अजब-गजब

बनारस के घाट पर नाविक ने खोले काशी के ऐसे राज, जिनके बारे में शायद ही जानते होंगे आप

बनारस का नाम आते ही सबसे पहले यहां के खूबसूरत घाट, संकरी गलियां, गंगा आरती और मंदिरों की तस्वीर आंखों के सामने आ जाती है. लेकिन काशी सिर्फ इतनी ही नहीं है. इस शहर की पहचान यहां की सदियों पुरानी परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और अनगिनत कहानियों से भी जुड़ी है. यही वजह है कि यहां आने वाले लोग हर बार कुछ नया जानकर लौटते हैं. हाल ही में एक नाविक का वीडियो चर्चा में है, जिसमें वह पर्यटकों को काशी और मणिकर्णिका घाट से जुड़ी कई दिलचस्प बातें बताता नजर आ रहा है.

नाव चलाते हुए नाविक बताता है कि ज्यादातर लोग इस शहर को काशी, बनारस और वाराणसी के नाम से जानते हैं, लेकिन धार्मिक मान्यताओं में इसके कई और नाम भी बताए गए हैं. इनमें मोक्षनगरी और आनंदवन का नाम खास है. नाविक के मुताबिक, काशी को मोक्षनगरी इसलिए कहा जाता है क्योंकि मान्यता है कि यहां मृत्यु होने पर इंसान को मोक्ष की प्राप्ति होती है.

इन 5 तरह के शवों का नहीं होता अंतिम संस्कार

इसके बाद वह मणिकर्णिका घाट की कहानी सुनाता है. घाट पर जलती चिताओं की ओर इशारा करते हुए वह बताता है कि इस जगह का संबंध भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़ी एक पौराणिक कथा से है. मान्यता के अनुसार, एक बार भगवान शिव और माता पार्वती यहां स्नान कर रहे थे. इसी दौरान माता पार्वती के कान का आभूषण और भगवान शिव की मणि यहां गिर गई. इसी घटना के कारण इस जगह का नाम मणिकर्णिका पड़ा.

नाविक आगे बताता है कि जब देवी-देवताओं ने इन चीजों को खोजने की कोशिश की, तो वे उन्हें नहीं ढूंढ पाए. इस घटना के बाद भगवान शिव ने क्रोध में एक श्राप दिया था. हालांकि, बाद में भगवान विष्णु ने कछुए का रूप धारण कर उन चीजों को खोजने में मदद की. कथा के अनुसार, इसके बाद भगवान शिव प्रसन्न हुए और उन्होंने काशी को ऐसा स्थान बताया, जहां मृत्यु के बाद मोक्ष मिलने की मान्यता है.

वीडियो में नाविक एक और परंपरा के बारे में बताता है. उसके अनुसार, मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर पांच तरह के मृत शरीरों को सामान्य तरीके से अग्नि नहीं दी जाती. इनमें गर्भवती महिलाएं, 10 साल से कम उम्र के बच्चे, साधु-संत, सांप के काटने से मरने वाले लोग और चेचक जैसी बीमारी से पीड़ित मृतक शामिल हैं.

नाविक का दावा है कि ऐसी स्थिति में शवों को नाव के जरिए गंगा के बीच ले जाकर पानी में प्रवाहित किया जाता था. वह यह भी समझाता है कि कुछ शवों के पानी में रहने के बाद ऊपर आने पर उनका रंग अलग दिखाई देता है. इसी वजह से कई लोग गलतफहमी में मान लेते हैं कि शवों का आधा अंतिम संस्कार किया गया है.

यह भी पढ़ें: दाल में लगा दिया 24 कैरेट सोने का तड़का! दुबई के इस शाही खाने को देखकर उड़ जाएंगे होश

इस वीडियो में नाविक जिस अंदाज में काशी की मान्यताओं और पुरानी कहानियों को समझाता है, उससे सोशल मीडिया पर लोग काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं. कुछ यूजर्स ने उसके ज्ञान और कहानी सुनाने के तरीके की तारीफ की है. वहीं, कई लोगों ने इन परंपराओं को आज के समय के हिसाब से देखने की बात कही है.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Mrinmoy Mondal (@mrinmoy_0508) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button