मनोरंजन

दुआ, एक फोन कॉल और 30 सेकेंड…ऐसी है ‘रामायण’ में लारा दत्ता के कैकेयी बनने की कहानी

Ramayana Lara Dutta Kaikeyi Role: नितेश तिवारी की ‘रामायण: पार्ट 1’ में अभिनेत्री लारा दत्ता ने रानी कैकेयी का रोल निभाया है. महाकाव्य रामायण में कैकेयी का किरदार बेहद अहम माना जाता है. कैकेयी की वजह से ही भगवान राम को 14 साल का कठोर वनवास काटना पड़ा. ऐसे में फिल्म में इतने अहम किरदार को निभाने वाली लारा दत्ता ने अब एक इंटरव्यू में अपने इस रोल पर बात की है. उन्होंने कहा कि इस किरदार को निभाना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी की तरह था. साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि फिल्म में उन्हें आखिर ये रोल मिला कैसे.

लारा दत्ता ने वैरायटी इंडिया से बातचीत में रामायण में रोल मिलने की पूरी कहानी बताई है. उन्होंने कहा कि इस पर काम शुरू होने से पहले ही मैं जानती थी कि बहुत लंबे वक्त से रामायण बनाने की प्लानिंग हो रही है. वो कहती हैं, “जब मैंने पहली बार सुना था कि इसे एक ऐसी फिल्म के तौर पर बनाने का विचार हो रहा है, जो सिनेमैटिक एक्सपीरियंस देगा, तभी से मैं इसका हिस्सा बनना चाहती थी. मुझे नहीं पता था कि मैं कैसे इसका हिस्सा बनूंगी, लेकिन बस मैं चाहती थी कि हिस्सा बन जाऊं.”

लारा दत्ता बताती हैं, “हो सकता है कि मैंने इतने दिल से दुआ मांगी जो कबूल हो गई. जब मुझे नितेश तिवारी से उनके ऑफिस में मिलने के लिए कॉल आया, मुझे बताया नहीं गया था कि मैं किस किरदार के लिए उनसे मिलने वाली हूं. मैं तो ये भी नहीं जानती थी कि ये मीटिंग रामायण के लिए हो रही है. मुझे बस लगा कि वो कुछ बना रहे हैं और मुझे लेने के बारे में सोच रहे हैं.”

View this post on Instagram

A post shared by The World Of Ramayana (@worldoframayana)

30 सेकेंड में मिला रोल

लारा दत्ता ने बताया कि जब वो डायरेक्टर नितेश तिवारी से मुलाकात के लिए गईं तो 30 सेकेंड के अंदर ही नितेश ने उन्हें रामायण में रोल ऑफर कर दिया था. वो बताती हैं, “उस मीटिंग में 30 सेकेंड के अंदर ही उन्होंने कहा. ‘लारा, मैं तुम्हें रामायण में एक रोल के लिए लेना चाहता हूं, और मैं चाहता हूं कि तुम कैकेयी का रोल निभाओ.’ मैं तो अपनी सीट से ही उछल पड़ी और उन्हें गले लगा लिया था क्योंकि मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि मैं कैकेयी का रोल निभाऊंगी.”

लारा दत्ता का करियर

48 साल की लारा दत्ता ने साल 2003 में अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘अंदाज’ से बॉलीवुड की दुनिया में कदम रखा था. इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी नज़र आईं थीं. साल 2004 में उन्होंने तमिल सिनेमा का रुख किया था. इससे पहले साल 2000 में लारा दत्ता ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर इतिहास रचा था. ‘अंदाज’ के लिए उन्हें प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला था.

अपने करीब 23 साल के करियर में लारा ने खाकी, नो एंट्री, काल, पार्टनर, हाउसफुल, डॉन 2 और वेलकम टू द जंगल समेत कई फिल्मों में काम किया है. लारा ने साल 2011 में टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति से शादी की थी. साल 2012 में दोनों को एक बेटी हुई, जिसका नाम उन्होंने सायरा भूपति रखा है.

Related Articles

Back to top button