यूपी में 12,405 असिस्टेंट टीचर पदों पर भर्ती की लास्ट डेट बढ़ी, NIOS से डीएलएड करने वाले भी करें अप्लाई

उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट टीचर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपडेट है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 12,405 असिस्टेंट टीचर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की लास्ट डेट को एक बार फिर बढ़ा दिया है. अब नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) से 18 महीने का डीएलएड करने वाले सेवारत शिक्षक भी 11 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. यह सुविधा हाईकोर्ट के आदेश के बाद दी गई है. इच्छुक अभ्यर्थी आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन फीस जमा करके फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन में गलती सुधारने के लिए 13 नवंबर तक का समय दिया गया है.
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शहरी क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापक और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के संबद्ध प्राइमरी विभाग में 897 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाई है. इस तरह कुल 12,405 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक, हाईकोर्ट ने 5 नवंबर को अभिषेक पाठक और 44 अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर आदेश दिया था. इसी के अनुपालन में NIOS से 18 महीने का डीएलएड (ओडीएल) करने वाले सेवारत शिक्षकों को आवेदन का अवसर दिया गया है. हालांकि, इन अभ्यर्थियों की पात्रता हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
आयोग के उप सचिव डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार ऐसे टीचर आवेदन कर सकते हैं जो 10 अगस्त 2017 को सेवा में थे और जिन्होंने 1 अप्रैल 2019 से पहले NIOS से 18 महीने का डीएलएड-ओडीएल कोर्स पूरा किया है. आयोग ने आवेदन के लिए पोर्टल दोबारा खोल दिया है. इससे पहले दो वर्षीय डिप्लोमा इन स्पेशल एजुकेशन और चार वर्षीय बीएलएड डिग्री होल्डर के लिए भी आवेदन की तारीख बढ़ाकर 4 नवंबर की गई थी.
कैसे होगा अभ्यर्थियों का सेलेक्शन?
यूपी सुपर टीईटी 2026 में अभ्यर्थियों का सेलेक्शन लिखित परीक्षा और शैक्षणिक अंकों के वेटेज के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होगा. लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी. परीक्षा मल्टीपल चॉइस क्वेशचन पूछे जाएंगे. इन्हें सॉल्व करने के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा. प्रश्नपत्र में हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत भाषा के अलावा मैथ्स, साइंस, एनवायरमेंट, सोशल साइंस, टीचिंग स्किल, बाल मनोविज्ञान, जनरल नॉलेज, करेंट अफेयर्स और रीजनिंग से सवाल शामिल होंगे.




