Dil Ki Bewafaiyaann: 20 साल पहले एकता कपूर के ऑफिस के गार्ड को थमाई थीं तस्वीरें, अब उसी बैनर के शो में लीड हीरो बने गौरव खन्ना!

Dil Ki Bewafaiyaann: टेलीविजन के मशहूर एक्टर गौरव खन्ना जल्द ही डेली फिक्शन की दुनिया में धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. टीवी क्वीन एकता कपूर के नए रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘दिल की बेवफाइयां’ में गौरव मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे. पहली बार उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या के साथ जमेगी. दिलचस्प बात या है कि जहां एक तरफ यह शो शादी के 20 साल बाद के रिश्तों की कहानी बयां करता है, वहीं असल जिंदगी में भी ये प्रोजेक्ट गौरव खन्ना की 20 साल पुरानी एक याद से जुड़ा हुआ है, जब वे काम की तलाश में एकता कपूर के ऑफिस के बाहर खड़े थे.
एकता कपूर के साथ अपने पहले शो को लेकर एक्साइटेड नजर आने वाले गौरव खन्ना ने अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया. गौरव ने बताया, “मुझे याद है, 20 साल पहले मैं एकता के ऑफिस गया था और अपनी तस्वीरें वहां के गार्ड को देकर आया था. उस वक्त मेरे करियर की शुरुआत ही थी और मुझे उम्मीद थी कि ऑडिशन का मौका मिलेगा.
गार्ड ने कहा, ‘जरूरत होगी तो बुला लेंगे’
अब वक्त ने ऐसी करवट ली कि आज गौरव टीवी की दुनिया का एक बड़ा नाम बन चुके हैं. सालों बाद जब उन्होंने खुद एकता कपूर को ये वाकया सुनाया, तो एकता का जवाब दिल जीत लेने वाला था. गौरव के मुताबिक, “सालों बाद जब मैंने एकता को यह किस्सा सुनाया, तब उन्होंने कहा, ‘गौरव, तुम तो सुपरस्टार हो. जब चाहो आ सकते हो.’ उनकी बात सुनकर बहुत अच्छा लगा. जब पहली बार उनके ऑफिस गया था, तभी से उनके साथ काम करने की इच्छा थी. अब इतने साल बाद उनके साथ मेरा पहला शो ही मुझे डेली फिक्शन में वापस ला रहा है. मेरे लिए यह बहुत खास है.”
Instagram-এ এই পোস্টটি দেখুন
क्या है ‘दिल की बेवफाइयां’ की कहानी और गौरव के किरदार का राज?
इस शो में गौरव खन्ना ‘मानव’ के किरदार में हैं, जबकि श्रद्धा आर्या ‘जानकी’ बनी हैं. कहानी शादी के दो दशक यानी 20 साल पूरे कर चुके एक ऐसे कपल की है, जिनकी सोच और जीवन को देखने का नजरिया बिल्कुल अलग है. जहां जानकी को आज भी साथ बिताए छोटे-छोटे पलों में सुकून मिलता है और उसके लिए ‘जो है, वही काफी है’, वहीं मानव के दिल में एक अनकहा ‘काश’ छिपा है, जिसे वह शब्दों में बयां नहीं कर पाया है. अपने इस किरदार के बारे में बात करते हुए गौरव ने कहा कि एक उम्र के बाद इंसान ये पूछना बंद कर देता है कि जिंदगी में आगे क्या है, बल्कि वह वो सोचने लगता है कि जिंदगी ने चुपचाप उससे क्या छीन लिया. मानव के किरदार की यही उलझनें आज के दौर में बेहद सच्ची लगती हैं.
मानव अब तक का मेरा सबसे मुश्किल किरदार है
गौरव खन्ना ने बताया कि वे सिर्फ आम रोमांटिक हीरो की छवि में नहीं बंधना चाहते, बल्कि ऐसे रोल तलाशते हैं जिनमें कई परतें हों. उन्होंने कहा, “मेरी खुशकिस्मती है कि एकता मैम ने मुझे ऐसा रोल दिया. मानव अब तक का मेरा सबसे मुश्किल किरदार है. वो जितना सीधा-सादा दिखता है, उसके भीतर उतनी ही उलझनें हैं. उसकी कमजोरियां भी उसे बहुत असली बनाती हैं.”
गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या का ये सीरियल 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा.




