USV health awareness series: टाइप 2 डायबिटीज में दिल और किडनी को कैसे बचाएं? डॉक्टर्स से जानें खतरे की वजह

टाइप 2 डायबिटीज के होने पर अधिकतर लोग रूटीन में ब्लड शुगर को कंट्रोल करने पर ज्यादा फोकस करते हैं. इसके हिसाब से खानपान और दवाएं ली जाती है. पर क्या आप जानते हैं कि शुगर का लेवल नॉर्मल होने के बाद भी हार्ट और किडनी की हेल्थ को नुकसान हो रहा होता है? ऑर्गन्स का डैमेज बहुत पहले शुरू हो जाता है और लोगों को इसका तब पता चलता है जब कोई गंभीर संकेत या लक्षण शरीर में नजर आए.
यूएसवी हेल्थ अवेयरनेस वेबिनार सीरिज के दूसरे सीजन में कार्डियोलॉजिस्ट ने डायबिटीज, हार्ट डिजीज और किडनी की हेल्थ के बीच क्या कनेक्शन है ये लोगों को समझाया. उन्होंने बताया कि कैसे आप शुरू में ही देखबभाल करके और लाइफस्टाइल में छोटे बदलाव के जरिए हार्ट-किडनी से जुड़े बड़े खतरों से बच सकते हैं.
क्यों ब्लड शुगर को कंट्रोल करना काफी नहीं
डॉक्टर रवि गुप्ता, कार्डियोलॉजिस्ट, डॉ. रवि गुप्ता हार्ट क्लिनीक, मुंबई ने बताया कि कैसे डायबिटीज हमारे कई अंग जैसे हार्ट, किडनी, ब्रेन और आंखों पर बुरा असर डालती है. डॉक्टर कहते हैं कि सिर्फ डायबिटीज को कंट्रोल करना काफी नहीं है. इसके साथ कोलेस्ट्रॉल और हेल्थ से जुड़ी दूसरी चीजों को भी मॉनिटर करना जरूरी है.
डॉ. नीरज वरयानी, हेड ऑफ कार्डियोलॉजी, जीआरएस हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर कानपुर कहते हैं कि कई मरीजों को डायबिटीज का पता चलने से पहले ही वे कुछ समय से इस बीमारी के साथ जी रहे होते हैं. ऐसे में उन्होंने सलाह दी कि डायबिटीज का पता चलते ही बचाव के उपाय शुरू कर देने चाहिए. इसमें किडनी की जांच और जरूरत के मुताबिक दिल की जांच करवाना भी शामिल है.
हार्ट अटैक और हार्ट फेलियर में क्या अंतर है?
डॉ. वरुण कुमार, एचओडी और सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट, सैंटे वीटा हॉस्पिटल, रांची) ने बताया कि हार्ट अटैक तब होता है, जब दिल की मांसपेशियों तक खून पहुंचाने वाली नस में रुकावट आ जाती है. वहीं, हार्ट फेलियर की स्थिति में दिल शरीर की जरूरत के हिसाब से खून को सही तरीके से पंप नहीं कर पाता या उसमें खून भरने की प्रक्रिया ठीक से नहीं हो पाती.
सांस फूलना, बिना ज्यादा काम किए थकान महसूस होना, पैरों में सूजन आना और लेटने पर सांस लेने में परेशानी होना हार्ट फेलियर के संकेत हो सकते हैं. डायबिटीज के मरीजों में दिल से जुड़ी समस्याएं बिना सीने में दर्द जैसे सामान्य लक्षण के भी हो सकती हैं.
डायबिटीज के मरीज दिल और किडनी को कैसे सुरक्षित रखें?
डॉक्टरों ने सलाह दी कि डायबिटीज के मरीज नियमित रूप से डॉक्टर के संपर्क में रहें. समय-समय पर ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल की जांच करवाएं और डॉक्टर की बताई दवाएं लेते रहें. बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं की डोज में बदलाव न करें.
खाने में ज्यादा सब्जियां, साबुत अनाज और ताजे फल शामिल करें. नमक और चीनी का ज्यादा सेवन करने से बचें और रेड मीट का सेवन कम करें. अगर आप डेस्क जॉब करते हैं और लंबे समय तक बैठे रहते हैं, तो बीच-बीच में उठकर थोड़ी देर टहलना शुरू करें.
डॉ. गुप्ता ने आगे बताया कि दिल और किडनी की समस्याएं एक-दूसरे से जुड़ी हो सकती हैं. इस स्थिति को कार्डियोरेनल सिंड्रोम (Cardiorenal Syndrome) कहा जाता है. इसमें दिल की बीमारी किडनी को प्रभावित कर सकती है और किडनी की समस्या दिल पर भी असर डाल सकती है.
इसलिए इलाज के दौरान दोनों अंगों की सेहत को ध्यान में रखना जरूरी है. नियमित जांच और डॉक्टर की निगरानी से मरीजों को दिल और किडनी से जुड़ी जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है.




