Varanasi: 1300 करोड़ी ‘वाराणसी’ में राजामौली देंगे सबसे बड़ा सरप्राइज! ‘राम’ बने महेश बाबू के लिए खास तैयारी

Varanasi: एस एस राजामौली की अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार हो रहा है. जिस फिल्म पर वो लंबे वक्त से काम कर रहे हैं, वो ‘वाराणसी’ है. इस पिक्चर को अप्रैल में रिलीज करने की तैयारी थी. पर अब इसे पोस्टपोन करने की खबरें चल रही हैं. रिलीज को लेकर चल रही इन चर्चाओं के बीच ‘वाराणसी’ से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है. इस फिल्म में महेश बाबू भगवान राम के अवतार में नजर आने वाले हैं. और यह लोगों के लिए फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज साबित हो सकता है.
हाल ही में 123 तेलुगु डॉट कॉम पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि, महेश बाबू इस फिल्म के सिर्फ एक हिस्से में ही भगवान राम के किरदार में दिखेंगे. लेकिन पूरी कहानी पर इस किरदार का असर काफी गहरा और अहम रहने वाला है. उनकी स्क्रीन प्रेजेंस हो या दूसरी कोई चीज… जिस तरह से राजामौली ने इस किरदार को तैयार किया है, वो फिल्म के सबसे मजबूत और यादगार हिस्सों में गिना जा रहा है.
‘वाराणसी’ में राजामौली देंगे सरप्राइज
कहा जा रहा है कि महेश बाबू का यह किरदार फिल्म का सबसे बड़ा हाइलाइट होगा. जिसे लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी एक्साइटमेंट बना हुआ है. चर्चा है कि राजामौली ने भगवान राम के इस किरदार को अभी चल रहे वक्त से जोड़ा है, जो किरदार महेश बाबू निभाएंगे. कहानी का यही जुड़ाव और इसे पेश करने का तरीका इस पूरे ट्रैक को और भी खास बनाता है. भले ही यह किरदार पूरे समय स्क्रीन पर नजर न आए. लेकिन इसका असर फिल्म की कहानी को गहराई दे सकता है.
जहां एक ओर रणबीर कपूर ‘रामायण’ के जरिए भगवान राम की अपनी झलक लोगों के सामने ला चुके हैं. वहीं दूसरी ओर राजामौली की ‘वाराणसी’ में महेश बाबू का यह अवतार एक अलग ही तरह का बज बना रहा है. दोनों एक्टर्स के अपने-अपने अंदाज की तुलना भी की जाएगी. लेकिन ‘वाराणसी’ का यह ट्रैक अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में दिख रहा है.



