शिक्षा

देश का पहला इंजीनियरिंग कॉलेज कौन सा है, किस ब्रांच के साथ हुई थी शुरुआत?

देश में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स के बीच IIT संस्थानों की खास पहचान है. इनमें IIT रुड़की का इतिहास सबसे पुराना है. इसकी स्थापना साल 1847 में अंग्रेजों के शासनकाल के दौरान हुई थी. शुरुआत में इस संस्थान का उद्देश्य गंगनहर परियोजना के लिए इंजीनियर तैयार करना था. उस समय यहां सिविल इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग दी जाती थी. समय के साथ इस संस्थान ने कई बदलाव देखे और आज यह देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल है. यहां बीटेक से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई के साथ छात्रों को कई क्षेत्रों में करियर बनाने का मौका मिलता है.

1847 में हुई थी IIT रुड़की की स्थापना

IIT रुड़की की स्थापना का इतिहास गंगनहर प्रोजेक्ट से जुड़ा है. 1840 के दशक में ब्रिटिश सरकार ने उत्तरी भारत में सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ऊपरी गंगनहर का निर्माण शुरू किया था. इस परियोजना के लिए प्रशिक्षित इंजीनियरों की जरूरत थी. इसी उद्देश्य से साल 1847 में इस संस्थान की शुरुआत की गई.

शुरुआत में इसका नाम थॉमसन कॉलेज ऑफ सिविल इंजीनियरिंग रखा गया था. बाद में नवंबर 1949 में इसका नाम बदलकर रुड़की यूनिवर्सिटी कर दिया गया. इसके बाद 21 सितंबर 2001 को इसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का दर्जा मिला और यह IIT रुड़की बन गया.

IIT रुड़की में कौन-कौन से कोर्स हैं?

इस संस्थान में अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और पीएचडी लेवल के कई कोर्स संचालित किए जाते हैं. यहां सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों में बीटेक की पढ़ाई होती है. इसके अलावा छात्र बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (B.Arch), बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des) और बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc) जैसे कोर्स भी कर सकते हैं.

कैसे मिलता है IIT रुड़की में एडमिशन?

IIT रुड़की के बीटेक कोर्स में एडमिशन के लिए छात्रों को JEE Advanced परीक्षा पास करनी होती है. B.Arch में एडमिशन के लिए आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट (AAT) भी जरूरी होता है. वहीं, M.Tech में एडमिशन GATE स्कोर के आधार पर मिलता है. MBA में एडमिशन के लिए CAT स्कोर और इंटरव्यू की प्रक्रिया होती है. पीएचडी के लिए संबंधित विषय की योग्यता और संस्थान के निर्धारित प्रवेश नियमों को पूरा करना जरूरी है.

बड़ी कंपनियों में मिलता है नौकरी का अवसर

IIT रुड़की में पढ़ने वाले छात्रों को प्लेसमेंट के दौरान कई बड़ी कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलता है. Google, Microsoft, Adobe, Oracle, Samsung Research Institute, Goldman Sachs, IBM, TCS, Infosys, Flipkart, Tata Steel और Bajaj Auto जैसी कंपनियां यहां भर्ती प्रक्रिया में शामिल होती हैं. टेक्निकल एजुकेशन, रिसर्च और बेहतर करियर अवसरों के कारण IIT रुड़की आज भी छात्रों के पसंदीदा संस्थानों में शामिल है.

Related Articles

Back to top button