अजब-गजब

लखनऊ के ऑटो ड्राइवर का अनोखा जज्बा, जो सवारियों के साथ-साथ अपने सपनों को भी पहुंचा रहा है मंजिल तक

लखनऊ की सड़कों पर सफर के दौरान एक महिला की मुलाकात ऐसे ऑटो ड्राइवर से हुई, जिसने अपनी जिंदगी की मुश्किलों के आगे हार मानने के बजाय उनसे लड़ने का रास्ता चुना है. दिनभर ऑटो चलाकर अपनी जरूरतें पूरी करने वाला यह शख्स खाली समय में मोबाइल पर पढ़ाई करता है. उसका सपना सरकारी टीचर बनने का है. खास बात यह है कि वह अपनी रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के साथ शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रहा है. उसकी कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है.

दरअसल, सोशल मीडिया पर लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़े वीडियो शेयर करने वाली कंटेंट क्रिएटर मल्लिका अग्रवाल रुपानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस मुलाकात का वीडियो पोस्ट किया है. मल्लिका अक्सर देश के अलग-अलग हिस्सों में घूमते हुए वहां के लोगों और मजेदार एक्सपीरियंस को अपने फॉलोअर्स के साथ शेयर करती हैं. इस बार लखनऊ में उन्हें एक ऐसा ऑटो ड्राइवर मिला, जिसकी मेहनत और सोच ने उन्हें काफी इंप्रेस किया.

‘जितनी बड़ी परेशानी, उतना बेहतर समाधान’

वीडियो में मल्लिका ऑटो चला रहे शख्स से पूछती हैं कि मैंने देखा कि आप गाड़ी चलाते हुए कुछ पढ़ रहे हैं. आखिर किस चीज की तैयारी कर रहे हैं? इसके बाद कैमरा ऑटो के अंदर की तरफ जाता है, जहां एक मोबाइल स्टैंड पर स्मार्टफोन लगा हुआ दिखाई देता है. फोन पर पढ़ाई से जुड़ा एक वीडियो चल रहा था, जिसे देखकर ड्राइवर तैयारी कर रहा था.

ऑटो ड्राइवर ने अपना नाम सूरज तिवारी बताया. उसने कहा कि वह सुपर टीईटी (Super TET) परीक्षा की तैयारी कर रहा है. जिसकी मदद से यूपी में सरकारी टीचर बन सकता है. बातचीत के दौरान सूरज ने बताया कि वह मूल रूप से अमेठी का रहने वाला है. वह दिसंबर में लखनऊ आया था और तभी से इस परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ है. उसका इरादा किसी CBSE स्कूल में नौकरी करने का था, लेकिन जब वहां काम नहीं मिला तो उसके सामने पैसों को लेकर परेशानियां खड़ी हो गईं. घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसने ऑटो चलाना शुरू कर दिया, ताकि अपना खर्च चला सके और परिवार पर भी ज्यादा बोझ न पड़े. हालांकि, काम शुरू करने के बाद भी उसने पढ़ाई छोड़ने के बारे में नहीं सोचा. अब वह ऑटो चलाते हुए मिलने वाले छोटे-छोटे समय का इस्तेमाल अपनी तैयारी को आगे बढ़ाने में करता है.

मल्लिका ने सूरज से पूछा कि आखिर वह ऑटो चलाने और पढ़ाई करने के बीच तालमेल कैसे बैठा पाता है? इस पर सूरज ने बड़े आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया कि उसका दिमाग समस्याओं का हल खोजने में लगा रहता है. वह हर मुश्किल को एक चुनौती की तरह देखता है और उससे निकलने का रास्ता तलाशता है. उसने कहा कि मैं मैनेज कर लेता हूं. मेरी सोच ऐसी है कि मैं हर समस्या का समाधान ढूंढने की कोशिश करता हूं. परेशानी जितनी बड़ी होती है, मुझे उससे बाहर निकलने का रास्ता खोजने का उतना ही मौका मिलता है.

सूरज की यह बात बताती है कि मुश्किल हालात में भी अगर इंसान अपनी सोच सकारात्मक रखे तो रास्ते निकल सकते हैं. उसके लिए ऑटो चलाना सिर्फ कमाई का जरिया नहीं है, बल्कि अपने सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ते रहने का एक तरीका भी है. इस बातचीत में सूरज ने अपने जीवन का एक और बड़ा सपना भी बताया. उसने मुस्कुराते हुए कहा कि उसकी जिंदगी का एक सपना है और वह है बाइक से पूरी दुनिया घूमना. वह एक दिन ऐसा करके दिखाना चाहता है, ताकि लोगों को भी पता चले कि वह अपने दम पर अपने सपने पूरे कर सकता है. सूरज की बातें सुनकर मल्लिका भी काफी प्रभावित हुईं. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि कई बार जिंदगी की सबसे मोटिवेशनल कहानियां हमें रोजमर्रा की जिंदगी में ही मिल जाती हैं. सूरज जहां एक तरफ लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का काम कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए भी लगातार मेहनत कर रहा है.

यह भी पढ़ें: दादा जी की एक छोटी सी टिप आएगी बड़े काम, वीडियो में सिखाया फोन का ये जरूरी फीचर

मल्लिका ने उसके सुपर टीईटी के एग्जाम और आने वाले भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने लिखा कि वह लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचने में मदद कर रहा है और खुद भी अपनी मंजिल तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स सूरज की मेहनत और हौसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि आर्थिक परेशानियों के बावजूद पढ़ाई जारी रखना आसान नहीं होता, लेकिन सूरज ने हार मानने के बजाय अपने लिए रास्ता निकाल लिया.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Mallika Agarwal Rupani (@_mallikaagarwal) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button