अजब-गजब

कचरा फैलाने में हम व्यस्त और विदेशी मेहमान चमकाते रहे घाट, ऋषिकेश से सामने आया आईना दिखाने वाला वीडियो

ऋषिकेश की वादियां और मां गंगा की निर्मल धारा पूरी दुनिया के लोगों को अपनी तरफ खींचती है. लेकिन अक्सर हम ही अपने इन खूबसूरत टूरिस्ट स्पॉट्स और धार्मिक स्थलों की कदर करना भूल जाते हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर भारतीय को सोचने पर मजबूर कर दिया है. इस वीडियो में कुछ विदेशी महिलाएं ऋषिकेश के एक गंगा घाट पर बिखरे प्लास्टिक और कचरे को साफ करती नजर आ रही हैं. इस नजारे को देखकर एक तरफ तो इन विदेशी मेहमानों की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ हमारी अपनी लापरवाही और ‘सिविक सेंस’ पर एक बार फिर बड़ी बहस छिड़ गई है.

इंस्टाग्राम पर प्रसन्न कुमार नाम के एक यूजर ने यह वीडियो शेयर किया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ विदेशी महिलाएं हाथों में ग्लव्स पहने और काले रंग के बड़े गार्बेज बैग लिए घाट के किनारे-किनारे घूम रही हैं. वे बहुत ही सलीके से रेत और पत्थरों के बीच फंसी प्लास्टिक की बोतलें, पन्नियां और दूसरा कचरा उठाकर बैग में भर रही हैं. हैरानी की बात यह है कि उनके आसपास कई स्थानीय लोग और टूरिस्ट घूम रहे हैं, वहां खाने-पीने की छोटी दुकानें भी लगी हैं, लेकिन कचरा उठाने की जहमत सिर्फ ये विदेशी सैलानी ही उठा रही हैं.

सिस्टम नहीं, हमारी सोच पर सवाल है

इस पूरे नजारे को अपने कैमरे में कैद कर रहे भारतीय शख्स ने इस स्थिति पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है. वीडियो के बैकग्राउंड में उनकी आवाज सुनाई देती है, जिसमें वे कहते हैं, “आज ऋषिकेश में गंगा घाट पर आए तो देखा कि कुछ फॉरेनर्स यहां से वो पन्नियां और प्लास्टिक साफ कर रहे हैं, जो हम लोग यहां डालकर गंदगी फैलाते हैं.” उन्होंने आगे बेहद तल्ख लहजे में कहा कि यह कितनी अजीब बात है कि सात समंदर पार से लोग हमारे देश आ रहे हैं और हमारी धरोहर, हमारी नदियों को बचाने के लिए खुद मैदान में उतर रहे हैं, जबकि हम खुद गंगा किनारे आकर उसे गंदा कर रहे हैं.

यह कोई पहला मौका नहीं है जब ऋषिकेश या हरिद्वार जैसे पवित्र और मशहूर पर्यटन स्थलों पर गंदगी का मुद्दा उठा हो. सरकार और कई सामाजिक संस्थाएं समय-समय पर सफाई अभियान चलाती रहती हैं, लेकिन लोगों की आदत बदलने का नाम नहीं ले रही है. घाटों पर प्लास्टिक का कचरा, पुराने कपड़े और पूजा-पाठ की सामग्री फेंकना आम बात हो गई है, जिससे नदी के किनारे लगातार प्रदूषित हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें: जब शॉर्टकट के चक्कर में फंसे दो बाइक सवार, तीन लड़कियों ने बिना एक शब्द बोले कर दी बोलती बंद

इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि असली बात यह है कि ये विदेशी लोग दिखावे या रील बनाने के लिए ऐसा नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे सफाई को अपनी जिम्मेदारी समझते हैं. एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि इसी को सिविक सेंस कहते हैं भाई. वहीं एक शख्स ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि हमारे लोग इस बात की गंभीरता को कब समझेंगे? एक और कमेंट में लिखा गया कि इसे ही जिम्मेदारी कहते हैं, जिसकी हमारे देश में सबसे ज्यादा कमी है.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Prasann Kumar (@prasann_singh_6789) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button