अजब-गजब

न कोई सरकारी मदद, न कोई दिखावा… अमेरिका में खुद फावड़ा-झाड़ू लेकर छठ घाट बनाने उतरे भारतीय!

कहते हैं इंसान दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए, अपनी मिट्टी और संस्कारों से कभी दूर नहीं हो पाता. इस बात की सबसे खूबसूरत मिसाल इन दिनों अमेरिका के टेक्सास में देखने को मिल रही है. बिहार से हजारों किलोमीटर दूर, सात समंदर पार ह्यूस्टन में भी लोकआस्था के महापर्व छठ की गजब की रौनक छाई हुई है. वहां रहने वाले बिहारी और अन्य भारतीय परिवार इस समय पूरे जोश और भक्ति के साथ छठ घाट की तैयारियों में जुटे हैं. इसी तैयारी से जुड़ा एक प्यारा सा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद ना सिर्फ बिहारी बल्कि हर भारतीय का दिल खुश हो जाएगा.

दरअसल, यह पूरा आयोजन ह्यूस्टन के पास रोजनबर्ग स्थित जगन्नाथ हिंदू मंदिर में हो रहा है. मंदिर परिसर के अंदर एक बड़ा तालाब है, जिसके किनारे हर साल की तरह इस बार भी सामूहिक रूप से छठ पूजा की जाएगी. महापर्व शुरू होने से पहले ही वहां के भारतीय परिवार और कई वॉलंटियर्स ने मिलकर घाट को संवारने का जिम्मा खुद उठा लिया है.

बिहार से अमेरिका तक छठी मैया की धूम

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को कंटेंट क्रिएटर रिचा मिश्रा ने शेयर किया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बिना किसी हिचकिचाहट के लोग खुद ही काम में लगे हुए हैं. कोई तालाब के आसपास फैली गंदगी और घास-फूस की सफाई कर रहा है, तो कोई किनारे पर झुकी पेड़ों की टहनियों को काटकर रास्ता बना रहा है. इसके अलावा, शाम के समय व्रतियों और श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पूरे घाट पर शानदार लाइटिंग और सुरक्षा के दूसरे इंतजाम भी किए जा रहे हैं.

‘छठ ह्यूस्टन’ की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, इस साल अब तक करीब 66 परिवारों ने इस सामूहिक पूजा में शामिल होने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है. आयोजकों की तरफ से इन सभी परिवारों के लिए घाट पर पूजा करने के स्लॉट, प्रसाद और अन्य जरूरी सुविधाओं का खास ख्याल रखा जा रहा है, ताकि किसी को भी घर से दूर होने की कमी महसूस न हो.

यह भी पढ़ें: स्क्रीन के शोर से दूर कोजी एस्थेटिक की दीवानी हुई दुनिया, इंटरनेट पर क्यों ट्रेंड कर रहा है यह अनोखा बदलाव?

ह्यूस्टन में इस चार दिवसीय महापर्व को बिल्कुल पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है. तय कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर को सभी ने अपने-अपने घरों में ‘नहाय-खाय’ की रस्म पूरी की और 14 नवंबर को घरों में ही ‘खरना’ का प्रसाद बनाया गया. इसके बाद 15 नवंबर की शाम 4 बजे मंदिर के इसी सजाए गए घाट पर डूबते सूर्य को ‘संध्या अर्घ्य’ दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह 5:30 बजे उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर सामने आया, लोगों के कमेंट्स की बाढ़ आ गई. सोशल मीडिया यूजर्स विदेश में रहकर भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए इन परिवारों की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button