शिक्षा

हरजोत कौर बम्हरा बनीं BPSC की नई अध्यक्ष, जानें सैनिटरी पैड विवाद से क्या है कनेक्शन

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को नई स्थायी अध्यक्ष मिल गई हैं. बिहार कैडर की 1992 बैच की IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. उनका कार्यकाल 29 नवंबर 2026 से शुरू होगा. वह अगले छह साल या 62 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा तक इस पद पर रहेंगी. इससे पहले सितंबर 2026 में उन्हें आयोग का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. लंबे प्रशासनिक एक्सपीरियंस वाली हरजोत कौर बिहार सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं. आइये जानते हैं उनके बारे में.

अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता परीक्षाओं का आयोजन समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ कराना होगा. इससे पहले उन्होंने 23 नवंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया था. राज्य सरकार ने उनका आवेदन स्वीकार करते हुए 28 नवंबर 2026 से सेवानिवृत्ति को मंजूरी दे दी है.

कहां से की है पढ़ाई?

हरजोत कौर बम्हरा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एमए की पढ़ाई पूरी की है. इसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल स्टडीज के क्षेत्र में एमफिल की डिग्री हासिल की. साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून में भी एक्सपर्टीज प्राप्त की है और आईएआईएलडी से इस विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है.

कई महत्वपूर्ण विभागों में संभाली जिम्मेदारी

हरजोत कौर बम्हरा का प्रशासनिक करियर काफी लंबा रहा है. उन्होंने बिहार सरकार के साथ-साथ केंद्र में प्रतिनियुक्ति के दौरान भी कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. वह अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में कला, संस्कृति, खेल एवं युवा मामले, समाज कल्याण और भू-विज्ञान एवं खान विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं.

इसके अलावा वह पर्यटन विभाग की सचिव, पशुपालन विभाग की प्रबंध निदेशक और योजना एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग की मुख्य सलाहकार भी रह चुकी हैं. उन्होंने वित्त, ट्रांसपोर्ट, ग्रामीण विकास और वन एवं पर्यावरण विभाग में भी कई पदों पर काम किया है. मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में भी उनकी तैनाती रही है. वह जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट सहित कई प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं.

2022 में सैनिटरी पैड वाले बयान से आई थीं चर्चा में

हरजोत कौर बम्हरा वर्ष 2022 में एक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को दिए गए जवाब को लेकर विवादों में आ गई थीं. पटना में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने सरकार से सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की मांग की थी. एक छात्रा ने सवाल किया था कि जब सरकार पोशाक और स्कॉलरशिप देती है, तो 20-30 रुपये का सैनिटरी पैड क्यों नहीं दे सकती? इस पर हरजोत कौर ने कहा था कि अगर सरकार सैनिटरी पैड देगी तो आगे जींस, जूते और दूसरी चीजें देने की मांग भी की जाएगी. कार्यक्रम में छात्राओं ने स्कूलों के शौचालयों के टूटे दरवाजों और निजता से जुड़ी समस्याओं पर भी सवाल उठाए थे. इस पर उनके जवाब की भी आलोचना हुई थी. बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद हरजोत कौर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. अब BPSC अध्यक्ष के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी पर सभी की नजरें रहेंगी.

Related Articles

Back to top button