नौकरी छोड़ अपना बॉस बनना चाहते हैं 85% भारतीय, Gen Z में दिख रहा सबसे ज्यादा क्रेज, सामने आई नई रिपोर्ट

आज के दौर में करियर को लेकर युवाओं की सोच तेजी से बदल रही है. एक समय ऐसा भी था, जब पैरेंट्स से लेकर युवाओं तक हर किसी का सपना होता था पढ़ाई और फिर एक बढ़िया पैकेज वाली नौकरी. लेकिन अब इस सोच में बड़ा बदलाव आ रहा है. खासकर Gen Z इस तरीके पर नहीं चलना चाहते हैं. देश का युवा अब किसी के अंडर काम करने की जगह पर खुद मालिक बनने की तैयारी में है. नौकरी की सुरक्षा छोड़कर अपना खुद का बिजनेस बनाने का नया क्रेज खासकर Gen Z में देखने को मिल रहा है. कमाल की बात यह है कि अपना बिजनेस खड़ा करने का क्रेज इस कदर बढ़ गया है कि भारत ने पूरी दुनिया को पीछे छोड़ दिया है. लिंक्डइन की नई रिपोर्ट ने यह दावा किया है.
Gen Z में अपना बिजनेस शुरू करने का क्रेज
LinkedIn की एक नई रिसर्च के अनुसार, इस सर्वे में शामिल 94% Gen Z और 90% मिलेनियल्स अपना बिजनेस शुरू करने की इच्छा रखते हैं. Gen Z के लगभग 70% लोगों का कहना है कि वे अगले तीन साल में अपना बिजनेस या साइड हसल शुरू करने की प्लानिंग कर रहे हैं. यानी देश का युवा अब सिर्फ नौकरी के भरोसे नहीं रहना चाहते, बल्कि कमाई के नए रास्ते भी खोज रहे हैं.
LinkedIn के प्लेटफॉर्म डेटा से भी इस बदलाव का पता चलता है. साल 2022 के मुकाबले अब 190% ज्यादा लोग अपनी प्रोफाइल में Founder का टाइटल ऐड कर दिए हैं. Gen Z के बीच यह बढ़ोतरी 383% के आस-पास की है. लेकिन प्लेटफॉर्म पर अभी सबसे ज्यादा फाउंडर्स मिलेनियल्स हैं जिनकी हिस्सेदारी 48% है.
सोशल मीडिया ने काम किया आसान
रिपोर्ट में बिजनेस शुरू करने के पीछे टेक्नोलॉजी की सबसे बड़ी भूमिका सामने आई है. इस सर्वे में शामिल 86% भारतीयों का मानना है कि आज से 5 साल पहले के मुकाबले आज बिजनेस शुरू करने के ज्यादा फायदे हैं. वहीं 74% लोगों ने माना कि सोशल मीडिया की सहायता से कस्टमर्स तक पहुंचना आसान हुआ है. इसके साथ ही 63% लोगों ने कहा कि अब बिजनेस से जुड़ी जानकारी हासिल करना भी पहले से ज्यादा आसान हो गया है.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI भी इस बदलाव में बड़ी भूमिका निभा रहा है. सर्वे में शामिल 10 में से 9 से ज्यादा छोटे बिजनेस फाउंडर्स AI का इस्तेमाल कर रहे हैं. AI और डिजिटल टूल्स की सहायता से लेने वाले 36% फाउंडर्स का कहना है कि अब वे ऐसे प्रोडक्ट और सर्विस भी दे पा रहे हैं, जिन्हें पहले शुरू करना उनके लिए मुश्किल था. वहीं 23% लोगों का मानना है कि AI नहीं होता तो उन्हें बिजनेस के लिए ज्यादा फंडिंग की जरूरत होती.
भारतीय अपना बिजनेस क्यों करना चाहते हैं?
रिसर्च में यह भी सामने आया कि 75% भारतीय छोटे बिजनेस मालिक कमाई के एक से ज्यादा जरिये चला रहे हैं. यानी नौकरी या एक कारोबार के साथ दूसरा काम करने का चलन भी तेजी से बढ़ा है. अपना बिजनेस शुरू करने के पीछे 56% लोगों ने खुद के तरीके से काम करने की आजादी को सबसे बड़ा कारण बताया है. 52% लोग ज्यादा कमाई की संभावना के चलते बिजनेस करना चाहते हैं. वहीं, 49% लोगों के लिए काम में ज्यादा कंट्रोल और छूट सबसे जरूरी है. इसके साथ ही 41% लोगों का मानना है कि बिजनेस के जरिए वे दूसरों के लिए नौकरी के मौके भी पैदा कर सकते हैं.
आपको बता दें कि इस रिसर्च को Censuswide ने अक्टूबर 2026 में किया था. इसमें भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के 12,000 लोगों को शामिल किया गया. इसके साथ ही 6,000 फाउंडर्स, बिजनेसमैन और छोटे कारोबारियों पर भी अलग से सर्वे किया गया.
ये भी पढे़ंः WhatsApp में आया कमाल का फीचर, अब 2 हफ्ते पहले ही शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज और फोटो-वीडियो, जानिए प्रोसेस
ये भी पढे़ंः Flipkart के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति छोड़ेंगे कंपनी, 11 साल बाद खत्म होगा सफर, अब कौन संभालेगा कमान?




