मनोरंजन

जब पहली बार बाइक पर सैफ के साथ बैठी थीं करीना, डर के मारे गड़ा दिए थे नाखून

करीना कपूर खान और सैफ अली खान बॉलीवुड के रॉयल कपल हैं. दोनों की जोड़ी और कैमेस्ट्री फैंस को काफी पसंद है. अभी हाल ही में करीना और सैफ कपिल शर्मा के शो में पहुंचे थे, जहां सैफ का मस्तीभरा अंदाज लोगों को खूब पसंद आया था. वहीं, इस दौरान एक्टर ने अपनी पत्नी करीना की कई अजीबो-गरीब आदतों के बारे में भी बताया था. वहीं सैफ अक्षय कुमार के साथ अमिताभ बच्चन के क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति का हिस्सा भी बने हैं.

सैफ करीना कपूर के साथ पहली बाइक राइड का एक मजेदार किस्सा शेयर किया. एक्टर ने बताया कि जब वह पहली बार करीना को बाइक पर घुमाने ले गए थे, तो वह काफी डर गई थीं. करीना हर थोड़ी देर में सैफ की पीठ पर अपने नाखून गड़ा देती थीं और उन्हें बाइक रोकने के लिए कहती थीं. सैफ ने यह भी बताया कि इस घटना के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि दोनों के बीच कुछ खास है.

करीना के साथ बाइक राइड पर क्या बोले सैफ?

अमिताभ बच्चन ने सैफ से करीना के साथ उनकी पहली बाइक राइड के बारे में सवाल किया. इसका जवाब देते हुए सैफ ने बताया कि शुरुआत में दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती थी. वे बस को-स्टार के तौर पर एक-दूसरे से शिष्टाचार के साथ बात करते थे. सैफ ने बताया कि किसी ने उन्हें सलाह दी थी कि वह करीना को बाइक राइड के लिए पूछें, क्योंकि उन्हें मोटरसाइकिल काफी पसंद थीं. सैफ ने बताया, “तब मैंने एक बाइक किराए पर ली थी. लद्दाख की सड़कें बहुत खूबसूरत हैं, इसलिए मैं हेडफोन लगाकर बाइक से शूटिंग लोकेशन पर जाता था. तभी किसी ने मुझसे कहा कि तुम करीना को बाइक राइड पर क्यों नहीं ले जाते? मैंने करीना से पूछा कि क्या वह मेरे साथ बाइक पर चलना चाहेंगी? इस पर उन्होंने कहा कि हां, उन्हें बाइक बहुत पसंद हैं और वह जरूर चलेंगी. इसके बाद मैंने उनसे कहा कि चलो चलते हैं.”

करीना को नहीं पसंद आई थी बाइक राइड

इसके बाद सैफ ने बताया कि जब वह करीना को बाइक पर घुमाने ले गए, तो हर दो सेकंड में वह उनकी पीठ पर नाखून गड़ा देती थीं और बाइक रोकने के लिए कहती थीं. वह बार-बार कहती थीं कि धीरे चलाओ, रोको, इतनी तेज मत चलाओ. कुछ देर बाद तो करीना ने यहां तक कह दिया कि उन्हें बाइक राइड बिल्कुल पसंद नहीं है.

इस पर सैफ ने उनसे पूछा कि अगर उन्हें बाइक राइड पसंद नहीं है, तो फिर वे बाइक पर बैठी ही क्यों हैं? सैफ ने बताया कि उस वक्त उनके मन में ख्याल आया कि शायद दोनों के बीच कुछ और भी चल रहा है. उन्हें लगा कि शायद वे एक-दूसरे को पसंद करने लगे हैं, लेकिन करीना को बाइक राइड पसंद नहीं आई थी.

कॉफी विद करण 9 में साथ नजर आएंगे सैफ-करीना

बता दें कि सैफ अली खान और करीना कपूर खान जल्द ही ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 में एक साथ नजर आने वाले हैं. दोनों की जोड़ी को शो में देखना फैंस के लिए काफी दिलचस्प होने वाला है.

Related Articles

Back to top button