जब ‘शॉर्टकट’ के चक्कर में फंसे दो बाइक सवार, तीन लड़कियों ने बिना एक शब्द बोले कर दी बोलती बंद

शहरों की सड़कों पर ट्रैफिक जाम से बचना भला कौन नहीं चाहता? लेकिन इस जल्दीबाज़ी के चक्कर में कुछ लोग ये भी भूल जाते हैं कि नियम नाम की भी कोई चीज़ होती है. अक्सर आपने देखा होगा कि जैसे ही सड़क पर थोड़ा जाम लगता है, कुछ बाइक और स्कूटी सवार तुरंत अपनी गाड़ी फुटपाथ पर चढ़ा देते हैं. उन्हें लगता है कि फुटपाथ तो बस उनके ‘शॉर्टकट’ के लिए ही बना है. लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसे देखकर हर पैदल चलने वाले के चेहरे पर मुस्कान आ गई है.
इस वायरल क्लिप में तीन लड़कियों ने उन बाइक सवारों को बिना कुछ कहे ऐसा करारा सबक सिखाया है, जिसकी चर्चा अब पूरे इंटरनेट पर हो रही है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर शेयर किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पेड़-पौधों से घिरे एक शांत फुटपाथ पर तीन लड़कियां आराम से टहलती हुई जा रही हैं. तभी पीछे से दो बाइक सवार आते हैं. सड़क पर चलने के बजाय, ये दोनों अपनी बाइक सीधे फुटपाथ पर ले आते हैं. हद तो तब हो जाती है जब ये बाइक वाले पीछे से लगातार हॉर्न बजाने लगते हैं, मानो फुटपाथ उन्हीं की जागीर हो और लड़कियां उनका रास्ता रोक रही हों.
आखिर क्या है इस वायरल वीडियो में?
आमतौर पर ऐसे मौके पर लोग डरकर या झंझट से बचने के लिए किनारे हो जाते हैं. लेकिन इन तीनों लड़कियों ने जो किया, वह वाकई काबिले-तारीफ है. उन्होंने बाइक वालों के हॉर्न को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर दिया. वे न तो घबराईं, न पीछे मुड़कर बहस की और न ही एक इंच भी अपनी जगह से हिलीं. वे अपनी ही रफ्तार में मस्त होकर फुटपाथ पर चलती रहीं, जिससे मजबूरन बाइक वालों को उनके पीछे-पीछे रेंगना पड़ा.
इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, “इन तीन लड़कियों ने आज इन बाइकर्स को वो सबक सिखाया है, जिसकी इन्हें सख्त ज़रूरत थी!” देखते ही देखते यह क्लिप वायरल हो गई. कमेंट सेक्शन में लोगों ने इन लड़कियों की हिम्मत और समझदारी को सलाम किया है. यूजर्स का कहना है कि पैदल चलने वालों को आखिर कब तक इन लापरवाह वाहन चालकों के लिए अपनी जगह छोड़नी पड़ेगी?
यह भी पढ़ें: ई-कॉमर्स से रिटर्न हुए 550 बॉक्स खोले तो पैरों तले खिसक गई जमीन! व्यापारी के उड़े होश!
वैसे यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले अक्टूबर में जयपुर से भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था. वहां भी तीन लड़कों ने फुटपाथ पर बाइक चला रहे लोगों को रास्ता देने से साफ इनकार कर दिया था और आराम से चलते रहे थे. सच तो यह है कि फुटपाथ बुजुर्गों, बच्चों और आम लोगों के सुरक्षित चलने के लिए बनाए जाते हैं, न कि ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने या समय बचाने के लिए. जब तक गाड़ी चलाने वाले फुटपाथ को सड़क का हिस्सा समझना बंद नहीं करेंगे, तब तक आम इंसान का सड़क पर सुरक्षित चलना मुश्किल ही रहेगा. ऐसे में इन लड़कियों का यह कदम हर किसी के लिए एक मिसाल है कि अपने हक के लिए चुपचाप डटे रहना भी एक बड़ी जीत है.
यहां देखिए वीडियो
Three girls just gave these bikers a much-needed lesson!
https://t.co/vMzQoWKS7j
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) November 21, 2026

https://t.co/vMzQoWKS7j



