लॉन्च से पहले लीक हुए Xiaomi के इस स्मार्टफोन के फीचर्स, इंडिया में इस महीने हो सकती है एंट्री?

चीन की स्मार्टफोन कंपनी शाओमी भारत में अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने सितंबर 2026 में चीन में Xiaomi 18 Pro और Xiaomi 18 Pro Max को पेश किया था. इसके कुछ दिनों बाद कंपनी ने इनके भारत में लॉन्च होने का संकेत भी दिया था. अब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में Xiaomi 18 Pro की भारत में लॉन्च टाइमलाइन सामने आई है. इसके अलावा कंपनी के एक अन्य स्मार्टफोन Xiaomi 18T के फीचर्स भी ऑनलाइन लीक हो गए हैं. इसमें 200 मेगापिक्सल का कैमरा और मीडियाटेक का नया प्रोसेसर मिलने की बात कही जा रही है.
दिसंबर में लॉन्च हो सकता है Xiaomi 18 Pro
द टेक आउटलुक की रिपोर्ट के मुताबिक, Xiaomi 18 Pro को दिसंबर 2026 में भारत में लॉन्च किया जा सकता है. हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी लॉन्च डेट की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. अगर यह फोन भारत में लॉन्च होता है तो तीन साल से ज्यादा समय बाद कंपनी का कोई प्रो मॉडल भारतीय बाजार में आएगा. इससे पहले फरवरी 2023 में Xiaomi 13 Pro को भारत में लॉन्च किया गया था. इसके बाद कंपनी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और भारतीय बाजार में मुख्य रूप से स्टैंडर्ड और अल्ट्रा मॉडल पेश किए.
Xiaomi 18T में मिल सकता है 200MP कैमरा
Xiaomi 18 Pro के अलावा कंपनी Xiaomi 18T को भी भारत में लॉन्च कर सकती है. इस स्मार्टफोन के कुछ फीचर्स ऑनलाइन सामने आए हैं. लीक रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें 1.5K रेजोल्यूशन वाली LTPS OLED डिस्प्ले मिल सकती है. इसका रिफ्रेश रेट 165Hz या 185Hz तक हो सकता है. हालांकि, डिस्प्ले के रिफ्रेश रेट को लेकर अभी जानकारी नहीं है. परफॉर्मेंस के लिए फोन में मीडियाटेक का अभी तक लॉन्च नहीं हुआ Dimensity 8600 प्रोसेसर दिया जा सकता है. इसके साथ LPDDR5X रैम और UFS 4.1 स्टोरेज मिलने की उम्मीद है.
Leica कैमरा सेटअप के साथ आएगा फोन
फोटोग्राफी के लिए Xiaomi 18T में Leica की ट्यूनिंग वाला ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है. इसमें 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जा सकता है. इसके अलावा 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा मिलने की बात कही गई है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिल सकता है. सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 17 पर आधारित कंपनी के नए HyperOS 4 पर काम कर सकता है. इसके अलावा फोन को IP69 रेटिंग मिलने की भी उम्मीद है. इससे फोन को धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा मिल सकती है.
Xiaomi 18 Pro के फीचर्स भी जानिए
Xiaomi 18 Pro में 6.4 इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है. इसका रेजोल्यूशन 1,120 x 2,436 पिक्सल है. इसमें 120Hz का रिफ्रेश रेट, 300Hz टच सैंपलिंग रेट और 4,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है. परफॉर्मेंस के लिए इसमें ऑक्टा-कोर Snapdragon 8 Elite Gen 6 प्रोसेसर दिया गया है. फोन की एक खासियत इसका रियर सेकेंडरी डिस्प्ले भी है. इसमें पीछे की तरफ 2.7 इंच की AMOLED स्क्रीन मिलती है पावर के लिए स्मार्टफोन में 7,000mAh की बैटरी दी गई है.
हालांकि, Xiaomi 18 Pro और Xiaomi 18T के भारत में लॉन्च, कीमत और उपलब्धता को लेकर कंपनी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है. ऐसे में सामने आए फीचर्स और लॉन्च टाइमलाइन को फिलहाल लीक रिपोर्ट के आधार पर ही देखना चाहिए.
ये भी पढ़ें- गेमिंग चिप बनाने वाली Nvidia कैसे बनी AI की दुनिया का बादशाह? आज इतना बड़ा है कारोबार




