पति-पत्नी का जमाना गया! अब 3-4 लोग भी बन सकेंगे ‘ऑफिशियल कपल’, अमेरिका के इस शहर ने दिया कानूनी हक

प्यार को लेकर अमेरिका से एक ऐसी खबर आई है, जिसने सबका दिमाग घुमा दिया है. अब वहां 1 पति-पत्नी वाला पुराना फॉर्मूला नहीं चलेगा. अमेरिका के कैलिफोर्निया के एक शहर ने 3 या 4 लोगों वाले ‘पॉलीमोरस रिलेशनशिप’ को भी कानूनी मान्यता दे दी है. यानी अब थ्रपल और फोरसम भी सरकार के कागजों में ऑफिशियल पार्टनर बन सकेंगे.
क्या है पूरा मामला?
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ये फैसला लॉस एंजेलिस के पास बसे शहर वेस्ट हॉलीवुड ने लिया है. 3 नवंबर को यहां की सिटी काउंसिल ने सर्वसम्मति से एक नया कानून पास कर दिया. इस कानून को मेयर जॉन हेइलमैन लेकर आए थे.
इस कानून के तहत अब 3 या उससे ज्यादा लोग, जो आपसी सहमति से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं, वो सिटी क्लर्क के पास जाकर अपने रिश्ते को डोमेस्टिक पार्टनर के तौर पर रजिस्टर करा सकते हैं.
क्या-क्या मिलेगा फायदा?
रजिस्टर होने के बाद इन पार्टनर्स को कुछ कानूनी हक मिलेंगे. जैसे अगर कोई एक पार्टनर अस्पताल में भर्ती है, तो बाकी पार्टनर उससे मिलने जा सकेंगे. जेल में भी मिलने का हक मिलेगा. इसके अलावा किराए के मकान को लेकर भी सुरक्षा मिलेगी. मकान मालिक सिर्फ इसलिए किराया खत्म नहीं कर सकेगा, क्योंकि घर में एक से ज्यादा पार्टनर रहते हैं.
सबसे दिलचस्प बात ये है कि इसके लिए उस शहर में रहना भी जरूरी नहीं है. बाहर के लोग भी वहां जाकर अपना रिश्ता रजिस्टर करा सकते हैं.
क्या ये शादी जैसी है?
नहीं, ये पूरी तरह शादी नहीं है. इस कानून से शादी वाले पूरे हक नहीं मिलेंगे. जैसे विरासत, टैक्स में छूट या शादी वाले दूसरे फायदे इसमें नहीं मिलेंगे. ये सिर्फ रिश्ते को एक कानूनी पहचान देने जैसा है.
रजिस्टर कराने के लिए हैं 2 शर्तें
पहली शर्त ये है कि सभी पार्टनर्स की आपसी सहमति होनी चाहिए. दूसरी शर्त के अनुसार, सभी के बीच खून का रिश्ता नहीं होना चाहिए.
लोग क्या कह रहे हैं?
इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग इसे प्यार की आजादी बता रहे हैं, तो कुछ लोग कह रहे हैं कि ये तो परिवार की परिभाषा ही बदल देगा. लेकिन वेस्ट हॉलीवुड ऐसा करने वाला पहला शहर नहीं है. इससे पहले अमेरिका के कुछ और शहर भी ऐसे रिश्तों को मान्यता दे चुके हैं.




