अजब-गजब

18 महीने बाद भी ताजा है पहले दिन की याद, जानिए गूगल में काम करने वाली इस इंजीनियर के फर्स्ट डे का एक्सपीरियंस

किसी बड़ी कंपनी में नौकरी पाना कई लोगों का सपना होता है. खासकर जब बात Google जैसी दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों की हो, तो वहां काम करने की चाहत रखने वाले युवाओं की कमी नहीं है. लेकिन जब सालों की मेहनत के बाद यह सपना सच होता है, तो उस पल की खुशी कुछ अलग ही होती है. कुछ ऐसा ही एक्सपीरियंस Google के बेंगलुरु ऑफिस में काम करने वाली सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रियंका मित्तल का भी रहा. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने पहले दिन का एक्सपीरियंस शेयर किया है, जिसे देखकर कई लोग उनसे जुड़ाव महसूस कर रहे हैं.

प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें उन्होंने बताया कि Google में काम करते हुए उन्हें करीब 18 महीने हो चुके हैं, लेकिन कंपनी में बिताया पहला दिन आज भी उन्हें अच्छी तरह याद है. उनके लिए यह सिर्फ एक नई नौकरी की शुरुआत नहीं थी, बल्कि बचपन से देखे गए एक बड़े सपने के पूरा होने जैसा था. प्रियंका ने बताया कि जब वह बेंगलुरु पहुंची थीं, तब उन्हें खुद भी अंदाजा नहीं था कि वह इस शहर में कितने समय तक रहेंगी. नई जगह, नया ऑफिस और नई जिम्मेदारियों को लेकर उनके मन में काफी उत्साह था. हालांकि, थोड़ी घबराहट भी थी. आखिरकार यह उनके करियर का एक बड़ा मौका था.

पूरा हुआ बचपन का सपना

उन्होंने बताया कि Google ऑफिस में पहला दिन उनके लिए बेहद खास रहा. उस समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे उनका बचपन वाला सपना सच हो गया हो. ऑफिस पहुंचने के बाद सबसे पहले उन्होंने अपना कर्मचारी आईडी कार्ड लिया. इसके बाद उन्होंने ऑफिस में मिलने वाले खाने के विकल्प देखे और वहां लंच भी किया. प्रियंका के लिए ये छोटी-छोटी बातें भी किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं थीं. उन्हें बार-बार इस बात का एहसास हो रहा था कि जिस मुकाम तक पहुंचने का सपना उन्होंने सालों पहले देखा था, आज वह उसी जगह खड़ी हैं.

पहले दिन के एक्सपीरियंस के अलावा प्रियंका ने एक दूसरे वीडियो में Google के बेंगलुरु ऑफिस में अपनी रोजाना की दिनचर्या भी दिखाई है. इससे लोगों को यह जानने का मौका मिला कि दुनिया की बड़ी टेक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों का सामान्य दिन कैसा होता है. प्रियंका के मुताबिक, उनका दिन सुबह 8:30 बजे शुरू होता है. इसके करीब एक घंटे बाद वह ऑफिस में ब्रेकफास्ट करती हैं. सुबह 11 बजे उनकी मीटिंग होती है. इसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे वह कॉफी ब्रेक लेती हैं.

कॉफी पीने के बाद वह दोपहर 3 बजे फिर से अपने काम पर लौट आती हैं. इसके बाद शाम 6:30 बजे तक उनका काम चलता है. ऑफिस का काम खत्म होने पर वह अपना सामान समेटती हैं और वापस अपने कमरे पर चली जाती हैं, जहां उन्हें आराम करने का समय मिलता है. प्रियंका के दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. कई यूजर्स ने उनके सफर को मोटिवेशन बताया है. वहीं, कुछ लोगों ने कमेंट करते हुए कहा कि Google में नौकरी पाना उनका भी सपना है.

एक यूजर ने लिखा कि आप बहुत अच्छा कर रही हैं. आप मेरे लिए मोटिवेशन हैं. मैं भी अपने लक्ष्य हासिल करना और अपने सपने पूरे करना चाहता हूं. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि अब यहां से सिर्फ आगे बढ़ना है. कई लोगों ने प्रियंका से करियर से जुड़ी सलाह और Google में नौकरी पाने की तैयारी के बारे में भी जानकारी शेयर करने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका में मां की सर्जरी का खर्च था 41 लाख, भारत आई तो सिर्फ 4 लाख में हो गया ऑपरेशन!

प्रियंका की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, उन्होंने IIT मंडी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है. इसके बाद उन्हें Google में इंटर्नशिप करने का मौका मिला. उनकी इंटर्नशिप आगे चलकर प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) में बदल गई. इसके बाद प्रियंका ने कंपनी में फुल टाइम नौकरी पाने के लिए इंटरव्यू के दो राउंड दिए और आखिरकार उनका चयन हो गया. उनकी कहानी उन युवाओं के लिए एक अच्छी मिसाल है, जो पढ़ाई के दौरान किसी बड़ी टेक कंपनी में काम करने का सपना देखते हैं. प्रियंका का सफर यह भी दिखाता है कि सही मौके, मेहनत और लगातार कोशिश से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Priyanka Mittal (@priyanka_mits) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button