रोमानियाई लड़की को क्यों भा रही है भारत की ये 7 बातें? इंडिया में रहकर बदल गई इस विदेशी की सोच

किसी दूसरे देश में जाकर बसना अक्सर हमारी रोजमर्रा की आदतों और परंपराओं को देखने का एक बिल्कुल नया नजरिया देता है. रोमानिया की रहने वाली मारिया अलेक्जेंड्रा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है. भारत में रहते हुए उन्होंने आम जिंदगी के कई ऐसे पहलुओं को करीब से जाना और सराहा, जिन पर शायद पहले उनका ध्यान नहीं गया था. यहां के लोगों का आपसी जुड़ाव, खाने के तरह-तरह के विकल्प, रोजमर्रा में दिखने वाली आध्यात्मिकता, चारों तरफ फैली रंगीनियत और चाय का क्रेज इन सबने उनके एक्सपीरियंस को बेहद खास बना दिया है.
इंस्टाग्राम पर डाली गई एक पोस्ट में अलेक्जेंड्रा ने भारत में रहने की ऐसी ही सात खास बातों का जिक्र किया है, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आईं. उन्होंने बताया कि कैसे यहां लोग अपने पड़ोसियों से जुड़े रहते हैं, कैसे प्यार जताने के लिए खाने का सहारा लिया जाता है और कैसे धीरे-धीरे यहां की छोटी-छोटी परंपराएं उनकी खुद की आदतों में शामिल हो गई हैं. सबसे पहले उन्होंने यहां की कम्युनिटी फीलिंग यानी आपसी जुड़ाव की बात की. यूरोप से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि वहां लोग अक्सर अपने में ही सिमटे रहते हैं और पड़ोसियों को ठीक से जानते तक नहीं हैं. इसके उलट भारत में माहौल बिल्कुल अलग है. उनके शब्दों में कहें तो यहां हमेशा कोई न कोई आसपास रहता है, हालचाल लेता है और मदद के लिए तैयार मिलता है.
अकेलेपन से भरे यूरोप के बाद भारत का अपनापन
दूसरी बात जो उन्हें खूब भाती है, वह है खाने के जरिए अपनापन दिखाने का तरीका. अलेक्जेंड्रा ने गौर किया कि किसी के घर पांच मिनट के लिए भी चले जाएं, तो वह भी एक मौके जैसा बन जाता है और मेहमानों के सामने खाने-पीने की कई चीजें रख दी जाती हैं. उन्होंने हंसते-हंसते यह भी जोड़ा कि यहां मना करना असल में कोई विकल्प होता ही नहीं है. भारतीय खाने की वैरायटी ने भी उनकी दिलचस्पी लगातार बनाए रखी है. उनका कहना है कि जब भी उन्हें लगता है कि अब तो उन्होंने लगभग सब कुछ चख लिया है, तभी कोई न कोई ऐसी नई डिश सामने आ जाती है जिसके बारे में उन्होंने कभी सुना ही नहीं होता. बेशक, इस सरप्राइज से उन्हें कोई शिकायत नहीं है.
रोज की जिंदगी में झलकती आध्यात्मिकता पर भी अलेक्जेंड्रा ने खुलकर बात की. सुबह-शाम की प्रार्थना, पूजा-पाठ, मंदिर और छोटे-छोटे रिवाज उन्हें यह देखकर अच्छा लगता है कि भारत में आध्यात्मिकता कितने सहज तरीके से लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बनी हुई है. चारों तरफ दिखने वाले रंग भी इस रोमानियाई महिला को खूब लुभाते हैं. कपड़े, चूड़ियां, फूल, त्योहार और सजावट इन सबको उन्होंने भारत की रंगीन पहचान का हिस्सा बताया. यूरोप की याद दिलाते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर वहां हर चीज बेज, ग्रे या काले रंग की ही क्यों होती है. चाय को लेकर भारत का प्यार भी उनके पसंदीदा एक्सपीरियंस में शामिल है. चाय पीने की रफ्तार का जिक्र करते हुए अलेक्जेंड्रा ने बताया कि सुबह हो, दोपहर हो, मेहमान आएं या दिन खराब चल रहा हो चाय हर मौके पर मौजूद रहती है. उन्होंने इस आदत को समेटते हुए कहा कि जब किसी का दिन भारी या मुश्किल गुजर रहा हो, तब तो चाय वाकई जरूरी हो जाती है.
उनकी लिस्ट की सातवीं चीज थी भारत में सफाई के लिए पानी का इस्तेमाल. अलेक्जेंड्रा का मानना है कि एक बार पानी से धोने की आदत पड़ जाए, तो सिर्फ टॉयलेट पेपर के भरोसे रहना पहले जैसा नहीं लगता. अपनी इस बात के आखिर में उन्होंने यूरोप से एक हल्की-फुल्की माफी भी मांगी.
यह भी पढ़ें: मां की इस झप्पी को सबसे ज्यादा मिस किया 3 साल बाद घर लौटी बेटी का ये सरप्राइज वीडियो जीत लेगा दिल
अलेक्जेंड्रा ये भी मानती हैं कि बाकी देशों की तरह भारत की भी अपनी चुनौतियां हैं. फिर भी, यहां रहने के अनुभव ने उन्हें उन छोटी-छोटी चीजों की कद्र करना सिखाया है, जिनके बारे में उन्होंने कभी गंभीरता से सोचा ही नहीं था. उनके मुताबिक, इनमें से कई रोजमर्रा की आदतें अब उनकी अपनी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




