Prince William: प्रिंस विलियम करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के दफ्तर पहुंचे, सैफ-करीना ने किया वेलकम

Prince William Visits Dharma Productions Office: ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रिंस विलियम तीन दिनों के भारत दौरे पर आए हैं और बुधवार को मुंबई में उनके इस दौरे में बॉलीवुड का खास रंग देखने को मिला. प्रिंस ऑफ वेल्स ने मुंबई स्थित फिल्ममेकर करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस ‘धर्मा प्रोडक्शंस’ का दौरा किया. इस खास मौके पर करण जौहर के साथ बॉलीवुड के पावर कपल करीना कपूर खान और सैफ अली खान भी शाही मेहमान का वेलकम करने पहुंचे.
धर्मा प्रोडक्शंस के ऑफिस में प्रिंस विलियम का स्वागत बेहद खास और यादगार अंदाज में किया गया. डांसर्स की एक टीम ने करण जौहर की साल 2001 की आइकॉनिक फैमिली ड्रामा फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के सदाबहार गानों पर शानदार परफॉर्मेंस दी. स्वागत के दौरान ‘बोले चूड़ियां’ , ‘से शावा शावा’ और फिल्म के टाइटल ट्रैक की धुन गूंज उठी. फिल्म में ‘पूजा’ यानी ‘पू’ का यादगार किरदार निभाने वाली करीना कपूर खान के लिए भी अपने सबसे लोकप्रिय गानों पर इस तरह का शाही स्वागत देखना पुरानी यादों को ताजा करने वाला पल रहा.
VIDEO | Mumbai: Prince of Wales, William, visits Dharma Productions office. Filmmaker Karan Johar, actors Saif Ali Khan and Kareena Kapoor Khan welcome Prince William.
#PrinceWilliam #KaranJohar #DharmaProductions
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/YGz0UhlTlY
— Press Trust of India (@PTI_News) November 18, 2026
45 मिनट की मुलाकात में इंडियन और ब्रिटिश सिनेमा पर हुई चर्चा
प्रिंस विलियम ने धर्मा प्रोडक्शंस के दफ्तर में करीब 45 मिनट का समय बिताया. बॉलीवुड के इस रंगारंग स्वागत के अलावा, प्रिंस विलियम ने करण जौहर के साथ भारतीय सिनेमा के अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ते दबदबे पर भी विस्तार से बातचीत की. इस दौरान इस बात पर भी चर्चा हुई कि आने वाले समय में भारतीय और ब्रिटिश फिल्म इंडस्ट्री के बीच सहयोग को किस तरह और आगे बढ़ाया जा सकता है.
View this post on Instagram
अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स के ठीक एक दिन बाद हुई ये मुलाकात
ये मुलाकात 17 नवंबर को मुंबई में आयोजित 2026 अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स के ठीक एक दिन बाद हुई है. पर्यावरण की चुनौतियों का समाधान निकालने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित करने वाले इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड की शुरुआत खुद प्रिंस विलियम ने की है, और मुंबई में हुए इस समारोह को करण जौहर ने होस्ट किया था. तीन दिवसीय भारत यात्रा के तहत प्रिंस विलियम के मुंबई और दिल्ली में कई कार्यक्रम तय हैं, लेकिन धर्मा प्रोडक्शंस में हुई इस मुलाकात ने उनकी यात्रा में एक दिलचस्प फिल्मी अध्याय जोड़ दिया है.




