विवेक ओबेरॉय ने याद किए मुश्किल दिन, बताया कैसे बॉलीवुड ने किया था किनारा

एक्टर विवेक ओबेरॉय 2000 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड के उभरते हुए सितारों में गिने जाते थे. ‘कंपनी’ और ‘साथिया’ जैसी फिल्मों से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी. लेकिन साल 2003 में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उनकी जिंदगी और करियर में बड़ा बदलाव आ गया था. वो वक्त विवेक के लिए काफी मुश्किल था. अब कई सालों बाद एक्टर ने अपने उस बुरे दौर के बारे में बात की है.
विवेक हाल ही में ‘रीलर्न पॉडकास्ट’ में पहुंचे. उन्होंने बताया कि उस विवाद के बाद उनकी जिंदगी किसी नर्क से कम नहीं थी. एक्टर ने यह भी दावा किया कि जो फिल्ममेकर उनके साथ काम करना चाहते थे, उन्हें अंडरवर्ल्ड से फोन आते थे और विवेक के साथ काम न करने की धमकी दी जाती थी.
बॉलीवुड ने विवेक ओबेरॉय से कर लिया था किनारा
पॉडकास्ट के दौरान विवेक से 2000 के दशक की शुरुआत में हुए उस विवाद के बारे में पूछा गया, जब उनका करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था. इस पर बिना किसी का नाम लिए और विवाद की पूरी जानकारी दिए बिना उन्होंने कहा, ‘वह मेरी जिंदगी का बहुत बुरा दौर था, मैंने एक ऐसी चीज के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश की, जिसे मैं गलत मानता था. मेरी सोच थी कि कुछ सीमाएं होती हैं, जिन्हें कभी पार नहीं करना चाहिए. महिलाओं का सम्मान होना चाहिए और उनके साथ एक खास तरीके से पेश आना चाहिए. मैंने जो गलत लगा, उसके खिलाफ आवाज उठाई और इसके बाद मुझे काफी परेशान किया जाने लगा.’
विवेक ने आगे बताया कि हिट फिल्में देने, सफलता हासिल करने और अवॉर्ड मिलने के बावजूद एक ताकतवर गुट उनके खिलाफ हो गया था. उन्होंने कहा, ‘एक बहुत ताकतवर लॉबी ने सब कुछ अपने हाथ में ले लिया था और बॉलीवुड में मेरी जगह खत्म कर दी गई थी. मैंने जिन फिल्मों को साइन किया था, उनमें से भी लोग पीछे हटने लगे थे.’
फिल्ममेकर्स को आते थे अंडरवर्ल्ड से फोन
विवेक ने बताया कि धीरे-धीरे हालात और खराब होते चले गए. फिल्ममेकर्स ने उन्हें अपनी फिल्मों से बाहर करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, जो लोग नैतिकता के आधार पर उनका साथ दे रहे थे, उन्हें भी कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड से धमकी भरे फोन आने लगे थे. विवेक ने आगे कहा, ‘मैंने सच में बहुत बुरा वक्त और तकलीफ झेली है. मुझे काम इसलिए नहीं नहीं मिल रहा था कि मैं अच्छा काम नहीं कर पा रहा था. यह मेरी प्रतिभा, अभिनय या काम करने के तरीके की वजह से नहीं था. यह ऐसी चीज थी, जिस पर मेरा कोई कंट्रोल नहीं था.’
विवेक ओबेरॉय का वर्कफ्रंट
विवेक ओबेरॉय के वर्कफ्रंट की बात करें तोइस साल वह नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ का हिस्सा बने. इस फिल्म में उन्होंने रावण के बहनोई और शूर्पणखा के पति विद्युतजिह्वा का किरदार निभाया है. अब विवेक के पास संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ है. इस फिल्म में प्रभास और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म अगले साल रिलीज होने वाली है.




