विदेश की चमक-धमक के पीछे की असली कहानी, भारतीय महिला ने खोला अपनी कमाई और खर्चों का पूरा चिट्ठा

किसी नए देश में जाकर बसना जितना रोमांचक लगता है, वहां की महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों से तालमेल बिठाना उतना ही मुश्किल होता है. घर के किराये से लेकर राशन और बिजली-पानी के बिल तक, छोटे-छोटे खर्चे कब बड़ा बोझ बन जाते हैं, पता ही नहीं चलता. हाल ही में छह महीने पहले फिनलैंड शिफ्ट हुई एक भारतीय महिला ने सोशल मीडिया पर इस नॉर्डिक देश में रहने की असली आर्थिक तस्वीर पेश की है.
इंस्टाग्राम पर मधु नाम की इस महिला ने बताया कि वह और उनके पार्टनर हर महीने करीब 1,450 से 1,500 यूरो (लगभग 1.55 लाख रुपये) खर्च करते हैं. उन्होंने अपने पूरे महीने के बजट का ब्योरा देते हुए यह भी शेयर किया कि बीते छह महीनों में उनके खर्च करने के तरीकों में कितना बदलाव आया है.
फिनलैंड में रहने का असली खर्च कितना है?
मधु के मुताबिक, उनकी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा घर के किराये में जाता है. यह कपल रहने के लिए हर महीने 750 यूरो (करीब 78,000 रुपये) किराया देता है. इसके अलावा पानी, बिजली और मोबाइल फोन जैसे जरूरी बिलों पर करीब 115 यूरो (लगभग 12,000 रुपये) खर्च होते हैं. रोजाना आने-जाने के लिए बस पास पर वे लगभग 110 यूरो (11,400 रुपये) खर्च करते हैं, जबकि महीने भर के राशन का खर्च करीब 350 यूरो (36,400 रुपये) आता है. मधु ने साफ किया कि खाने-पीने का यह बजट इस बात पर निर्भर करता है कि वे कितनी बार बाहर खाना खाते हैं. इसके साथ ही ग्रूमिंग पर 70 यूरो (करीब 7,300 रुपये) और मनोरंजन व अन्य छोटे-मोटे खर्चों में लगभग 100 यूरो (करीब 10,400 रुपये) चले जाते हैं.
अपना अनुभव शेयर करते हुए मधु ने लिखा कि फिनलैंड में छह महीने बिताने के बाद अब उन्हें अपने मासिक खर्चों की एक साफ तस्वीर मिल गई है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हिसाब में फिनलैंड शिफ्ट होने के शुरुआती खर्चे, घर के लिए फर्नीचर खरीदना और सेटल होने से जुड़े बाकी खर्च शामिल नहीं हैं.
मधु ने बताया कि समय के साथ उनके खाने-पीने की आदतों में काफी सुधार आया है. शुरुआत में वे नए-नए स्वाद चखने के लिए अक्सर बाहर खाना खाते थे, लेकिन अब उन्हें घर का बना खाना ही ज्यादा पसंद आता है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनकी लाइफस्टाइल का सबसे बड़ा बदलाव यही है कि अब बाहर का खाना कम और घर की रसोई का खाना ज्यादा होता है. उनका मानना है कि अगर थोड़ा और अनुशासन रखा जाए, तो शायद वे 1,300 यूरो में भी गुजारा कर सकते हैं, लेकिन अचानक आने वाले छोटे-मोटे खर्चों पर काबू पाना थोड़ा मुश्किल होता है.
यह भी पढ़ें: नौकरी से निकाला तो खुश हो गया Qualcomm का इंजीनियर, 15 महीने तक नहीं रहेगी पैसों की कोई टेंशन
मधु की इस पोस्ट ने इंटरनेट पर फिनलैंड की महंगाई को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. कई यूजर्स को उनका यह बजट कुछ ज्यादा ही किफायती लग रहा है. एक यूजर ने हैरानी जताते हुए पूछा कि उनका किराया इतना कम कैसे है, क्योंकि यह काफी सस्ता लग रहा है. वहीं एक अन्य व्यक्ति ने सवाल किया कि 750 यूरो में घर का साइज क्या है और क्या वे राजधानी हेलसिंकी से बाहर रहते हैं? राशन के खर्च पर भी लोगों ने सवाल उठाए; एक यूजर ने लिखा कि वे भी दो लोग हैं, लेकिन उनका राशन का बिल करीब 600 यूरो आता है. इसके अलावा कुछ लोगों ने यह भी याद दिलाया कि इस लिस्ट में कार और घर का इंश्योरेंस, गाड़ी की मेंटेनेंस और कई अन्य जरूरी खर्चे तो शामिल ही नहीं किए गए हैं.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें
(@sindhiamongfinns) द्वारा साझा की गई पोस्ट



