अजब-गजब

बछड़े को लेकर भागी बाइक तो पीछे दौड़ी मां गाय, जानिए वायरल वीडियो की असली कहानी

दिल्ली के ओखला इलाके से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है. वीडियो में एक गाय सड़क पर तेजी से दौड़ती हुई एक मोटरसाइकिल का पीछा करती नजर आ रही है. बाइक पर उसका छोटा सा बछड़ा मौजूद था. यह नजारा देखकर कई लोग भावुक हो गए. कुछ लोगों ने बाइक सवारों की हरकत पर सवाल उठाए, तो कई यूजर्स ने इसे मां की ममता से जोड़ दिया.

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं. लोगों को लगा कि शायद कोई बछड़े को उसकी मां से दूर ले जा रहा है और इसी वजह से गाय बाइक के पीछे भाग रही है. वीडियो में गाय जिस तरह मोटरसाइकिल का लगातार पीछा करती दिख रही है, उसे देखकर लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे. मामला तेजी से चर्चा में आया तो दिल्ली पुलिस ने भी इसकी जांच शुरू कर दी.

बछड़े के मालिक ने पुलिस को क्या बताया?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बछड़े के मालिक ने एक लिखित बयान दिया है. मालिक ने बताया कि बछड़े की उम्र करीब तीन महीने है. वह अभी इतना छोटा है कि अपने पैरों पर ठीक से चल भी नहीं सकता. इसी वजह से उसे बाइक पर ले जाने का फैसला किया गया था.

मालिक के अनुसार, उनका बेटा बछड़े को मोटरसाइकिल पर लेकर घर जा रहा था. उसके साथ बछड़े की मां गाय भी थी. यानी मालिक का दावा है कि बछड़े को उसकी मां से अलग करने या कहीं दूसरी जगह ले जाने की बात नहीं थी, बल्कि दोनों को साथ लेकर घर पहुंचने की कोशिश की जा रही थी.

;

पुलिस ने बताया कि बछड़े के मालिक ने पुष्टि की है कि मां गाय और उसका बच्चा दोनों सुरक्षित हैं. शुरुआती पूछताछ में मालिक की तरफ से यही जानकारी दी गई है. हालांकि, पुलिस अभी केवल मालिक के बयान के आधार पर पूरे मामले को खत्म नहीं करना चाहती. वायरल वीडियो में जो कुछ दिखाई दे रहा है और मालिक ने जो कहानी बताई है, दोनों के बीच पूरी तरह से स्थिति साफ करने के लिए आगे की जांच की जा रही है.

CCTV फुटेज से पता चलेगी असली कहानी

दिल्ली पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है. इसका मकसद यह पता लगाना है कि उस दिन बाइक पर बछड़े को किस तरह ले जाया जा रहा था और गाय उसके पीछे क्यों दौड़ रही थी. कैमरों की मदद से घटना के दौरान हुई गतिविधियों को बेहतर तरीके से समझने की कोशिश की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पूरी जानकारी के किसी तरह की अफवाह न फैलाएं. सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर अपनी तरफ से कोई निष्कर्ष निकालना भी ठीक नहीं है.

यह भी पढ़ें: महिला को न दिखा ट्रैफिक, न लगा गाड़ियों का डर, महिला की हरकत देख सोशल मीडिया पर मचा बवाल

फिलहाल, इस पूरे मामले में बछड़े के मालिक ने अपनी तरफ से सफाई दी है और पुलिस उसकी बातों की जांच कर रही है. ऐसे में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी. फिलहाल इतना जरूर है कि एक मां गाय के अपने बछड़े के पीछे दौड़ने वाले इस वीडियो ने इंटरनेट पर लोगों को भावुक भी किया और कई सवाल भी खड़े कर दिए.

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button