खुद को बड़े कारोबारियों का करीबी बताकर उड़ाए 14 करोड़ के सोने के गहने, 6 महीने तक पुलिस को चकमा देता रहा शख्स…ऐसे खुला राज

अबू धाबी में सोने की ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने खुद को UAE के बड़े कारोबारियों और रसूखदार लोगों का प्रतिनिधि बताकर ज्वेलरी शॉप के मालिक से करीब 14 मिलियन दिरहम (लगभग 32 करोड़ रुपये) के सोने के गहने हासिल कर लिए. आरोपी ने दुकानदार को भरोसा दिलाया था कि वह कई प्रभावशाली लोगों की तरफ से खरीदारी कर रहा है और गहनों का भुगतान बाद में कर दिया जाएगा. लेकिन गहने लेने के बाद उसने पैसे नहीं चुकाए और गायब हो गया.
यह मामला करीब छह महीने पुराना बताया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ज्वेलरी शॉप पर पहुंचा और खुद को UAE के नामी कारोबारियों और बड़े लोगों का प्रतिनिधि बताया. उसकी बातों पर भरोसा करके दुकानदार ने उसे इनवॉइस के आधार पर सोने के गहने दे दिए. दोनों के बीच तय हुआ था कि रकम बाद में चुका दी जाएगी.
भरोसा जीतकर ले गया करोड़ों का सोना
शुरुआत में दुकानदार को लगा कि यह एक नॉर्मल कारोबारी सौदा है, लेकिन जब काफी समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ तो उसे शक हुआ. आखिरकार उसने अबू धाबी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम बनाई. जांच अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक और स्मार्ट सिस्टम की मदद से उपलब्ध सबूतों की जांच की. साथ ही आरोपी की एक्टिवीटी और उसके संपर्कों पर भी नजर रखी गई.
जांच में एक और अहम बात सामने आई. आरोपी ने कथित तौर पर कुछ दूसरे लोगों की मदद भी ली थी, ताकि वे उसकी तरफ से ज्वेलरी इकट्ठा कर सकें. इससे पुलिस को मामले की पूरी साजिश समझने में मदद मिली. तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई. उसकी लोकेशन अबू धाबी में एक रिहायशी मकान से जुड़े अलग हिस्से में मिली, जहां वह छिपकर रह रहा था. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई डिब्बों में रखे सोने के गहने मिले. इसके अलावा मामले से जुड़े इनवॉइस और जरूरी दस्तावेज भी बरामद किए गए. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह बाकी बचे गहने पहले ही बेच चुका है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि कुल कितने गहने बरामद हुए हैं और इस मामले में आरोपी के अलावा किसी दूसरे व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है या नहीं.
यह भी पढ़ें: कल्याणी गाने पर लड़की का एनर्जेटिक डांस हुआ वायरल, देसी अंदाज और किलर मूव्स ने जीत लिया सबका दिल
इस घटना के बाद अबू धाबी पुलिस ने ज्वेलरी कारोबारियों और दूसरे व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि किसी भी ग्राहक को महंगे सामान देने से पहले उसकी पहचान और दावों की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए. साथ ही, सिर्फ भविष्य में भुगतान करने के वादे या उधार के इनवॉइस पर कीमती सामान सौंपने से बचना चाहिए. कारोबारियों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित भुगतान के तरीके अपनाएं और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
यहां देखिए पोस्ट
#أخبارنا | #شرطة_أبوظبي تكشف ملابسات احتيال بمصوغات ذهبية قيمتها 14 مليون درهم وتضبط المتهم خلال ساعات من تلقي البلاغ
التفاصيل:
https://t.co/vu3Ry33F80 https://t.co/MQcPzOMwWh
— شرطة أبوظبي (@ADPoliceHQ) November 12, 2026




