मनोरंजन

Bigg Boss 20: बहुत ज्यादा स्मार्ट समझ रही हो अपने आपको? कनिका मान पर फूटा सलमान खान का गुस्सा, एक्ट्रेस को कह दिया ‘ट्यूबलाइट’!

कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में हर दिन बदलते समीकरण और तीखी तकरार के बीच इस हफ्ते का ‘वीकेंड का वार’ बेहद धमाकेदार रहा है. इस एपिसोड में लंबे समय बाद होस्ट सलमान खान फुल एंग्री मोड में नजर आए और इस बार उनके निशाने पर रहीं टीवी एक्ट्रेस कनिका मान . स्काउट ओपी और लव गिल से जुड़े विवाद में कनिका के दोहरे रवैये और फिर सलमान के सामने ऊंची आवाज में बात करने पर दबंग खान का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

इस पूरे बवाल की शुरुआत तब हुई जब वीकेंड का वार में काजी तौकीर ने कनिका मान के दोगलेपन पर सवाल उठाए. दरअसल, बीते दिनों जब काजी ने कनिका पर ‘लॉलीपॉप’ वाला कमेंट किया था, तो कनिका ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया था. लेकिन जब स्काउट ओपी ने लव गिल पर बेहद भद्दा ‘नाड़े’ वाला कमेंट किया, तो वहां मौजूद होने के बावजूद कनिका ने स्काउट को रोकने के बजाय इस बात पर हंसना ठीक समझा.

काजी और आम्रपाली दुबे द्वारा यही बात उठाने पर कनिका भड़क गईं और सलमान खान के सामने ही चिल्लाते हुए बहस करने लगीं. सलमान ने काजी की बात का समर्थन किया, लेकिन जब कनिका ने अपनी आवाज धीमी नहीं की, तो सलमान ने उन्हें सख्त लहजे में टोकते हुए कहा, “कनिका, मेरे सामने आवाज ऊंची मत करना. यहां तो बिल्कुल भी नहीं. मैं भी ऐसा कर सकता हूं.”

कनिका पर फूटा सलमान का गुस्सा

इस पर कनिका ने तंज भरे लहजे में कहा, “आई एम सॉरी सर, फॉर यू सर, फॉर यू आई एम सॉरी.” कनिका का ये अंदाज सलमान को बिल्कुल रास नहीं आया और उन्होंने तुरंत पलटवार करते हुए कहा, “आई एम सॉरी फॉर यू मैन. तुम्हारी जो पिच है अभी, ये सरकाज्म अपने पास रखो.”

सलमान ने मंगवा ली कुर्सी

कनिका मान की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. शो के आने वाले एपिसोड के प्रोमो में सलमान खान एक बार फिर इसी मुद्दे पर कनिका को आड़े हाथों लेते नजर आ रहे हैं. सलमान कनिका से सवाल करते हैं, “जब नाड़े वाली बात हुई थी, तब आप वहां थीं और आप हंस रही थीं.” खुद का बचाव करते हुए कनिका जवाब देती हैं, “सब हंस रहे थे.” यह सुनते ही सलमान खान भड़क उठते हैं और कहते हैं, “बहुत ज्यादा स्मार्ट समझ रही हो आप अपने आपको?” इसके बाद कनिका सफाई देते हुए कहती हैं, “सर, एकदम से एहसास नहीं होता है ना कि क्या हुआ?”

ये भी पढ़ें- जोश फिल्म के एक्टर शरद कपूर को मिली हॉलीवुड मूवी! कुछ समय पहले वीडियो में लुक देख फैंस हो गए थे चिंतित

जिस पर सलमान तुरंत सवाल दागते हैं, “अच्छा नहीं, काजी को कैसे एहसास हुआ फिर?” जब कनिका ये कहती हैं कि उस वक्त तक तो लव खुद भी हंस रही थी, तो सलमान खान का गुस्सा फूट पड़ता है. इस पर सलमान कनिका को लताड़ते हुए कहते हैं, “आप ट्यूबलाइट हो? बेवकूफ (डम्ब) हो? मुझसे बहस करना चाहती हो? मैं तुम्हारे भले के लिए कुछ कह रहा हूं और तुम जस्टिफाई करना चाहती हो? चलो जस्टिफाई करो… कुर्सी लाओ!” अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान के इस रौद्र रूप के बाद कनिका मान का गेम घर के अंदर क्या मोड़ लेता है.

Related Articles

Back to top button