Kiss किया तो सरेआम पड़े 22 कोड़े! महिला चीखती रही, लोग वीडियो बनाते रहे

इंडोनेशिया के आचेह में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर पूरी दुनिया हिल गई है. यहां सरेआम एक महिला को 22 कोड़े मारे गए. महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने सरेआम Kiss किया था. महिला दर्द से चीखती रही, लेकिन सजा नहीं रुकी. वहां मौजूद लोग ये सब देखते रहे और कई लोग इसका वीडियो भी बनाते रहे. अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
6 लोगों को दी गई सजा
आचेह में गुरुवार को कुल 6 लोगों को सरेआम कोड़े मारे गए. इनमें से 4 लोगों को गैर-मर्द और गैर-औरत के बीच पब्लिक में प्यार जताने पर सजा दी गई, जबकि 2 लोगों को जुआ खेलने पर कोड़े पड़े. सभी को 9 से 22 कोड़े तक की सजा दी गई. जिस महिला का वीडियो वायरल हो रहा है, उसे सबसे ज्यादा 22 कोड़े मारे गए. कोड़े पड़ने के बाद महिला को खड़े होने के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ी.
आचेह में क्यों है ये कानून?
आचेह इंडोनेशिया का इकलौता ऐसा प्रांत है, जहां शरिया कानून लागू है. यहां शराब पीने, जुआ खेलने, समलैंगिक संबंध बनाने और शादी से पहले या शादी के बाहर संबंध बनाने पर सरेआम कोड़े मारने की सजा दी जाती है. ये सजा आमतौर पर मस्जिद के ग्राउंड या टाउन स्क्वायर में सबके सामने दी जाती है.
दुनिया भर में हो रहा विरोध
इस सजा को लेकर एमनेस्टी इंटरनेशनल और ह्यूमन राइट्स वॉच लगातार विरोध करते रहे हैं. उनका कहना है कि ये सजा अमानवीय है और इंडोनेशिया के संविधान और अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है. इससे पहले अगस्त में भी आचेह में एक महिला को टिकटॉक लाइव पर Kiss करने के आरोप में सरेआम कोड़े मारे गए थे.




