PAK के बड़े फिल्मी चेहरे अब OTT पर एक साथ… वेबसीरीज में भी भारत से कितना पीछे है पाकिस्तान?

Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भी भारत से पाकिस्तान कितना पीछे है, इसका सबसे ताजा नजीर है- जो बचे हैं संग समेट लो. पाकिस्तान की इस वेबसीरीज की फिलहाल काफी चर्चा है. इसका निर्माण और निर्देशन मोमिना दुरैद ने किया है. वेबसीरीज का ट्रेलर आ चुका है. ट्रेलर का प्रोडक्शन बेशक बेहतर है- इसमें कहानी की संवेदनशीलता को बारीकी से उकेरा गया है. सभी कलाकार बहुत ही संजीदा नज़र आते हैं. समझा जा सकता है जिस सीरीज को बनाने में करीब दो सौ दिन लगे हों और जिसमें पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री के तकरीबन सारे ही बड़े चेहरे और नाम शामिल हों- तो उसकी पब्लिसिटी लाजिमी है.
पाकिस्तान की यह बहुप्रतीक्षित और बहुचर्चित सीरीज आगामी 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी. ट्रेलर आने के बाद से ही भारत में फिलहाल इसके प्रसारण पर रोक लगाने की मांग हो रही है. लेकिन इस सीरीज के माध्यम से पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के तकरीबन सारे ही बड़े नाम और चेहरे को ओटीटी पर क्यों उतरना पड़ा है- इसके पीछे की कहानी को भी समझने की जरूरत है.
खस्ताहाल फिल्म इंडस्ट्री को उबारने की कवायद
जो बचे हैं संग समेट लो वेब सीरीज के ट्रेलर ने जो झलक दिखाई है, उसके मुताबिक इसमें फवाद खान, माहिरा खान, अहद रज़ा मीर, सनम सईद, माया अली, इक़रा अज़ीज़, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, अहमद अली अकबर, बिलाल अशरफ आदि बड़े कलाकार हैं. इसका संगीत रोहैल हयात ने तैयार किया है, जो पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने पुराने संगीतकार हैं. यह सीरीज फरहत इश्तियाक के उपन्यास पर आधारित है.
दरअसल हाल के सालों में भारत की तरह पाकिस्तान में भी सिंगल स्क्रीन थियेटर्स धड़ाधड़ बंद हुए हैं. हालांकि भारत में जिस तेजी से मल्टीप्लेक्स का निर्माण हुआ, पाकिस्तान में उसकी गति बहुत धीमी रही. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2018 के बाद पाकिस्तान में बड़ी संख्या में सिंगल स्क्रीन थियेटर्स बंद हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स ये भी बताती है कि साल 2025 तक पाकिस्तान में करीब चालीस फीसदी सिनेमा हॉल बंद हो चुके हैं. पाकिस्तान में जो भी मल्टीप्लेक्स या सिंगल स्क्रीन थियेटर्स हैं वे सभी बड़े शहरों मसलन कराची, लाहौर या इस्लामाबाद में ही हैं. यहां या तो हॉलीवुड की फिल्में दिखाई जाती हैं या फिर लोकल पंजाबी और उर्दू फिल्में चलती हैं.
भारतीय फिल्मों पर बैन से बर्बाद पाक के थियेटर्स
पाकिस्तान में जहां-जहां सिंगल स्क्रीन थियेटर्स बचे हैं, वहां-वहां टिकट दरें भले ही आम लोगों की हैसियत के मुताबिक हों लेकिन मल्टीप्लेक्स में मूवी टिकट की कीमत करीब हजार रुपये के आस-पास है. दूसरी तरफ पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों पर लगे प्रतिबंध की वजह से वहां सिनेमा घर मालिकों की हालत खस्ता हो चुकी है. भारतीय फिल्मों का वहां सार्वजनिक प्रदर्शन नहीं होता. जो लोग मल्टीप्केक्स नहीं जा पाते, वे पायरेटेड भारतीय फिल्में अपने-अपने घरों में ही बैठकर देख लेते हैं. यानी वहां के हालात पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री को भारी घाटे में पहुंचा रहे हैं.
कोविड के बाद हॉलीवुड, बॉलीवुड समेत दुनिया भर की फिल्म इंडस्ट्री का कारोबार प्रभावित हुआ और फिर संवरा भी लेकिन पाकिस्तान का फिल्मी बाजार पटरी पर नहीं आ सका. भारतीय फिल्मों पर प्रतिबंध लगाकर पाकिस्तान ने अपने पैरों पर खुद ही कुल्हाड़ी मार ली. थियेटर्स में दर्शक कम आने लगे नतीजा थियेटर्स बंद होने लगे. अब ओटीटी के सारे पाकिस्तानी कलाकार आकर अपनी फिल्म इंडस्ट्री को संकट से उबारने की कोशिश में जुटे हैं.
भारत बनाम पाकिस्तान का ओटीटी प्लेटफॉर्म
गौरतलब है कि कोविड के बाद भारत में भी ओटीटी पर मनोरंजन की तेज रफ्तार देखी गई है. ओटीटी प्लेटफॉर्म मनोरंजन का नया और सबसे सुलभ विकल्प बनकर उभरा है. लेकिन भारत के मुकाबले पाकिस्तान इस मोर्चे पर भी कितना पिछड़ा है, उसका सबसे ताजा नजीर है- जो बचे हैं संग समेट लो. साल 2026 के आखिरी महीने में पाकिस्तान में पहली बार नेटफ्लिक्स किसी वेबसीरीज को स्ट्रीम करने जा रहा है. जबकि भारत में नेटफ्लिक्स पर वेबसीरीज की शुरुआत काफी पहले हो गई थी. जुलाई 2018 में निर्देशक अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवानी की सीरीज आई थी, जिसका नाम था- Sacred Games. इसमें सैफ अली खान, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और राधिका आप्टे मुख्य कलाकार थे.
वैसे जून 2016 में ही नेटफ्लिक्स ने भारत में बकायदा अपनी शुरुआत की घोषणा कर दी थी. वहीं अमेजन प्राइम वीडियो की बात करें तो भारत में इस प्लेटफॉर्म पर साल 2017 में ही वेबसीरीज दिखाने की शुरुआत हो गई थी. प्राइम वीडियो पर पहली सीरीज का नाम था- इनसाइड एज (Inside Edge). विवेक ओबेरॉय, ऋचा चड्ढा, अंगद बेदी, सयानी गुप्ता और सिद्धांत चतुर्वेदी इसके मुख्य कलाकार थे. इसके निर्माता थे- फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी जबकि निर्देशक थे- करण अंशुमन.
भारत से कितना पीछे पाक की ओटीटी इंडस्ट्री
उधर पाकिस्तान की बात करें तो साल 2026 में नेटफ्लिक्स पर पहली बार वेबसीरीज स्ट्रीम होने जा रही है तो यहां अमेजन प्राइम वीडियो पर पहली बार 2021 में किसी वेब सीरीज को स्ट्रीम किया गया था. इसका नाम है- क्लिकबेट (Clickbait). हालांकि इसका निर्माण 2020 में ही हो गया था, जिसे पहले यू ट्यूब पर रिलीज किया गया था और बाद में 2021 में अमेजन प्राइम वीडियो पर. क्लिकबेट को ही पाकिस्तान की पहली वेबसीरीज होने का खिताब भी हासिल है. जबकि भारत की सबसे पहली वेबसीरीज परमानेंट रूममेट्स (Permanent Roommates) है. इसे टीवीएफ के संस्थापक अरुणाभ कुमार ने क्रिएट किया था. इसे भी पहले यू ट्यूब पर रिलीज किया गया था. ये वही अरुणाभ कुमार हैं, जिनकी प्रोडक्शन कंपनी टीवीएफ ने गुल्लक, पंचायत और एस्पिरेंट्स जैसी बहुचर्चित वेबसीरीज बनाई है.
वैसे भारत में भी ओटीटी पर बड़े फिल्मी चेहरे आ चुके हैं. वेब सीरीज में सैफ अली खान, बॉबी देओल और मनोज बाजपेयी जैसे बड़े सितारे तो ओटीटी फिल्मों में अमिताभ बच्चन, विद्या बालन, सनी देओल और अक्षय खन्ना जैसे कलाकार भी आ चुके हैं. लेकिन भारत में ओटीटी के मार्केट को पटरी पर लाने वाले बड़े चेहरे नहीं बल्कि नए कलाकार हैं मसलन पंकज त्रिपाठी और जितेंद्र कुमार आदि.
यह भी पढ़ें:आयुष्मान खुराना ही नहीं, सलमान-ऋतिक भी बने हैं प्रेम 50 साल से राजश्री की फिल्मों में हीरो के ये नाम क्यों?




