मनोरंजन

Daler Mehndi On Uttarakhand Row: मैंने जो झेला, वो बता नहीं सकता…उत्तराखंड परफॉर्मेंस विवाद पर दलेर मेहंदी ने तोड़ी चुप्पी

Daler Mehndi On Uttarakhand Row: उत्तराखंड में मां कुंजापुरी टूरिज्म एंड डेवलपमेंट मेले में परफॉर्मेंस के दौरान हुए ‘शराब और लिपसिंक’ विवाद पर पहली बार सिंगर दलेर मेहंदी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. दिवाली के खास मौके पर उन्होंने उस विवाद में सपोर्ट करने के लिए तमाम फैंस, फैमिली और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों का शुक्रिया अदा किया है. उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम के दौरान उनपर शराब पीकर परफॉर्म करने और खुद गाने की बजाय गानों पर लिपसिंक करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह समेत कई सितारों ने उनके लिए आवाज उठाई थी.

इंस्टाग्राम पर जारी दो पन्नों के बयान में दलेर मेहंदी ने लिखा है, “इस दिवाली मैं खास तौर पर आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. जिस भी स्टेज पर मैं गया, मेरे संगीत की वजह से कई सालों से मुझे खूब प्यार मिला है, पर कुछ दिनों पहले मैंने जो झेला, उसने मुझपर ऐसा असर डाला है, जिसे शब्दों में बयान करना भी मुश्किल है. आप जिस तरह मेरे साथ खड़े रहे, जिस तरह मेरे लिए आवाज उठाई, जैसा यकीन आपने मुझपर जताया और जैसा प्यार दिया, मुझे नहीं लगता कि मैं कभी पूरी तरह से बता पाऊंगा कि ये सब मेरे लिए कितना मायने रखता है.”

ये भी पढ़ें: मैं शराब पीता तो 13 साल की उम्र में दलेर मेहंदी के सामने किसने और क्या शर्त रखी थी? जिसे अब भी निभा रहे

“मैंने आपकी दुआओं को महसूस किया”

दलेर मेहंदी ने पोस्ट में लिखा है कि मैंने आपके संदेश पढ़े, आपकी बातें सुनीं और आपकी दुआओं को महसूस किया. इन सबके बीच मैं खुद को बेहद भाग्यशाली और आपका आभारी महसूस कर रहा हूं. आगे उन्होंने कहा कि इस पूरे वक्त में उनका परिवार उनकी सबसे बड़ी ताकत की तरह उनके साथ रहा. उन्होंने मीका सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि मेरा भाई मीका मेरे लिए एक ऐसी ताकत बनकर खड़ा हुआ, जिसका सामना करना आसान नहीं था. उन्होंने पोस्ट में अपनी पत्नी तरन, बेटे गुरदीप और बेटी रबाब, अजित और प्रभजोत की भी सराहना की.

उनहोंने पोस्ट में लिखा, “पूरी म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री, भारत के कोने-कोने से मुझसे संपर्क करने वाले सभी लोगों, मेरे फैंस और पूरे देश का शुक्रिया. आपने मुझे प्यार, विश्वास और सम्मान का जो सरोपा दिया है, उसके लिए मैं आप सभी का आभारी हूं.”

View this post on Instagram

A post shared by Daler Mehndi (@thedalermehndiofficial)

उन्होंने पोस्ट में आगे कहा, “मेरा हमेशा से मानना रहा है कि परिवार सिर्फ वो लोग नहीं होते, जिनके घर में हम पैदा होते हैं, बल्कि वो लोग भी परिवार होते हैं जो जरूरत के समय हमारे साथ खड़े रहते हैं. आज मैं इस बात को पहले से कहीं ज्यादा गहराई से समझ पा रहा हूं.” उन्होंने दिवाली की बधाई देते हुए कहा, “इस दिवाली हर घर में दीए जगमगाएंगे, पर मेरे दिल में जो रोशनी आप सबके प्यार ने जगाई है, वो मेरे लिए सबसे खास है.

क्या है पूरा विवाद?

उत्तराखंड में आयोजित मां कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के बाद विवाद खड़ा हो गया था. इस कार्यक्रम में दलेर मेहंदी मुख्य कलाकार के तौर पर पहुंचे थे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के साथ राजनेता भी मौजूद थे. इसी दौरान लाइव परफॉर्मेंस के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंच गए और उन्होंने दलेर मेहंदी के कार्यक्रम पर सवाल उठाए थे. मंत्री ने आरोप लगाया कि गायक नशे की हालत में नजर आ रहे थे और लाइव गाने के बजाय पहले से रिकॉर्ड किए गए गाने पर सिर्फ होंठ हिला रहे थे. बाद में मंत्री ने दावा किया कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए थे.

लाइव परफॉर्मेंस के दौरान मंत्री के इस रवैये के बाद मीका सिंह ने माफी की मांग की थी. उन्होंने मंत्री के नशे में होने के आरोपों को खारिज किया और बताया कि दलेर मेहंदी की हाल ही में सर्जरी हुई है. मीका सिंह ने कैबिनेट मंत्री से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की थी. इंडस्ट्री के भी कई लोगों ने दलेर के बीमारी के बारे में बात की थी और कहा था कि वो कभी शराब पीते ही नहीं.

Related Articles

Back to top button