अजब-गजब

ट्रेन में दाल खाते समय यात्री को मिला लोहे का टुकड़ा, आधा खाना खाने के बाद खुली रेलवे की ‘सफाई’ की पोल!

ट्रेन में सफर के दौरान अच्छा खाना मिल जाए तो सफर का मजा दोगुना हो जाता है, लेकिन अगर आपकी दाल में खाने के साथ लोहे का टुकड़ा भी परोस दिया जाए तो क्या होगा? कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला मामला गुवाहाटी जा रही एक ट्रेन में सामने आया है. यहां एक यात्री को अपने खाने में धातु का टुकड़ा मिला. हैरानी की बात यह रही कि उसे इस बारे में तब पता चला, जब वह लगभग आधा खाना खा चुका था.

इस घटना का वीडियो यात्री अमित अवस्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया. वीडियो में वह अपनी दाल से निकला चांदी जैसा चमकने वाला धातु का टुकड़ा दिखाते नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि खाना खाते समय उनकी नजर अचानक इस चीज पर पड़ी. तब तक वह आधे से ज्यादा खाना खा चुके थे. ऐसे में उन्हें चिंता सताने लगी कि कहीं गलती से इस टुकड़े का कोई हिस्सा उनके पेट में तो नहीं चला गया.

दाल में तड़का कम, लोहे का टुकड़ा ज्यादा!

वीडियो में अमित को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने खाने का आधा हिस्सा पहले ही खा लिया था और अब उन्हें डर है कि कहीं वह इस धातु के टुकड़े को निगल तो नहीं गए. उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेन में मौजूद स्टाफ का कहना था कि यह बर्तन साफ करने वाले स्क्रबर का हिस्सा हो सकता है.

अमित ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए रेलवे और IRCTC से सवाल किया कि यात्रियों को आखिर किस तरह का खाना दिया जा रहा है. उनका कहना था कि खाने में ऐसी चीज मिलना सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि यात्रियों की सेहत और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है.

इसी घटना से जुड़े एक दूसरे वीडियो में कैटरिंग स्टाफ का एक कर्मचारी यात्री को सफाई देते हुए दिखाई दिया. कर्मचारी के मुताबिक, दाल में मिला धातु का टुकड़ा बर्तन धोने वाले स्क्रब पैड से टूटकर खाने में गिरा हो सकता है. उसने यात्री से माफी भी मांगी और दूसरा खाना देने के साथ पैसे वापस करने की पेशकश की. हालांकि, अमित ने न तो दूसरा खाना लेने में दिलचस्पी दिखाई और न ही रिफंड स्वीकार किया. उनका कहना था कि वह इस मामले को रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाना चाहते हैं, ताकि ऐसी लापरवाही को गंभीरता से लिया जाए.

यह भी पढ़ें: घर का किचन छोड़ ट्रेन की सीट बनी कुकिंग टेबल, सैंडविच बनाने का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद IRCTC ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. अपने आधिकारिक X अकाउंट से जवाब देते हुए रेलवे की कैटरिंग सेवा से जुड़ी इस घटना को गंभीर बताया गया. IRCTC ने जानकारी दी कि संबंधित कैटरिंग सर्विस प्रोवाइडर पर भारी जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा, घटना में शामिल कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी से हटा दिया गया है. IRCTC ने यह भी कहा कि Service Provider को सख्त चेतावनी दी गई है, ताकि फ्यूचर में ऐसी घटना दोबारा न हो. हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि कैटरर पर कितने रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button