Ramayana Indonesia Release: इंडोनेशिया में ‘रामायण’ की धमाकेदार एंट्री, 1000 से ज्यादा शोज़, खतरे में शाहरुख खान का सबसे बड़ा रिकॉर्ड

Ramayana Indonesia Release: दुनियाभर में छप्परफाड़ कमाई कर रही रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट 1’ इंडोनेशिया के सिनेमाघरों में भी पहुंच गई है. ओपनिंग डे पर दोपहर 2:30 बजे तक (जकार्ता टाइम) फिल्म के करीब 17 हज़ार टिकटों की बुकिंग हुई है, जिससे माना जा रहा है कि फिल्म वहां के मार्केट में अच्छा बिजनेस कर सकती है. इंडोनेशिया में लंबे वक्त से शाहरुख खान की फैन फोलोइंग तगड़ी देखी गई है. उनकी फिल्में वहां अच्छा बिज़नेस करती हैं. इंडोनेशिया भले ही मुस्लिम बहुल देश है, लेकिन सांस्कृतिक रूप से इस देश का भारत से खास जुड़ाव रहा है. ‘रामायण’ का तो वहां के लोगों पर गहरा प्रभाव रहा है ऐसे में फिल्म के बिज़नेस पर इसका असर हो सकता है.
इंडोनेशिया में रिलीज़ को लेकर Bicara Box Office ने जानकारी शेयर की है. रिपोर्ट के मुताबिक ‘रामायण’ इंडोनेशिया में बड़े पैमाने पर रिलीज़ की गई है. फिल्म वहां 1000 से ज्यादा शोज़ के साथ रिलीज़ हुई है. ‘रामायण‘ का ये नंबर इसलिए बड़ा है क्योंकि शाहरुख खान की जवान के वहां ओपनिंग डे पर 221 शोज़ और पठान के 264 शोज़ ही चलाए गए थे.
इंडोनेशिया और ‘रामायण’ का कनेक्शन
रामायण इंडोनेशिया के लिए खास है. वहां के कलाकार ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे महाकाव्यों का मंचन भी सालों से करते रहे हैं. मुस्लिम कलाकार भी इन किरदारों को निभाते हैं. इसके अलावा भी इंडोनेशिया और हिंदू धर्म का कई तरह का कनेक्शन सामने आता है. वहां 9वीं शताब्दी में बने मशहूर बोरबुदुर (बौद्ध मंदिर) और प्रम्बनन (हिंदू मंदिर) मौजूद है. वहां की मुद्रा (रुपये) पर भगवान गणेश का चित्र भी अंकित है.
इंडोनेशिया में भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म कौन सी है?
इंडोनेशिया में ऐतिहासिक तौर पर शाहरुख खान बेहद प्रचलित रहे हैं. साल 2001 में शाहरुख की ‘कुछ कुछ होता है’ वहां रिलीज़ हुई थी और खूब पसंद की गई थी. साल 2010 में किंग खान की ‘माई नेम इज खान‘ भी इंडोनेशिया में रिलीज़ की गई थी. इस फिल्म ने वहां उस वक्त 1.72 मिलियन डॉलर (16 करोड़ रुपये से ज्यादा) का कलेक्शन किया था. रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म इंडोनेशिया में भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पिक्चर है.
रामायण वर्ल्डवाइड कलेक्शन
नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ प्री-दिवाली रिलीज़ फिल्मों में सबसे ज्यादा बिज़नेस करने वाली फिल्म रही. हालांकि बजट के हिसाब से कमाई कम मानी गई. पर दिवाली के बाद फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली है. वर्ल्डवाइड फिल्म ने 6 दिनों में 820 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. माना जा रहा है कि इस रविवार तक फिल्म 1000 से 1100 करोड़ रुपये तक का बिज़नेस आसानी से कर लेगी. भारत में फिल्म ने नेट 440.45 करोड़ कमा लिए हैं.




