अजब-गजब

क्या Blinkit जानता है आप कितनी जल्दी में हैं? ऐप पर लगे जासूसी के आरोपों से मचा बवाल…कंपनी ने दिया जवाब

एक शॉपिंग ऐप का काम आमतौर पर लोगों तक राशन और रोजमर्रा का सामान पहुंचाना होता है, लेकिन क्या वही ऐप आपके फोन की कई प्राइवेट इंफॉर्मेशन पर भी नजर रखता है? क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit को लेकर इन दिनों ऐसा ही सवाल उठ रहा है. एक कंटेंट क्रिएटर ने दावा किया है कि उसने ऐप के कोड की जांच की, जिसमें फोन से जुड़ी कई जानकारियां चेक किए जाने की बात सामने आई. इंस्टाग्राम पर ऐप्स की Procedure को आसान भाषा में समझाने वाली अनिका बेरी ने एक वीडियो शेयर किया.

इसमें उन्होंने बताया कि Blinkit के ऐप को रिवर्स इंजीनियरिंग के जरिए समझने पर उन्हें कई ऐसी चीजें मिलीं, जो आम यूजर्स शायद नहीं जानते. उनके मुताबिक, ऐप फोन में मौजूद दूसरे एप्लिकेशन, Wi-Fi नेटवर्क का नाम, लोकेशन, बैटरी और कुछ एक्सेसिबिलिटी सेटिंग्स की जानकारी चेक कर सकता है. अनिका का दावा है कि इन जानकारियों के जरिए किसी यूजर की उम्र, उसके घर में रहने वाले लोगों और ऑर्डर करने की जल्दबाजी तक का अंदाजा लगाया जा सकता है.

फोन में Instagram है या Zomato, Blinkit को सब पता?

उन्होंने कहा कि ऐप करीब 21 एप्लिकेशन को स्कैन करता है. इनमें Zomato, Instagram जैसे ऐप शामिल होने का दावा किया गया. उनके मुताबिक, दूसरे ऐप्स की मौजूदगी के आधार पर यूजर्स को अलग-अलग तरह के विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं. इसके अलावा अनिका ने फोन की फॉन्ट साइज, स्क्रीन जूम और स्क्रीन रीडर जैसी सेटिंग्स का भी जिक्र किया. उनका मानना है कि इनसे यूजर की उम्र और उसकी आदतों का अनुमान लगाया जा सकता है. उन्होंने यह भी दावा किया कि Blinkit एक ऐसी फाइल का बैकअप रखता है, जिससे नए फोन में बिना OTP डाले लॉगिन किया जा सकता है.

अनिका के वीडियो में Wi-Fi नेटवर्क के नाम यानी SSID को लेकर भी सवाल उठाए गए. उनका कहना था कि ऐप इस जानकारी को यूजर की लोकेशन से जोड़ सकता है. इससे एक ही घर में रहने वाले लोगों के अकाउंट की पहचान करना और उनके हिसाब से मार्केटिंग करना संभव हो सकता है. फोन की बैटरी को लेकर भी उन्होंने दावा किया कि Blinkit उसका स्तर चेक करता है. कम बैटरी होने पर ऐप यह अंदाजा लगा सकता है कि यूजर जल्दी में है और सामान चुनने में ज्यादा समय नहीं लगाना चाहता.

वीडियो सामने आने के बाद Blinkit की Android टीम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से जवाब दिया. कंपनी ने कहा कि वीडियो में बताई गई ज्यादातर चीजें मार्केटिंग या जासूसी के लिए नहीं, बल्कि ऐप को बेहतर और आसान बनाने के लिए इस्तेमाल होती हैं. टीम के मुताबिक, Zomato और District जैसे Eternal ग्रुप के ऐप्स की मौजूदगी इसलिए चेक की जाती है, ताकि ‘Login with Zomato’ जैसी सुविधाएं ठीक से काम कर सकें. वहीं WhatsApp के जरिए रेसिपी शेयर करने और उससे जुड़े सामान की कार्ट बनाने की सुविधा मिलती है. Instagram का इस्तेमाल सालभर की रिकैप स्टोरी पर शेयर करने के लिए किया जाता है.

फॉन्ट साइज और स्क्रीन रीडर जैसी सेटिंग्स को लेकर कंपनी ने कहा कि इनका मकसद दिव्यांग और अलग-अलग जरूरतों वाले यूजर्स के लिए ऐप को आसान बनाना है. Wi-Fi नेटवर्क के नाम की जानकारी को लेकर Blinkit ने सफाई दी कि इसका इस्तेमाल परफॉर्मेंस बेहतर करने के लिए होता है. कंपनी नेटवर्क के हिसाब से लोकेशन कैश करती है, ताकि अगली बार उसी Wi-Fi से ऐप खोलने पर GPS का इंतजार न करना पड़े.

यह भी पढ़ें: बछड़े को लेकर भागी बाइक तो पीछे दौड़ी मां गाय, जानिए वायरल वीडियो की असली कहानी

बैटरी और CPU की जानकारी भी इसलिए ली जाती है, ताकि कम क्षमता वाले फोन में गैरजरूरी एनिमेशन और दूसरे फीचर्स कम करके ऑर्डर करने की जरूरी प्रक्रिया को बेहतर रखा जा सके. कंपनी ने बताया कि वह पहले भी DroidCon India में एक प्रेजेंटेशन के दौरान Wi-Fi कैaching और डिवाइस ऑप्टिमाइजेशन जैसे फीचर्स के बारे में जानकारी दे चुकी है. वहीं, अनिका बेरी ने Blinkit के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी का धन्यवाद किया और अपना पक्ष रखने के लिए आभार जताया. फिलहाल इस पूरे मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि मोबाइल ऐप्स हमारी कौन-कौन सी जानकारियां लेते हैं और उनका इस्तेमाल किस तरह करते हैं.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Anika Beri (@berispills) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button