मनोरंजन

तजामुल इस्लाम की कहानी पर्दे पर ला रहे कबीर खान, कार्तिक आर्यन निभाएंगे लीड रोल, रिलीज डेट भी आ गई

कार्तिक आर्यन और कबीर खान ने साल 2024 में फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के जरिए भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर की कहानी दर्शकों तक पहुंचाई थी. अब करीब दो साल बाद दोनों एक बार फिर साथ आने वाले हैं. कबीर खान मशहूर किकबॉक्सिंग चैंपियन तजामुल इस्लाम की बायोपिक ला रहे हैं, जिसका टाइटल भी ऐलान कर दिया गया है. फिल्म का नाम ‘लड़ाकू’ रखा गया है. इसे एक भावुक और प्रेरणा देने वाली फिल्म बताया जा रहा है. मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है.

कबीर खान के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की कहानी एक सच्ची घटना से प्रेरित है. इसमें कार्तिक आर्यन एक किकबॉक्सिंग कोच की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो कश्मीर की एक युवा लड़की को आगे बढ़ने और अपने सपने पूरे करने में मदद करता है.तजामुल ने बेहद कम उम्र में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी. फिल्म 18 जून 2027 को रिलीज होगी.

कार्तिक आर्यन बने प्रोड्यूसर

फिल्म को बिरला स्टूडियोज और कबीर खान एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रहे हैं. वहीं, इस फिल्म के साथ कार्तिक आर्यन भी बतौर प्रोड्यूसर अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं. वह अपने नए प्रोडक्शन हाउस डोपामाइन स्टूडियोज के जरिए फिल्म का हिस्सा बने हैं. खबरों के मुताबिक, कार्तिक को जब पहली बार इस कहानी के बारे में पता चला तो वह इससे काफी प्रभावित हुए थे. यही वजह है कि उन्होंने खुद भी इस फिल्म को प्रोड्यूस करने का फैसला किया. अपने किरदार को बेहतर तरीके से निभाने के लिए कार्तिक ने किकबॉक्सिंग की ट्रेनिंग भी ली है. फिल्म की शूटिंग मुंबई और कश्मीर में की गई है. हालांकि, अभी फिल्म की बाकी स्टारकास्ट का ऐलान होना बाकी है.

दूसरी बार साथ आए कार्तिक और कबीर खान

‘लड़ाकू’ से पहले कार्तिक आर्यन और कबीर खान फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुके हैं. साल 2024 में रिलीज हुई यह फिल्म भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर की जिंदगी पर आधारित थी. इस फिल्म में कार्तिक के अभिनय को काफी सराहना मिली थी. हाल ही में उन्हें 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार भी मिला है.

Related Articles

Back to top button