कभी टॉय प्लेन तो कभी ग्रीन स्क्रीन का जादू…अरबों के हवाई जहाज वाले एक्शन सीक्वेंस ऐसे होते हैं शूट

एक पल के लिए मान लीजिए कि आप थिएटर में हैं. आप कोई फिल्म देख रहे हैं. आपकी निगाहें स्क्रीन पर हैं. अचानक पर्दे पर आसमान का दृश्य आता है. जमीन से हजारों फीट की ऊंचाई पर हीरो प्लेन के अंदर एक्शन कर रहा. कभी वो हवाई जवाज के दरवाजे पर लटका दिखता है, तो कभी प्लेन के ऊपर जान की बाजी लगाता नजर आता है. अगले ही पल एक दूसरा सीन आता है, जहां हवा में दो फाइटर जेट्स एक-दूसरे पर मिसाइलें दागते हैं.
इस तरह के सीन को देखकर ऑडियंस की सांसें थम जाती हैं. लेकिन क्या हवा में एक्टर्स सच में जान की बाजी लगाते हैं? अगर किसी फिल्म में प्लेन क्रैश का सीन है? तो क्या सच में शूटिंग के लिए अरबों रुपये की कीमत के प्लेन को क्रैश करवाया जाता है? आखिर एरियल एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग कैसे की जाती है, जो दिखने में इतने असली लगते हैं. चलिए आपको प्लेन वाले एक्शन सीक्वेंसेस की हकीकत से रू-ब-रू करवाते हैं.
एरियल एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग कई तरह से होती है. सबसे पहला तरीका, जहां एक्टर्स खुद जान की बाजी लगाते हैं और जमीन से हजारों फीट की ऊंचाई पर असली प्लेन में स्टंट करते हैं. दूसरा है नकली प्लेन, ग्रीन स्क्रीन, गिम्बल रिग और विंड मशीन का इस्तेमाल करके स्टूडियो में शूटिंग. तीसरी तरीका है VFX और वर्चुअल प्रोडक्शन का, जहां तकनीक के सहारे असली दिखने वाले विजुअल्स तैयार किए जाते हैं. और चौथा तरीका है टॉय प्लेन का सहारा लेना. चलिए चारों तरीकों को उदाहरण के जरिए समझते हैं.
असली प्लेन, असली कलाकार और हवा में बाजीगरी?
जिस एरियल सीक्वेंस को एक्टर्स खुद परफॉर्म करते हैं, उसमें उनकी महीनों की ट्रेनिंग होती है. अपना एक्शन खुद परफॉर्म करने के मामले में हॉलीवुड एक्टर टॉम क्रूज का कोई तोड़ नहीं है. ‘मिशन इम्पॉसिबल: रोग नेशन’ में वो सच में एक उड़ते हुए प्लेन के दरवाजे पर लटके थे. सुरक्षा की खातिर वो मजबूत हार्नेस और सेफ्टी केबल से बंधे हुए थे, जिसे बाद में एडिटिंग के समय तकनीक का इस्तेमाल करके हटा दिया गया था. तेज हवा से अपनी आंखों को बचाने के लिए टॉम क्रूज ने स्क्लेरल कॉन्टैक्ट लेंस भी पहने थे.
साल 2000 में आई फिल्म ‘खिलाड़ी 420’ में भी अक्षय कुमार ने रियल प्लेन स्टंट परफॉर्म किया था. वो भी तब जब उस समय आज की तरह तकनीक ज्यादा एडवांस नहीं थी. वो हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक छोटे से जहाज पर खड़े थे और फिर उन्होंने प्लेन से एक हॉट एयर बलून पर जंप किया था. ये पूरा सीन बिना किसी ग्रीन स्क्रीन या बॉडी डबल के फिल्माया गया था. उस सीन में अक्षय को हारनेस से बांधा गया था.
हालांकि, खुद की जान को जोखिम में डालकर कम ही एक्टर इस तरह के स्टंट परफॉर्म करते हैं. कई बार स्टंटमैन ऐसे जोखिम भरे कारनामे को अंजाम देते हैं.साथ ही हर फिल्म के लिए असली जहाज को उड़ाना भी मुमकिन नहीं होता. इसलिए ज्यादातर स्टूडियो के अंदर शूटिंग की जाती है.
HRITHIK – DEEPIKA – ANIL KAPOOR: FIGHTER UNVEILS BTS VIDEO UNIT Team #Fighter – directed by #SiddharthAnand – unveils an interesting BTS video of #Fighter, offering a glimpse into years of preparation.
Witness the larger-than-life experience on the big screens on 25 Jan 2024.
#HrithikRoshan #DeepikaPadukone #AnilKapoor #KaranSinghGrover #AkshayOberoi #FighterMovie
— taran adarsh (@taran_adarsh) January 23, 2024
स्टूडियो में प्लेन का नकली मॉडल और मोशन सिमुलेटर
चलिए सबसे पहले बात करते हैं कि आखिर स्टूडियो के अंदर गिम्बल रिग के सहारे कैसे शूटिंग होती है. उदाहरण के लिए सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘योद्धा’ को लेते हैं. इसमें प्लेन हाईजैक और प्लेन के अंदर फाइट सीन भी दिखा गए थे. इसकी शूटिंग के लिए स्टूडियो के अंदर प्लेन का एक नकली मॉकअप (नकली सेट) तैयार किया गया था. उसे एक गिम्बल यानी एक हाइड्रोलिक मशीन (मोशन सिमुलेटर) पर रखा गया. बाद में जरूरत के अनुसार हाइड्रोलिक मशीन के सहारे ही नकली प्लेन को हिलाया या झुकाया गया. इससे सीन असली लगने लगा. प्लेन के अंदर लड़ रहे एक्टर्स भी गिरते दिखते हैं. ये शूटिंग ग्रीन स्क्रीन पर होती है, जहां बाद में ग्रीन स्क्रीन को असली विजुअल्स से रिप्लेस कर दिया जाता है.
स्टूडियो में एरियल एक्शन सीक्वेंस फिल्माने के लिए विंड मशीन का भी इस्तेमाल किया जाता है. जब कोई ऐसा सीन फिल्माना होता है, जिसमें कलाकार प्लेन के ऊपर या फिर दरवाजे से लटका हो, तो फिर ऐसे सीक्वेंस में हवा की तेज रफ्तार जैसा माहौल बनाने के लिए विंड मशीने चलाई जाती हैं. ऐसे में प्लेन के मॉडल से लटके एक्टर्स के बाल और कपड़े उड़ते हैं, हवा के कारण उसका बैलेंस बिगड़ता नजर आता है, जिससे ऐसा लगता है कि इस सीन को सच में कई हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ते प्लेन पर फिल्माया गया है, लेकिन न तो प्लेन असली होता है और न ही हवा.
नकली प्लेन के सहारे वर्चुअल प्रोडक्शन
जब स्टूडियो के अंदर प्लेन का सेट तैयार किया जाता है, तो प्लेन के बाहर आसमान जैसा नजारा दिखाने के लिए ग्रीन स्क्रीन का इस्तेमाल होता है. बाद में एडिटिंग के समय ग्राफिक्स के जरिए आसामान का सीन शामिल किया जाता है. हालांकि, अब इसमें भी बदलाव हुआ है और सेट पर डिजिटल स्क्रीन लगाई जाती है, जिसपर आसमान, सूरज रोशनी यानी पूरे आसमान का नजारा होता है. यानी कैमरे में ऐसा लगता है कि जैसे बिल्कुल असली आसमान पर शूटिंग हो रही है, लेकिन ऐसा नहीं होता है. बाद में VFX के सहारे उस सीन में फाइटर जेट्स, मिसाइल के धुएं जैसी और भी कई चीजें शामिल की जाती हैं और उस सीन को और भी बेहतर बनाया जाता है. इसमें भी प्लेन के मॉडल का इस्तेमाल होता है, लेकिन यहां प्लेन के साथ-साथ ग्रीन स्क्रीन की जगह LED वॉल लगाए जाते हैं, जिसमें पहले से लोकेशन का नजारा दिख रहा होता है.
क्या अरबों रुपये के प्लेन को क्रैश करवा दिया जाता है?
प्लेन में एक्शन होना और प्लेन को क्रैश कराना या उसे ब्लास्ट के जरिए उड़ा ही देना, दोनों सीक्वेंस में काफी अंतर होता है. एक्शन सीक्वेंस तो वीएफएक्स की मदद से असली प्लेन या नकली प्लेन यानी प्लेन के सेट से भी हो जाता है. पर प्लेन को क्रैश कराने या उसमें ब्लास्ट कराने के लिए मेकर्स एक अलग ही तरीका अपनाते हैं. इसमें मिनिएचर और स्केल मॉडल का इस्तेमाल होता है.
फास्ट एक्स का प्लेन क्रैश सीन
पुराने समय में और आज भी कई फिल्मों में प्लेन क्रैश, ब्लास्ट या खतरनाक स्टंट को दिखाने के लिए बिल्कुल असली दिखने वाले छोटे मॉडल (मिनिएचर) बनाए जाते हैं. इन्हें रिमोट कंट्रोल से उड़ाया जाता है या तारों के सहारे नियंत्रित किया जाता है. आज के समय में छोटे मॉडलों या ग्रीन स्क्रीन के साथ VFX और CGI का उपयोग करके उन्हें बड़ा और असली जैसा बना दिया जाता है.
अब अगली बार जब आप थिएटर में किसी फिल्म में प्लेन से जुड़ा कोई एक्शन सीक्वेंस देखेंगे तो शायद आप भी समझ जाएंगे कि सीन तैयार कैसे हुआ होगा. पर हमें इसके लिए शुक्रिया कहने की जरूरत नहीं.




