखा था कि वह भारत या भारतीयों से नफरत नहीं करता, बल्कि वह सिर्फ ‘भारत अधिकृत कश्मीर’ में भारतीय सरकार के कथित अत्याचारों के खिलाफ बोलता है.
- पुलवामा के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक पर पाकिस्तान को उकसाया (फरवरी 2019): पुलवामा हमले के बाद भारत की बालाकोट एयरस्ट्राइक पर हमजा ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक का मजाक उड़ाते हुए ट्वीट किया था, “बालाकोट, शाबाश भारत. फर्जी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के दावे से काफी सुधार है. लेकिन अब पाकिस्तान को जवाबी कार्रवाई करनी ही चाहिए.”
- सेक्शन 370 और ‘गर्वित ISI एजेंट’ वाला बयान (अगस्त 2019): 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर बौखलाए हमजा अली अब्बासी ने ट्वीट कर कहा था कि अगर कूटनीति से अनुच्छेद 370 का फैसला नहीं पलटता, तो पाकिस्तान को कश्मीर बचाने के लिए “हर दूसरे तरीके का इस्तेमाल करना चाहिए” उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों को भी नसीहत दी थी कि वे भारत में अपनी फैन फॉलोइंग और काम की चिंता छोड़कर भारत के खिलाफ आवाज उठाएं. इसके कुछ ही दिन बाद 16 अगस्त 2019 को उन्होंने ट्वीट कर दावा किया था कि वह और उनके देशवासी “प्राउड ISI एजेंट” हैं.
इसीलिए उठ रही है बैन की मांग
साफ है कि भारत में ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के खिलाफ उठ रहा विरोध महज किसी एक पोस्टर या नाम को लेकर नहीं है. भारतीय यूजर्स का मानना है कि जिन कलाकारों ने आतंकी हमलों के गुनहगारों का बचाव किया हो, भारतीय सेना के पराक्रम को ‘शर्मनाक’ और ‘कायरतापूर्ण’ बताया हो, उनकी सीरीज को भारतीय ओटीटी स्क्रीन और भारतीय दर्शकों की व्यूअरशिप क्यों मिलनी चाहिए? यही वजह है कि रिलीज से पहले ही इस शो के बहिष्कार की मांग ने जोर पकड़ लिया है.
इस पूरे विवाद के बीच सोशल मीडिया यूजर्स और जानकार खुद ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की भूमिका पर भी सवाल उठा रहे हैं. गौरतलब है कि नेटफ्लिक्स एक अमेरिकी प्लेटफॉर्म है, और जिस आतंकी हाफिज सईद को हमजा अली अब्बासी ने ‘नेक इंसान’ बताया था, उसे न सिर्फ भारत और संयुक्त राष्ट्र बल्कि खुद अमेरिका ने भी वैश्विक आतंकी घोषित किया हुआ है. खुद अब्बासी ने अपने ट्वीट में अमेरिका और भारत का नाम लेते हुए कहा था कि ये दोनों देश उसे आतंकी मानते हैं. ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि जिस कलाकार ने खुद अमेरिका और दुनिया द्वारा घोषित एक वैश्विक आतंकी का समर्थन किया हो, उसे एक अमेरिकी ओटीटी मंच के जरिए इतना बड़ा ग्लोबल प्लेटफॉर्म कैसे दिया जा रहा है.




