MBA डिग्री के बाद GDS की नौकरी क्यों चुनी? चर्चा में गुजरात की देवांशी गोहेल

एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद युवाओं की पहली पसंद आमतौर पर बड़ी कंपनियों में नौकरी और मोटा पैकेज पाना होता है. हालांकि, गुजरात की देवांशी गोहेल ने इस सोच से अलग रास्ता चुना. मार्केटिंग में एमबीए करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट सेक्टर में नौकरी तलाशने के बजाय ग्रामीण डाक सेवक (GDS) बनने का फैसला किया. फिलहाल वह पिपलिया शाखा डाकघर में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) के पद पर काम कर रही हैं. देवांशी ग्रामीणों को बैंकिंग, बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद कर रही हैं. उनकी कहानी डाक विभाग ने सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसके बाद इस नौकरी और रोजगार के अवसरों को लेकर बहस शुरू हो गई है.
डाक विभाग ने सोशल मीडिया पर देवांशी की कहानी शेयर करते हुए बताया कि वह अपनी शिक्षा और मार्केटिंग की समझ का इस्तेमाल ग्रामीणों तक डाक सेवाएं पहुंचाने में कर रही हैं. वह गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनती हैं और उन्हें डाक विभाग की आधुनिक सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी देती हैं. देवांशी बुजुर्गों को घर पर ही आधार आधारित बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराती हैं. इससे उन्हें पैसे निकालने और जमा करने के लिए डाकघर तक नहीं जाना पड़ता. इसके अलावा वह बुजुर्गों को पेंशन दिलाने और पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) जैसी सुविधाओं से जोड़ने में भी मदद करती हैं.
घर-घर जाकर डिजिटल सेवाओं की देती हैं जानकारी
देवांशी का मानना है कि शाखा डाकपाल का काम केवल डाकघर तक सीमित नहीं होना चाहिए. उनका कहना है कि जब लोग पोस्ट ऑफिस नहीं पहुंच सकते तो डाकघर को उनके पास जाना चाहिए. इसी सोच के साथ वह घर-घर जाकर लोगों को डिजिटल बैंकिंग, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), सरकारी बचत योजनाओं और बीमा सेवाओं की जानकारी देती हैं. ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया है. इसके जरिए लोग अपनी समस्याएं पूछ सकते हैं और नई योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
MBA की पढ़ाई के बाद पिपलिया शाखा डाकघर की शाखा डाकपाल देवांशी गोहेल ग्रामीणों को डाक की आधुनिक सुविधाएँ देकर जनसेवा कर रही हैं।
वे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनती हैं और उन्हें भारतीय डाक की सेवाओं व योजनाओं की जानकारी देती हैं।
देवांशी जी बुजुर्गों को घर पर ही आधार आधारित बैंकिंग सुविधा देकर पैसों का लेन-देन आसान बना रही हैं।
वे बुजुर्गों को पेंशन दिलाने में मदद करने के साथ PLI जैसी बीमा सुविधाएँ भी उपलब्ध करा रही हैं।
बड़ी कंपनी में नौकरी करने के बजाय उन्होंने भारतीय डाक के माध्यम से जनसेवा का रास्ता चुना और ग्रामीणों की मदद में जुट गईं।
इनकी प्रेरणादायी कहानी राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के संकल्प को साकार करने की एक मिसाल है।
#IndiaPost #PublicService #DigitalIndia #FinancialInclusion #DakSewaJanSewa
@cpmggujarat @pmg_rajkot
— India Post (@IndiaPostOffice) November 22, 2026
ग्रामीणों का भरोसा जीतना थी सबसे बड़ी चुनौती
देवांशी के सामने शुरुआत में ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना आसान नहीं था. कई लोग ऑनलाइन प्रक्रियाओं को लेकर झिझकते थे. वहीं, महिलाएं वित्तीय मामलों में फैसले लेने से भी संकोच करती थीं. ऐसे में देवांशी ने लोगों से लगातार बातचीत की और उनकी समस्याओं का समाधान किया. धीरे-धीरे ग्रामीणों का भरोसा बढ़ा और वो डाक विभाग की सुविधाओं का इस्तेमाल करने लगे.
क्या है BPM की नौकरी और कितनी मिलती है सैलरी?
ग्रामीण डाक सेवक भर्ती के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) के पदों पर नियुक्ति की जाती है. इसके लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है. चयन 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होता है. इसमें लिखित परीक्षा और इंटरव्यू नहीं होता. इस पद पर करीब 5 घंटे काम करना होता है और शुरुआती मासिक वेतन लगभग 12,000 रुपये बताया गया है. हालांकि, BPM नियमित केंद्र सरकार के कर्मचारी नहीं माने जाते हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए रोजगार के सवाल
डाक विभाग ने देवांशी की कहानी को जनसेवा की मिसाल बताया है, लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस पर सवाल भी उठाए हैं. कुछ यूजर्स का कहना है कि एमबीए जैसी हायर एजुकेशन हासिल करने के बाद कम वेतन वाली नौकरी करना देश में रोजगार के अवसरों की स्थिति को दिखाता है. वहीं, कुछ लोगों ने GDS कर्मचारियों के वेतन, सुविधाओं और काम के दबाव पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि इस पद पर नियमित सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और वेतनमान नहीं मिलता. कुछ यूजर्स ने इसे बेरोजगारी और शिक्षा के अनुरूप नौकरी नहीं मिलने से भी जोड़ा है.




