Exclusive: सलमान, शाहिद अब आयुष्मान…चेहरे बदले पर नहीं बदला ‘प्रेम’ नाम, डायरेक्टर ने बताया 1977 की इस फिल्म से जुड़ा कनेक्शन

निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म ये प्रेम मोल लिया अब सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शक इसे थिएटर में खूब प्यार दे रहे हैं. फिल्म रिलीज होने से पहले हुई प्रमोशनल एक्टिविटीज के दौरान टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ की एक्सक्लूसिव बातचीत में जब हमने सूरज बड़जात्या से पूछा कि उनकी फिल्मों में प्रेम ही नाम क्यों रखा जाता है और इस नाम से उनका क्या कनेक्शन है, तो उन्होंने इसके पीछे की पूरी कहानी खुलकर बताई. दरअसल सूरज बड़जात्या के सिनेमा की एक खास पहचान यह रही है कि प्रेम नाम वही रहा, लेकिन इस किरदार को निभाने वाले कलाकार समय के साथ बदलते गए.
मैंने प्यार किया से शुरू हुआ यह सिलसिला आगे बढ़ा और सलमान खान के साथ प्रेम नाम का एक खास समीकरण बन गया. मैंने प्यार किया के बाद हम आपके हैं कौन..!, हम साथ-साथ हैं और प्रेम रतन धन पायो तक सलमान खान प्रेम के रूप में नजर आए. इसके बाद विवाह में शाहिद कपूर, तो मैं प्रेम की दीवानी हूं में ऋतिक रोशन-अभिषेक बच्चन प्रेम बने और अब ये प्रेम मोल लिया में आयुष्मान खुराना इस नाम के साथ जुड़े हैं. अलग-अलग दौर और अलग-अलग कलाकारों के बीच प्रेम से नाम का यह नाता कायम रहा है.
1977 की फिल्म से शुरू हुआ प्रेम का सफर
बातचीत के दौरान सूरज बड़जात्या ने बताया कि प्रेम नाम की शुरुआत मैंने प्यार किया के समय हुई थी. तब फिल्म के हीरो का नाम तय किया जा रहा था और उस वक्त राजश्री प्रोडक्शन की बड़ी हिट फिल्मों में 1977 में आई दुल्हन वही जो पिया मन भाए का जिक्र हुआ था और उस फिल्म में हीरो का नाम प्रेम था. सूरज बड़जात्या के मुताबिक, उस समय अमर या जगदीश जैसे नामों पर भी विचार हो रहा था, लेकिन चूंकि वह फिल्म बड़ी हिट हुई थी, इसलिए उन्होंने यह सोचकर प्रेम नाम रखा कि शायद इससे यह फिल्म भी हिट हो जाए. इसके बाद मैंने प्यार किया से यह नाम जुड़ गया और आगे बढ़ता चला गया.
प्रेम को टेम्पलेट की तरह पूछे जाने पर क्या बोले सूरज बड़जात्या
सूरज बड़जात्या ने यह भी कहा कि शुरुआत में उन्हें बिल्कुल कल्पना नहीं थी कि एक दिन उनसे इस तरह पूछा जाएगा, जैसे प्रेम कोई तयशुदा ढांचा या टेम्पलेट बन गया हो. उनके अनुसार ये नाम उस समय के फैसले के साथ आगे जुड़ा और चलता रहा. बातचीत में उन्होंने यह भी साफ किया कि समय के साथ सोच में बदलाव आता है और अगर कोई 10 साल पहले जैसा था और आज भी बिल्कुल वैसा ही है, तो इसका मतलब है कि वह बदला ही नहीं है. उन्होंने कहा कि अतीत को देखकर अगर असहजता या बदलाव का एहसास न हो, तो विकास नहीं हुआ माना जा सकता.
बदलते नजरिए के साथ किरदार भी बदले
सूरज बड़जात्या ने बताया कि पहले उनकी फिल्मों में हम आपके हैं कौन, हम साथ साथ हैं और विवाह तक किरदारों में वैसी खामियां नहीं दिखती थीं, लेकिन समय के साथ नजरिए में बदलाव आया और अब उनके किरदार ज्यादा वास्तविक और खामियों के साथ गढ़े गए हैं.




