Kartik Aaryan Kaaliya: मॉन्स्टर से लड़ेंगे कार्तिक आर्यन? बर्थडे पर ‘कालिया’ का टीजर आया, रिलीज डेट का भी ऐलान

Kartik Aaryan Kaaliya: कार्तिक आर्यन के बर्थडे के मौके पर उनकी नई फिल्म का ऐलान हुआ है. फिल्म के ऐलान के साथ ही एक टीजर भी जारी किया गया है. फिल्म का नाम ‘कालिया’ है और ये एक मॉन्स्टर थ्रिलर और माइथोलॉजी जॉनरा की फिल्म होगी. कार्तिक आर्यन की इस फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी करने वाले हैं और धर्मा प्रोडक्शन्स इस फिल्म को बना रहे हैं.
कार्तिक आर्यन भूल भुलैया के पार्ट 2 और 3 के जरिए हॉरर कॉमेडी जॉनरा में पहले ही काम कर चुके हैं. इसके अलावा वो ‘नागजिला’ में भी काम कर रहे हैं, जो कि फैंटेसी कॉमेडी या क्रिएचर कॉमेडी जॉनरा की फिल्म होगी. पर अब वो एक सीरियस माइथोलॉजी और मॉन्सटर वाली फिल्म के साथ दर्शकों को हैरान करने और डराने के लिए तैयार हैं. हालांकि इसमें कार्तिक का रोल कैसा होगा इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पर माना जा रहा है कि फिल्म में उनकी जंग एक मॉन्सटर से होगी.
View this post on Instagram
कार्तिक की ‘कालिया’ के टीजर में क्या है?
कार्तिक आर्यन की ‘कालिया’ का रविवार को 2 मिनट 31 सेकेंड का टीजर जारी किया गया है. टीजर की शुरुआत में एक मां अपने छोटे से बेटे को सुलाने की कोशिश कर रही हैं. इसी दौरान बेटे के कहने पर वो उसे एक सदियों पुरानी स्टोरी सुनाती है. वो बेटे को बताती हैं कि सदियों पहले हमारी सबसे पवित्र नदी के भीतर एक राक्षस रहता था, जिसे सब लोग कालिया कहते थे. वो बताती हैं कि उस कालिया को भगवान कृष्ण ने वहां से हराकर भगा दिया था. मां की कहानी तो यही खत्म हो जाती है, पर कालिया की नहीं.
टीजर में कालिया की झलक भी दिखाई गई है. वहीं कृष्ण भगवान की मूर्ति के सामने ही कालिया नदी से निकलकर एक कुत्ते को खाता भी दिखाया गया है. टीजर में लिखकर बताया गया है कि भगवान कृष्ण ने उसे भगा दिया था, लेकिन इंसान उसे फिर से वापस ले आए हैं.
कब रिलीज होगी कालिया?
फिल्म को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमेन मिश्रा, मरीजके डेसूजा और कार्तिक आर्यन प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी कर रहे हैं. संदीप की ये पहली हिंदी थिएट्रिकल फिल्म होने वाली है. इससे पहले वो ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी वेब सीरीज बना चुके हैं. फिल्म 5 मई 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.




