शिक्षा

AIAPGET 2026 की विसंगतियों को दूर करने की मांग, आयुष मंत्री को ABVP ने सौंपा ज्ञापन

AIAPGET 2026: ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) 2026 की विसंगतियों के समाधान को लेकरअखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) आगे आया है. ABVP ने AIAPGET 2026 की विसंगतियों को दूर करने को लेकर आयुष मंत्री से मुलाकात की है. इस दौरान ABVP की तरफ से केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव को ज्ञापन प्रेषित किया गया है. असल मेंNTA की तरफ से AIAPGET 2026 का रिजल्ट सितंबर में जारी किया गया था, लेकिन विवादित सवालों की वजह से हाईकोर्ट ने रिजल्ट में रोक लगा दी है. इस वजह से काउंसलिंग प्रक्रिया भी रुकी हुई है.

आइए, विस्तार से जानते हैं कि ABVP ने AIAPGET 2026 की विसंगितियाें के समाधान के लिए क्या सुझाव दिए है. जानते हैं कि AIAPGET 2026 से किन कोर्सो में एडमिशन दिया जाता है.

सभी कैंडिडेट्स को दिए जाएंगे संशोधित नंबरों का समान लाभ

ABVP ने AIAPGET 2026 में आई विसंगतियों के समाधान को लेकर केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव को ज्ञापन प्रेषित किया है. ABVP ने अपने ज्ञापन में कहा है कि AIAPGET 2026 पेपर में आए प्रश्न संख्या 116 (प्रश्न आईडी 11679) के संशोधित नंबरों का लाभ सभी कैंडिडेट्स को समान रूप से दिया जाए. इसके साथ ही दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दिए गए बाकी 7 सवालों की स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से समीक्षा कराने की मांग की है.ABVP ने अपने ज्ञापन में कहा है कि संशोधित एवं एकीकृत मेरिट सूची जारी करने, रैंक निर्धारण की प्रक्रिया सार्वजनिक करने और परिणाम में हुए बदलावों की आधिकारिक सूचना जारी करने का आग्रह किया है.

काउंसलिंग प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग

ABVP ने अपने ज्ञापन में AIAPGET 2026 में 0.5 दशमलव में रैंक आवंटन के नियमगत आधार को स्पष्ट करने, आंसर-की पर कैंडिडेट्स की आपत्तियों के निर्णय का शास्त्रीय आधार सार्वजनिक करने तथा सभी विवादित प्रश्नों की प्रामाणिक आयुर्वेदिक संहिताओं के आधार पर समीक्षा कराने की मांग की है. ABVP ने आयुष मंत्रालय, NTA एवं AACCC से सभी विसंगतियों का समयबद्ध निराकरण कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी काउंसलिंग प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की है.

इसको लेकर ABVPके राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सभी कैंडिडेट्स को समान अवसर मिलना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रश्न संख्या 116 को त्रुटिपूर्ण मानते हुए निर्देश दिए हैं. NTA को अपने सूचना बुलेटिन में निर्धारित प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन करना चाहिए.

AIAPGET 2026 से इन कोर्सों में एडमिशन

AIAPGET 2026 का आयोजन NTA की तरफ से किया जाता है. इसके स्कोर के आधार पर आयुर्वेद, होम्योपैथी, सिद्धा, यूनानी MD/MS कोर्सों में एडमिशन दिया जाता है.

Related Articles

Back to top button