Vikas Khanna Birthday: कभी न्यूयॉर्क के रेस्टोरेंट्स में धोए बर्तन, शेल्टर होम में काटी रातें… आज शाहरुख से लेकर ओबामा तक हैं इस शेफ के मुरीद!

आज न्यूयॉर्क के ईस्ट विलेज स्थित ‘बंगलो’ रेस्टोरेंट में एक टेबल बुक करना किसी बड़े कॉन्सर्ट का टिकट हासिल करने जितना मुश्किल माना जाता है. शाहरुख खान से लेकर हॉलीवुड अभिनेत्री ऐनी हैथवे तक, दुनिया भर की नामी हस्तियां यहां भारतीय व्यंजनों का स्वाद चखने पहुंचती हैं. इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे हैं अमृतसर में जन्मे मशहूर शेफ विकास खन्ना, जो आज यानी 14 नवंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं. करोड़ों दिलों पर राज करने वाले विकास खन्ना का यहां तक पहुंचने का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है, जिसमें भूख, अपमान और कड़े संघर्ष की कई अनसुनी परतें छिपी हैं.
14 नवंबर 1971 को पंजाब के अमृतसर में जन्मे विकास खन्ना बचपन में पैरों की समस्या के कारण 13 साल की उम्र में आम लोगों की तरह चलना शुरू किया था. बाहर खेलने के बजाय उन्होंने अपनी दादी यानी ‘बीजी’ की रसोई में मसालों और खाना पकाने की बारीकियां सीखीं. भारत में मणिपाल से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई और बड़े होटलों में काम करने के बाद, दिसंबर 2000 में वे महज कुछ सौ डॉलर लेकर न्यूयॉर्क पहुंचे. उनका सपना भारतीय खाने को वैश्विक स्तर पर वह सम्मान दिलाना था, जिसका वह हकदार है.
रेस्टोरेंट्स में धोए बर्तन, शेल्टर होम में काटी रातें
न्यूयॉर्क की चकाचौंध के पीछे विकास खन्ना को बेहद कठिन दौर का सामना करना पड़ा. शुरुआती दिनों में काम न मिलने और पैसे खत्म होने की वजह से उनके पास रहने के लिए घर तक नहीं था. कई रातें उन्होंने मैनहट्टन के ‘न्यूयॉर्क रेस्क्यू मिशन’ जैसे होमलेस शेल्टर होम और ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन पर सोकर बिताईं. गुजारा चलाने के लिए उन्होंने न्यूयॉर्क के स्थानीय रेस्टोरेंट्स और कैटरिंग किचन में बर्तन धोने से लेकर डिलीवरी बॉय तक का काम किया. कई बार वे रेस्टोरेंट में बचे हुए खाने से अपनी भूख मिटाते थे.
भारतीय खाने पर सुने ताने, फिर मिशेलिन स्टार जीतकर रचा इतिहास
उस दौर में पश्चिमी देशों के कई बड़े किचन में भारतीय व्यंजनों को सिर्फ मसाले वाली तीखी करी कहकर नजरअंदाज कर दिया जाता था. विकास खन्ना को भी कई बार रिजेक्शन झेलना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. ‘सलाम बॉम्बे’ जैसे रेस्टोरेंट्स में काम करने के बाद साल 2010 में उन्होंने न्यूयॉर्क में ‘जुनून’ रेस्टोरेंट की शुरुआत की. महज 10 महीनों के भीतर इस रेस्टोरेंट ने प्रतिष्ठित ‘मिशेलिन स्टार’ जीतकर इतिहास रच दिया और लगातार कई सालों तक इसे बरकरार रखा.
ये भी पढ़ें- नेटफ्लिक्स ने अनाउंस की पुष्पक विमान, OTT की दुनिया के 3 बड़े दिग्गज पहली बार एक साथ आएंगे नजर
व्हाइट हाउस से बॉलीवुड तक का जलवा
अपनी मेहनत के दम पर विकास खन्ना ने न सिर्फ ‘मास्टरशेफ इंडिया’ के जज के रूप में घर-घर में पहचान बनाई, बल्कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के लिए व्हाइट हाउस में खास दावत भी तैयार की. इसके अलावा वे महारानी एलिजाबेथ द्वितीय, पोप फ्रांसिस और दलाई लामा जैसे वैश्विक नेताओं के लिए भी खाना बना चुके हैं. आज अपनी दिवंगत बहन राधिका खन्ना की याद में बनाए गए रेस्टोरेंट ‘बंगलो’ के साथ वे भारतीय संस्कृति का परचम पूरी दुनिया में लहरा रहे हैं.




