शिक्षा

IIT खड़गपुर के मेडिकल PG प्रोग्राम को MNC से मिली मंजूरी, NEET स्कोर से मिलेगा एडमिशन

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) खड़गपुर अब मेडिकल की पढ़ाई भी कराएगा. IIT खड़गपुर के मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) प्रोग्राम को नेशनल मेडिकल कमीशन (MNC) ने मंजूरी दे दी है. इसके बाद IIT खड़गपुर अब आधिकारिक तौर पर मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) प्रोग्राम शुरू कर सकेगा. मंजूरी मिलने के साथ ही IIT खड़गपुर देश का पहला IIT बन गया है, जो मेडिकल कोर्स संचालित करने जा रहा है. असल में IIT खड़गपुर अपने मेडिकल PG प्राेग्राम को मंजूरी दिलाने के लिए पिछले छह महीने से इंतजार कर रहा था. अब IIT खड़गपुर के मेडिकल PG प्रोग्राम में NEET PG स्कोर के आधार पर एडमिशन दिया जा सकेगा. हालांकि एडमिशन प्रक्रिया इस सेशन से शुरू होगी या अगले सेशन से शुरू होगी, इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है.

आइए, विस्तार से पूरा मामला जानते हैं. IIT खड़गपुर के मेडिकल PG प्रोग्राम के बारे में जानते हैं. जानते हैं कि IIT खड़गपुर ने मेडिकल PG प्रोग्राम के लिए किस तरह का इंफास्ट्रक्चर डेवलप किया है.

मार्च 2026 में भेजा था प्रस्ताव

IIT खड़गपुर ने मेडिकल PG प्रोग्राम शुरू करने के लिए मार्च 2026 में प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय और नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के पास भेजा गया था. तब से ये प्रस्ताव मंजूरी का इंतजार कर रहा था. जानकारी के मुताबिक नवंबर में NMC ने IIT खड़गपुर के मेडिकल PG प्रोग्राम शुरू करने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब IIT खड़गपुर मेडिकल एजुकेशन का पहला बैच शुरू कर सकेगा.

20 सीटों के साथ शुरू हो सकता है मेडिकल PG कोर्स

IIT खड़गपुर पोस्टग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) कोर्स शुरू कर सकता है. जानकारी के मुताबिक ये कोर्स 20 सीटों के साथ शुरू किया जा सकता है. ऐसा ही प्रस्ताव IIT खड़गपुर की तरफ से भेजा गया था. पूर्व में इस संबंध की जानकारी देते हुए IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने बताया था कि NMC से मंज़ूरी लेने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर ली गई हैं और अब संबंधित मंत्रालय के जवाब का इंतजार है.

20 डॉक्टर फैकेल्टी के तौर पर नियुक्त

IIT खड़गपुर में पोस्टग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) कोर्स शुरू करने की कवायद को लेकर IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने बताया था कि MD प्रोग्राम में स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए पहले ही 20 डॉक्टरों की नियुक्ति कर ली गई है. उन्होंने कहा था कि 23 सितंबर, 2025 को संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सामने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए पेश किया गया था, जिसके बाद मंंजूरी के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के पास भेजा गया था.

NEET PG जरिए मिलेगा एडमिशन

IIT खड़गपुर में शुरू होने जा रहे पोस्टग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) कोर्स में एडमिशन NEET PG स्कोर के आधार पर होगा. तो वहीं इसमें एडमिशन लेने वाले स्टूडेंट्स को डॉ. बीसी रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके लिए IIT खड़गपुर की योजना है कि श्यामा प्रसाद अस्पताल का विस्तार किया जाए. अस्पताल को 220 बिस्तरों वाले मिशन-मोड IPD अस्पताल में बदला जाएगा.

Related Articles

Back to top button