दिल्ली की बस्तियों में पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा, बच्चों और महिलाओं को मुफ्त मिलेगी कंप्यूटर ट्रेनिंग

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों और युवाओं को अब डिजिटल एजुकेशन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. दिल्ली में ऐसे लोगों तक कंप्यूटर और इंटरनेट की जानकारी पहुंचाने के लिए मोबाइल डिजिटल लर्निंग सेंटर शुरू किया गया है. इस पहल के तहत एक विशेष बस के जरिए बस्तियों में रहने वाले बच्चों, युवाओं और महिलाओं को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा. बस में कंप्यूटर और प्रोजेक्टर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. यहां डिजिटल साक्षरता के साथ साइबर सुरक्षा, वित्तीय जानकारी और लाइफ स्किल से जुड़ी ट्रेनिंग भी दी जाएगी. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है.
एस्पायर डिजिटल विलेजेस इंडिया ने दिल्ली में अपना दूसरा मोबाइल डिजिटल लर्निंग सेंटर शुरू किया है. राष्ट्रीय शिक्षा दिवस से पहले शुरू की गई इस पहल में इनफॉर्मी एजुकेशन भी सहयोग कर रहा है. इसके माध्यम से उत्तर-पश्चिम दिल्ली की बस्तियों में रहने वाले बच्चों, युवाओं और महिलाओं को मुफ्त डिजिटल ट्रेनिंग दी जाएगी. इस सेंटर को एक विशेष बस में तैयार किया गया है. इसमें डेस्कटॉप कंप्यूटर और प्रोजेक्टर की सुविधा उपलब्ध है. बस अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को डिजिटल शिक्षा देगी. इससे उन बच्चों को भी कंप्यूटर सीखने का अवसर मिलेगा जो आर्थिक परेशानी के कारण कंप्यूटर सेंटर नहीं जा पाते.
पांच क्षेत्रों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
मोबाइल डिजिटल लर्निंग सेंटर में पांच प्रमुख विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी. इनमें डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, लाइफ स्किल और प्रमाणित मूल्यांकन शामिल हैं. डिजिटल साक्षरता के तहत कंप्यूटर और इंटरनेट चलाना सिखाया जाएगा. साइबर सुरक्षा की ट्रेनिंग में ऑनलाइन धोखाधड़ी और इंटरनेट से जुड़े खतरों से बचने के तरीके बताए जाएंगे. वित्तीय साक्षरता के अंतर्गत डिजिटल पेमेंट और पैसों के लेन-देन की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा लाइफ स्किल और मूल्यांकन के जरिए प्रतिभागियों की क्षमताओं को विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा.
45 फीसदी स्टूडेंट्स के पास स्मार्टफोन और इंटरनेट नहीं
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में डिजिटल शिक्षा की कमी एक बड़ी चुनौती है. आंकड़ों के अनुसार, यहां 45 प्रतिशत स्कूल जाने वाले स्टूडेंट्स के पास स्मार्टफोन या स्थिर इंटरनेट कनेक्शन नहीं है. वहीं, क्षेत्र के 77 प्रतिशत युवाओं को पहले डिजिटल साक्षरता का एक्सपीरियंस नहीं था. ऐसे में बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल करने में परेशानी होती है.
एक साल में 800 से ज्यादा लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
संस्था का लक्ष्य अगले एक साल में दिल्ली के 800 से ज्यादा नए लाभार्थियों तक पहुंचना है. इससे पहले दिल्ली, पुणे और रायपुर में इस पहल के जरिए 804 लोगों को जोड़ा जा चुका है. संस्था का मानना है कि आज के समय में डिजिटल जानकारी एजुकेशन के साथ रोजगार पाने के लिए भी जरूरी है. ऐसे में मोबाइल सेंटर के जरिए उन लोगों तक तकनीक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है जो सुविधाओं की कमी के कारण इससे दूर हैं.




