न मंच, न दर्शक और न कोई खास इंतजाम, फिर भी इंदौर के इस शख्स की आवाज ने जीता दिल

इंदौर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. वीडियो में एक ब्लाइंड कपल अपनी छोटी बेटी के साथ गाना गाते नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि परिवार के आसपास कोई खास भीड़ दिखाई नहीं देती, लेकिन इसके बावजूद तीनों पूरे मन से अपनी परफॉर्मेंस देते रहते हैं. शख्स की आवाज में ऐसा दर्द और मिठास है कि गाना सुनने वाला कुछ पल के लिए वहीं ठहर जाए.
इस वीडियो को एक्स पर रमेश स्पीक्स नाम के यूजर ने शेयर किया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस परिवार के हुनर को पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करें. वीडियो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने परिवार की प्रतिभा की तारीफ की और उनके लिए कुछ बेहतर करने की बात कही. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ खड़ा है. उसके हाथ में एक पोर्टेबल माइक है और वह फिल्म ‘दिलवाले’ का मशहूर गाना ‘जीता हूं जिसके लिए’ गा रहा है. गाते समय उसकी आवाज में गजब का ठहराव और भावनाएं सुनाई देती हैं. वह गाने की हर लाइन को पूरे एहसास के साथ पेश करता है. वहीं, उसकी पत्नी और बेटी भी उसके साथ खड़ी नजर आती हैं. तीनों के बीच का तालमेल और परिवार का एक साथ इस तरह प्रस्तुति देना वीडियो को और खास बना देता है.
हुनर के दम पर परिवार चलाता है अपना घर
इस पूरी प्रस्तुति में न कोई बड़ा मंच था, न महंगे म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट और न ही कोई शानदार साउंड सिस्टम. परिवार के पास बस एक छोटा-सा माइक था और गाने के प्रति उनका जुनून. आसपास भी कोई बड़ी भीड़ नजर नहीं आ रही थी. ऐसा लग रहा था कि परिवार को सुनने के लिए वहां बहुत कम लोग रुके थे. इसके बावजूद गायक ने अपना हौसला कम नहीं होने दिया और पूरे मन से गाना जारी रखा. वीडियो शेयर करते हुए रमेश स्पीक्स ने बताया कि यह परिवार मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला है. उन्होंने पति-पत्नी को दृष्टिबाधित बताते हुए कहा कि दोनों अपनी गायकी के हुनर के जरिए रोजी-रोटी कमाने की कोशिश करते हैं.
उन्होंने लोगों का ध्यान इस बात की ओर भी खींचा कि हमारे आसपास ऐसे कई प्रतिभाशाली लोग मौजूद हैं, जिन्हें सही मौका और पहचान नहीं मिल पाती. इस परिवार की गायकी को सुनकर भी यही सवाल उठता है कि आखिर ऐसे हुनरमंद लोगों को अपनी टैलेंट दिखाने के लिए बेहतर मंच क्यों नहीं मिलता? रमेश ने यह भी कहा कि हो सकता है कि इस तरह के कलाकारों को कभी किसी बड़े सिंगिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने का मौका न मिले, जबकि उनमें किसी भी प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाने की काबिलियत है. उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की, ताकि परिवार की आवाज अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और उन्हें काम के साथ पहचान भी मिल सके.
यह भी पढ़ें: पति-पत्नी के झगड़े को खत्म करने के लिए अपनाएं ये 3 नियम, वीडियो बनाकर शख्स ने खोले खुशहाल रिश्ते के राज
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने परिवार के लिए अलग-अलग सुझाव दिए. कई यूजर्स ने शख्स की आवाज की तारीफ की, तो कुछ ने कहा कि केवल वीडियो देखकर भावुक होने से कुछ नहीं होगा. परिवार की असल मदद करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है.
यहां देखिए वीडियो
Talent Shocker: They will never get a chance to perform in any singing competition because they dont know how to put themselves forward.
They use their talent just to earn a living.
Watch how this visually impaired singer couple from Indore, Madhya Pradesh, is winning hearts with their beautiful voice.
Share this video and help give them the respect they truly deserve— Ramesh Speaks (@rameshofficial0) November 4, 2026




